चंद्र ग्रहण से टीम इंडिया की सेमीफाइनल ट्रेनिंग में हुई देरी, इतने समय बाद सेशन हो पाया शुरू
भारतीय टीम की सेमीफाइनल ट्रेनिंग में मंगलवार को एक घंटे से अधिक का विलंब हुआ। ऐसा चंद्र ग्रहण के कारण हुआ। भारत और इंग्लैंड के बीच गुरुवार को मुंबई में सेमीफाइनल मुकाबला खेला जाना है।

भारत में मंगलवार को दोपहर तीन बजकर 20 मिनट से लेकर 6:48 बजे तक चंद्र ग्रहण रहा। साल का पहला चंद्र ग्रहण देशभर में दिखाई दिया। चंद्र ग्रहण की वजह से मुंबई में शाम में टीम इंडिया के ट्रेनिंग सेशन में देरी हुई। ट्रेनिंग में एक घंटे से अधिक का विलंब हुआ। मेजबान भारत और इंग्लैंड के बीच गुरुवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में टी20 वर्ल्ड कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल खेला जाना है। दोनों टीमें लगातार तीसरी बार टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में आमने-सामने होंगी। इंग्लैंड ने 2022 में भारत को सेमीफाइनल में 10 विकेट से हराने के बाद खिताब जीता था। वहीं, भारत ने 2024 में इंग्लैंड को 78 रन से हराने के बाद ट्रॉफी अपने नाम की थी।
भारतीय खिलाड़ियों को वानखेड़े में शाम छह से 9 बजे तक ट्रेनिंग करनी थी लेकिन टीम शाम सात बजकर 20 मिनट के करीब मैदान पर उतरी। सहयोगी स्टाफ के कुछ सदस्य खिलाड़ियों और कोच से पहले मैदान पर पहुंच गए थे लेकिन ट्रेनिंग कुछ देर बाद शुरू हुई। स्टेडियम की फ्लडलाइट भी शाम करीब छह बजकर 50 मिनट पर चालू कर दी गईं थी लेकिन इन्हें पूरी तरह से शुरू नहीं किया गया था जो बाकी टीम के मैदान पर उतरने से कुछ देर पहले किया गया था। बता दें कि डिफेंडिंग चैंपियन भारत ने आखिरी सुपर-8 मैच में वेस्टइंडीज को पांच विकेट हराकर सेमीफाइनल का टिकट कटाया। सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व वाली टीम ने कोलकाता में 196 रन का ऐतिहासिक टारगेज चेज किया था।
इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम करन ने वानखेड़े स्टेडियम पर अपनी टी के अभ्यास सत्र से पहले कहा, ''इस मैदान पर हम काफी खेल चुके हैं लिहाजा कुछ छिपा नहीं है।'' इंग्लैंड का इस टूर्नामेंट में प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा है जिसने नेपाल को बमुश्किल चार रन से हराया। करन ने कहा ,'' पिछला प्रदर्शन अब मायने नहीं रखता। यह वर्ल्ड कप सेमीफाइनल है और हम इसमें अपना परफेक्ट खेल दिखाएंगे।'' वानखेड़े स्टेडियम पर भारत के समर्थकों का शोर रहेगा लेकिन करेन को पता है कि उन्हें खामोश कैसे करना है। उन्होंने कहा, ''यह शानदार स्टेडियम है। मुझे यकीन है कि बृहस्पतिवार की रात यह स्टेडियम खामोश रहेगा। भारतीय टीम शानदार है लेकिन हमारे अधिकांश खिलाड़ियों ने उसके खिलाफ और आईपीएल में खेला है। हम किसी चीज से भयभीत नहीं हैं और दोनों टीमें सेमीफाइनल की चुनौती को लेकर रोमांचित होंगी।''
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय




