CoE में 18 महीने से खाली पड़ा ये पद, वीवीएस लक्ष्मण ने बताया कौन-सी शर्त बन रही रोड़ा?
बीसीसीआई का सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) बेंगलुरु में स्थिति है। 18 महीने से यहां खेल चिकित्सा प्रमुख का पद खाली पड़ा है। सीओई प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण ने बताया कि पद को भरने में कौन-सी शर्त रोड़ा बन रही?

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के 'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस' (सीओई) के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण ने कहा कि सीओई में खेल विज्ञान एवं चिकित्सा प्रमुख पद के लिए उपयुक्त उम्मीदवार की तलाश अब भी जारी है। हालांकि, नितिन पटेल ने लगभग 18 महीने पहले यह पद छोड़ दिया था। इस बीच सीनियर फिजियोथेरेपिस्ट धनंजय कौशिक सीओई में इस पद का काम संभाल रहे हैं। पटेल के स्थान पर नए प्रमुख की नियुक्ति में इतनी लंबी देरी चौंकाने वाली है, खासकर ऐसे समय में जब भारतीय क्रिकेटरों के बीच चोटों के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। लेकिन लक्ष्मण ने स्पष्ट किया कि यह देरी बीसीसीआई की उदासीनता के कारण नहीं है।
'नितिन पटेल के जाने के बाद हमें...'
लक्ष्मण ने रविवार को कहा, ''हम चार अलग-अलग विभागों (वर्टिकल्स) में काम करते हैं। नितिन के जाने के बाद हमें ऐसा कोई व्यक्ति नहीं मिला जो इस पद को संभाल सके। हमारे पास एंड्रयू लीपस थे और लगभग सब कुछ तय हो गया था। यहां तक कि (बीसीसीआई सचिव) देवजीत सैकिया ने उनसे दो-तीन बैठकें भी की थीं, लेकिन अचानक एंड्रयू ने पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए पीछे हटने का फैसला किया।'' लक्ष्मण ने बताया कि इस पद के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के लिए बेंगलुरु में स्थानांतरित होना अनिवार्य शर्त थी क्योंकि सीओई वहीं स्थित है।
'हमारी यह एक महत्वपूर्ण शर्त'
उन्होंने कहा, ''हमने पूरी चयन प्रक्रिया के तहत इंटरव्यू आयोजित किए जिसमें डॉ. दिनशॉ परदीवाला, डॉ. आशीष सोनी, डॉ. रोहन खावते और मैं शामिल थे। हमने पांच उम्मीदवारों की छंटनी की थी और हमारी पहली पसंद एक ऑस्ट्रेलियाई विशेषज्ञ थे। लेकिन चयन के बाद उन्होंने भी यह कहते हुए मना कर दिया कि वे बेंगलुरु स्थानांतरित नहीं हो सकते जबकि यह एक महत्वपूर्ण शर्त थी।'' उन्होंने कहा, ''यह पूर्णकालिक जिम्मेदारी है, 'पार्ट-टाइम' नहीं। इसमें रोजाना खिलाड़ियों की निगरानी करनी होती है। इसके बाद हमने न्यूजीलैंड के रग्बी टीम के खेल विज्ञान प्रमुख से भी बातचीत की। उन्होंने लगभग सहमति दे दी थी लेकिन अंतिम समय में उन्होंने भी मना कर दिया।‘’
'हमें ऐसा व्यक्ति चाहिए जो योग्य...'
51 वर्षीय लक्ष्मण ने कहा कि मौजूदा स्टाफ ने इस दौरान बेहतरीन तरीके से जिम्मेदारी निभाई है। उन्होंने कहा, ''इस पद को भरने के लिए केवल बड़े नाम की नहीं बल्कि भारतीय क्रिकेटरों की समझ और विशेषज्ञता रखने वाले व्यक्ति की जरूरत है। लेकिन टीम के मौजूदा पेशेवरों को इसका पूरा श्रेय जाता है क्योंकि उन्होंने शानदार ढंग से जिम्मेदारी संभाली है।'' लक्ष्मण ने भरोसा जताया कि यह पद जल्द ही भर लिया जाएगा। उन्होंने कहा, ''हम लगातार तलाश कर रहे हैं। हमें ऐसा व्यक्ति चाहिए जो योग्य और सक्षम हो। हमें पूरा विश्वास है कि जल्द ही उपयुक्त उम्मीदवार की पहचान कर इस पद पर नियुक्ति कर दी जाएगी।''



