149 पर आउट हुए कूपर कोनोली का बदकिस्मतों की लिस्ट में जुड़ा नाम, एक से एक बड़े दिग्गज शामिल
कूपर कोनोली बांग्लादेश के खिलाफ तीसरे वनडे में 149 रन पर आउट हुए। इसी के साथ उनका नाम बदकिस्मत खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल हो गया है। वह 149 रन पर आउट होने वाले वनडे क्रिकेट के इतिहास के 5वें खिलाड़ी बन गए हैं।

ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश को आखिरी वनडे में 1 विकेट से हराकर नाक कटने से बचाई। तीन मैच की सीरीज पहले ही 0-2 से गंवा चुकी ऑस्ट्रेलियाई टीम तीसरे वनडे में साख की लड़ाई लड़ने मैदान पर उतरी थी। ऑस्ट्रेलिया से मिले 275 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया को कूपर कोनोली ने तगड़ी शुरुआत दी थी। दूसरे छोर से विकेट गिर रहे थे, मगर कोनोली अपना काम करने में लगे हुए थे। एक समय ऐसा था जब ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 266 पर 5 था। जीत से ऑस्ट्रेलिया मात्र 9 रन दूर थी, मगर तब अचानक उनके चार विकेट गिर गए जिसमें कूपर कोनोली का नाम भी था। जब कोनोली आउट हुए तो ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 9 विकेट के नुकसान पर 271 रन था, आखिरी विकेट ने 4 रन बनाकर ऑस्ट्रेलिया को गिरते पड़ते जीत दिलाई। कूपर कोनोली 149 के निजी स्कोर पर आउट हुए।
कूपर कोनोली बदकिस्मतों के लिस्ट में शामिल
ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज कूपर कोनोली 149 रन पर आउट होने वाले वनडे क्रिकेट के इतिहास के मात्र 5वें खिलाड़ी और तीसरे ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज बने हैं। जी हां, इस लिस्ट में सबसे पहला नाम वेस्टइंडीज के दिग्गज विव रिचर्ड्स का जुड़ा था। इसके बाद एडम गिलक्रिस्ट, एबी डी विलियर्स और स्टीव स्मिथ शामिल हुए थे। अब बांग्लादेश के खिलाफ 149 रन पर आउट होकर कोनोली भी इस बदकिस्मत खिलाड़ियों की लिस्ट का हिस्सा बन गए हैं।
वनडे इतिहास में 149 रन पर आउट होने वाले बैट्समैन
विव रिचर्ड्स
एडम गिलक्रिस्ट
एबी डी विलियर्स
स्टीव स्मिथ
कूपर कॉनॉली*
कैसा रहा BAN vs AUS मैच?
सलामी बल्लेबाज कूपर कोनोली के पहले शतक से ऑस्ट्रेलियाई टीम बांग्लादेश के तेज गेंदबाज शोरिफुल इस्लाम के छह विकेट झटकने के बावजूद तीसरे वनडे में एक विकेट से जीत हासिल करने में सफल रही और क्लीन स्वीप होने से बच गई। मेजबान बांग्लादेश ने पहला मैच 86 रन से और दूसरा मैच पांच विकेट से जीतकर (दोनों डकवर्थ लुईस पद्धति से) ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपनी पहली वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम की।
ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 275 रन का लक्ष्य मिला। कोनोली ने 134 गेंदों पर 13 चौके और छह छक्के से 149 रन बनाए जिससे ऑस्ट्रेलिया आसानी से जीत की ओर बढ़ता दिख रहा था।
कोनोली ने 45वें ओवर में तेज गेंदबाज तास्किन अहमद पर लगातार तीन छक्के जड़े जिससे इस ओवर में उन्होंने 21 रन बनाए। फिर टीम को 30 गेंदों पर जीत के लिए सिर्फ नौ रन की जरूरत थी।
शोरिफुल अपने आखिरी स्पेल के लिए लौटे और दो ओवर में तीन विकेट लेकर करियर का सर्वश्रेष्ठ 48 रन देकर छह विकेट का प्रदर्शन हासिल किया। इससे बांग्लादेश को जीत की उम्मीद जगी।
कप्तान जोश इंग्लिस ने 12 गेंदों पर 21 रन बनाकर टीम को अच्छी शुरुआत दी थी। शोरिफुल ने लगातार गेंदों पर इंग्लिस और मैट रेनशॉ को आउट किया, लेकिन इसके बाद कोनोली ने तीन बार 60 से ज्यादा रन की भागीदारी करके जीत की नींव रखी।
उन्होंने मार्नस लाबुशेन (29) के साथ 64, कैमरन ग्रीन (27) के साथ 68 और ओलिवर पीक (27) के साथ 64 रन जोड़े और टीम को जीत के करीब पहुंचाया।
इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने पांच रन पर चार विकेट गंवा दिए, लेकिन एडम जम्पा ने एक बाउंड्री लगाकर जीत पक्की कर दी।
इससे पहले बांग्लादेश ने तौहीद हृदय, लिटन दास और मोसादेक हुसैन की के अर्धशतकों की मदद से पांच विकेट पर 274 रन का स्कोर बनाया।
लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ें


