शतक भी नहीं बचा पाएगा विराट कोहली की लाज, ICC वनडे रैंकिंग में छिनकर रहेगा नंबर-1 का ताज; इस दिन होगा ऐलान
विराट कोहली से आईसीसी वनडे रैंकिंग में न्यूजीलैंड के डेरिल मिशेल ताज छीनने के लिए तैयार हैं। मिशेल ने राजकोट और इंदौर दोनों वनडे मैचों में शतक जड़े। वह भारत के खिलाफ सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी रहे।

विराट कोहली ने भले ही न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे और आखिरी वनडे में शतक जड़ा हो, मगर आईसीसी वनडे रैंकिंग में उनसे नंबर-1 का ताज छिनने वाला है। फिलहाल विराट कोहली आईसीसी वनडे रैंकिंग में पहले पायदान पर है। यह ताज उन्होंने वडोदरा में खेले गए पहले वनडे में 93 रनों की धमाकेदार पारी खेलने के बाद हासिल किया। कोहली दूसरे मैच में कुछ कमाल नहीं कर पाए थे, मगर इंदौर में हुए तीसरे वनडे में उन्होंने शतक जड़ते हुए 124 रनों की पारी खेली। हालांकि यह शतक भी उनके ताज की लाज नहीं रख पाएगा। आईए जानते हैं कौन विराट कोहली से आईसीसी वनडे रैंकिंग में नंबर-1 का ताज छीनेगा।
यह खिलाड़ी और कोई नहीं बल्कि न्यूजीलैंड के डेरिल मिशेल हैं। मिशेल आईसीसी वनडे रैंकिंग में विराट कोहली के बाद दूसरे पायदान पर हैं। कोहली और मिशेल की रेटिंग में भी ज्यादा अंतर नहीं है। विराट कोहली 785 रेटिंग्स के साथ पहले तो डेरिल मिशेल 784 रेटिंग्स के साथ दूसरे पायदान पर हैं।
इस रैंकिंग के जारी होने के बाद डेरिल मिशेल दो शतक जड़ चुके हैं। राजकोट में उन्होंने टीम इंडिया के खिलाफ 131 रनों की नाबाद पारी खेली, वहीं अब इंदौर वनडे में उन्होंने 137 रन बनाए। यह दो शतक डेरिल मिशेल को आईसीसी वनडे रैंकिंग में पहले स्थान का दावेदार बनाता है।
रोहित शर्मा भी आईसीसी वनडे रैंकिंग में तीसरे पायदान पर हैं। इस सीरीज में उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा, ऐसे में उन्हें नुकसान उठाना पड़ सकता है। आईसीसी की ताजा वनडे रैंकिंग अब बुधवार 21 जनवरी को दोपहर 1.30 बजे जारी होगी। तब डेरिल मिशेल विराट कोहली को पछाड़ आईसीसी वनडे रैंकिंग में पहला स्थान हासिल करेंगे।
डेरिल मिशेल के लिए भारत के खिलाफ यह वनडे सीरीज किसी सपने के सच होने जैसी रही है। उन्होंने तीन मैच की इस सीरीज में दो शतक और एक अर्धशतकीय पारी खेली। पूरी सीरीज के दौरान उन्होंने सर्वाधिक 352 रन बनाए। उन्हें इस कमाल के प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द सीरीज के अवॉर्ड से भी नवाजा गया।
लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ें


