Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़cricket world mourns the death of ex cricketer dilip doshi who says what
मैदान में महान खिलाड़ी, मैदान से बाहर सज्जन व्यक्ति…दिलीप दोशी के निधन पर किसने क्या कहा?

मैदान में महान खिलाड़ी, मैदान से बाहर सज्जन व्यक्ति…दिलीप दोशी के निधन पर किसने क्या कहा?

संक्षेप:

भारत के पूर्व स्पिनर दिलीप दोशी का सोमवार को 77 वर्ष की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। दिग्गज पूर्व क्रिकेटर की मौत से क्रिकेट जगत शोक में डूबा है। सचिन समेत तमाम हस्तियों ने अपनी शोक-संवेदना जताई है।

Jun 24, 2025 03:09 pm ISTChandra Prakash Pandey नई दिल्ली, भाषा
share Share
Follow Us on

सचिन तेंदुलकर सहित भारतीय क्रिकेट समुदाय ने बाएं हाथ के पूर्व स्पिनर दिलीप दोशी को भावभीनी श्रद्धांजलि दी है। दोशी का सोमवार को लंदन में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। वह 77 साल के थे।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

तेंदुलकर ने 1990 के इंग्लैंड दौरे में दोशी के साथ अपनी पहली मुलाकात को याद किया।

तेंदुलकर ने एक्स पर लिखा, ‘‘मैं दिलीप भाई से पहली बार 1990 में ब्रिटेन में मिला था और उस दौरे पर उन्होंने मुझे नेट्स पर गेंदबाजी की थी। वह मुझसे बहुत प्यार करते थे और मैंने भी उनकी भावनाओं का सम्मान किया। मुझे उनकी बहुत याद आएगी। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।’’

दोशी के साथ खेल चुके पूर्व भारतीय ऑलराउंडर और मुख्य कोच रवि शास्त्री ने उन्हें ‘‘बेदाग, एक सज्जन व्यक्ति और बेहतरीन गेंदबाज’’ के रूप में याद किया।

शास्त्री ने कहा, ‘‘उनके परिवार के प्रति हार्दिक संवेदना। उनकी आत्मा को शांति मिले। दिलीप दोशी के निधन के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ।‘‘

भारत के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज फारुख इंजीनियर ने भी अपने प्यारे दोस्त के निधन पर शोक व्यक्त किया।

इंजीनियर ने पीटीआई से कहा, ‘‘जब मैंने उनके निधन के बारे में सुना तो मुझे यकीन ही नहीं हुआ। वह मेरे बहुत अच्छे दोस्त थे। जब वह पहली बार इंग्लैंड आए तो कुछ समय के लिए मेरे साथ रुके थे। यह बहुत दुखद खबर है। कालिंदी (दोशी की पत्नी) और उनके परिवार के प्रति हार्दिक संवेदनाएं। मेरे प्यारे दोस्त की आत्मा को शांति मिले।’’

बिशन सिंह बेदी के संन्यास लेने के बाद 1979 में दोशी ने टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया और 1983 तक कुल 33 मैच खेले और 114 विकेट हासिल किये।

पूर्व भारतीय क्रिकेटर और चयनकर्ता सुनील जोशी ने ट्वीट किया, ‘‘अब भी यकीन नहीं हो रहा है। हमने पिछले बुधवार को ही बात की थी और वह ठीक लग रहे थे। दिलीप दोशी सर के निधन से दिल टूट गया है। वह मैदान पर महान खिलाड़ी और मैदान के बाहर सच्चे सज्जन व्यक्ति थे। वह मेरे लिए बहुत मायने रखते थे और यह क्षति बेहद निजी है। दोशी परिवार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं।’’

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने इस दिग्गज खिलाड़ी को श्रद्धांजलि दी।

बीसीसीआई अध्यक्ष रोजर बिन्नी ने बयान में कहा, ‘‘दिलीप दोशी के निधन की खबर सुनकर गहरा दुख हुआ है। वह स्पिन गेंदबाजी के सच्चे कलाकार थे। वह मैदान के अंदर और बाहर एक सज्जन व्यक्ति और भारतीय क्रिकेट के समर्पित सेवक थे। भारतीय क्रिकेट में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।’’

बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा, ‘‘दिलीप दोशी बेहतरीन क्रिकेटर और बहुत अच्छे इंसान थे। खेल के प्रति उनका जुनून उनकी हर गेंद में स्पष्ट नजर आता था। उनका व्यवहार शांत और प्रतिस्पर्धात्मक भावना वाला था।’’

ये भी पढ़ें:दिलीप दोशी के निधन पर सचिन का भावुक पोस्ट; सदमे में खेल जगत
ये भी पढ़ें:नहीं रहे दिलीप दोशी, पूर्व भारतीय स्पिनर को आया कार्डियक अरेस्ट

पूर्व भारतीय कप्तान अनिल कुंबले ने कहा, ‘‘दिलीप भाई के निधन के बारे में सुनकर दिल टूट गया। भगवान उनके परिवार और दोस्तों को इस दुख को सहने की शक्ति दे। नयन (दोशी के पुत्र) तुम्हारे बारे में सोच रहा हूं दोस्त।’’

पूर्व भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज पार्थिव पटेल ने लिखा, ‘‘दिल टूट गया है और मैं अब भी दिलीप अंकल के निधन से सदमे में हूं। वह वाकई बहुत खास थे।’’

पूर्व क्रिकेटर मनोज तिवारी ने कहा,‘‘यह बड़ा सदमा है। भारत के दिग्गज क्रिकेटर दिलीप दोशी का 77 साल की उम्र में लंदन में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। भगवान उनके परिवार और करीबी लोगों को इस दुख से उबरने की शक्ति दे। उनकी आत्मा को शांति मिले।’’

पूर्व क्रिकेटर प्रज्ञान ओझा और हरभजन सिंह ने भी दोशी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

ओझा ने कहा, ‘‘दिलीप दोशी सर के निधन की खबर सुनकर दुख हुआ। उन्होंने भारतीय क्रिकेट की सेवा गरिमा और धैर्य के साथ की। उनके परिवार और दोस्तों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। उनकी आत्मा को शांति मिले।’’

हरभजन ने लिखा, ‘‘दिलीप दोशी सर की आत्मा को शांति मिले। परिवार के प्रति संवेदना।’’

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय टीवी पत्रकारिता से शुरुआत। न्यूज24, हमार टीवी, श्री न्यूज, फोकस न्यूज और न्यूज वर्ल्ड इंडिया में अलग-अलग भूमिकाओं के बाद 2016 में नवभारत टाइम्स.कॉम के साथ डिजिटल पारी का आगाज। देश, दुनिया, राजनीति, खेल, अदालत, अपराध से जुड़ीं खबरों पर लेखन। एनबीटी में करीब 9 साल की शानदार पारी के बाद मार्च 2025 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा और स्पोर्ट्स डेस्क इंचार्ज। मूल रूप से यूपी के देवरिया के निवासी। सीखने और समझने के सतत क्रम में भरोसा। और पढ़ें
लेटेस्ट क्रिकेट न्यूज, Cricket Live score, Asia Cup Schedule, Asia cup Points Table वाले खिलाड़ियों की जानकारी हिंदी में हिंदुस्तान पर |