
Women's World Cup 2025 में ऑस्ट्रेलिया का दबदबा, हर मोर्चे पर सबसे आगे है टीम और खिलाड़ी
ICC Women's Cricket World Cup 2025 में ऑस्ट्रेलिया का दबदबा देखने को मिल रहा है। सबसे ज्यादा खिताब जीतने वाली ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम इस बार भी हर मोर्चे पर सबसे आगे है। चाहे बात टीम की हो या खिलाड़ियों की।
ICC Women's Cricket World Cup 2025 भारत और श्रीलंका में खेला जा रहा है, लेकिन इस टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलियाई टीम और टीम के खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिल रहा है। सबसे ज्यादा वर्ल्ड कप जीतने वाले देश की महिलाओं ने कमाल का प्रदर्शन अब तक किया है। वुमेंस वर्ल्ड कप 2025 में ऑस्ट्रेलिया की टीम पॉइंट्स टेबल में सबसे ऊपर है। इसके अलावा कई मोर्चों पर ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने अपना वर्चस्व दिखाया है। फिर चाहे बात बल्लेबाजी की हो या गेंदबाजी की।

दरअसल, ऑस्ट्रेलिया की टीम ने 5 में से 4 मैच जीतकर और एक मैच के रद्द होने के साथ 9 अंक हासिल कर लिए हैं और टीम सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर चुकी है। अभी 2 मुकाबले लीग फेज के ऑस्ट्रेलिया के बाकी हैं, लेकिन सेमीफाइनल का स्पॉट कंगारू टीम ने हासिल कर लिया है। इसके अलावा सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की बात करें तो यहां भी ऑस्ट्रेलिया का दबदबा है। कप्तान एलिसा हीली सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बन चुकी हैं।
एलीसा हीली 4 पारियों में 294 रन बना चुकी हैं। टूर्नामेंट में सबसे बड़ा स्कोर भी ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज और कप्तान एलिसा हीली के नाम है, जिन्होंने 142 रन बनाए हैं। सबसे ज्यादा शतक भी एलिसा हीली ने जड़े हैं। वे 2 शतक चार पारियों में जड़ चुकी हैं। 5 और बल्लेबाजों ने एक-एक शतक जड़ा है। सबसे ज्यादा चौके जड़ने के मामले में भी एलिसा हीली नंबर वन हैं।
इसके अलावा गेंदबाजी की बात करें तो इस महिला विश्व कप में सबसे ज्यादा विकेट एनाबेल सदरलैंड के नाम हैं, जिन्होंने 12 विकेट निकाले हैं। कोई अन्य गेंदबाज 10 विकेट भी नहीं निकाल पाया है। एनाबेल सदरलैंड ही एकमात्र गेंदबाज हैं, जिन्होंने एक पारी में 5 विकेट इस टूर्नामेंट में निकाले हैं। इस तरह कहा जा सकता है कि ऑस्ट्रेलिया का पूरा दबदबा इस बार भी विश्व कप में देखने को मिल रहा है।




