कप्तानी ने डाली मंधाना और हरमनप्रीत में दरार? भारतीय ड्रेसिंग रूम तक पहुंच गई थी आंच

नई दिल्ली, पीटीआई
share

स्मृति मंधाना और हरमनप्रीत कौर के बीच कप्तानी ने दरार डाल दी है। मंधाना को भारतीय महिला क्रिकेट टीम का नया कप्तान बनाया गया है। हरमनप्रीत को अचानक कप्तानी से इस्तीफा देना पड़ा। 

Smriti Mandhana and Harmanpreet Kaur
स्मृति मंधाना और हरमनप्रीत कौर (फाइल फोटो)

हरमनप्रीत कौर के कप्तानी छोड़ने के बाद स्मृति मंधाना का भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान बनना लगभग तय था और भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने मंगलवार को उन्हें टीम का नया कप्तान नियुक्त भी कर दिया। लेकिन सवाल यह है कि क्या बाएं हाथ की इस 30 वर्षीय बल्लेबाज को नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपने में देर हो गई है जबकि मौजूदा समय में वह देश की सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में काफी आगे हैं। साल 2016 में पहली बार भारत की कप्तानी करने वाली हरमनप्रीत ने बीसीसीआई के साथ समीक्षा बैठक के बाद तीनों प्रारूपों की कप्तानी से हटने का फैसला किया। मोगा की 37 वर्षीय खिलाड़ी ने कप्तान के रूप में अपने शानदार अपने कार्यकाल का अंत बेहतरीन अंदाज में किया। उन्होंने हाल ही में जापान में भारत को लगातार दूसरी बार एशियन गेम्स का गोल्ड मेडल दिलाया।

सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना क्यों निराश थीं?

स्मृति का हरमनप्रीत की जगह कप्तानी संभालना स्वाभाविक विकल्प था। साल 2013 में इंटरनेशनल डेब्यू करने वाली यह स्टार सलामी बल्लेबाज मंधाना अब खेल की प्रमुख बल्लेबाजों में शामिल है और तीनों प्रारूपों में 10,000 से अधिक रन बना चुकी हैं। कौशल के मामले में स्मृति हमेशा बाकी खिलाड़ियों से आगे रही हैं और अब उन्होंने अपने खेल में आक्रामकता जोड़कर खुद को और निखारा है। यह कोई रहस्य नहीं था कि भारत के पिछले साल घरेलू मैदान पर वनडे वर्ल्ड कप जीतकर आईसीसी खिताब के सूखे को खत्म करने के बावजूद चयनकर्ताओं द्वारा कप्तानी में यथास्थिति बनाए रखने से स्मृति निराश थीं। हाल ही में एक साक्षात्कार में उन्होंने भारत की कप्तानी करने के लिए अपनी तैयारी जाहिर की थी और एशियन गेम्स का गोल्ड जीतने के बाद कहा था कि भारत को इससे भी बड़े टूर्नामेंट जीतने का लक्ष्य रखना चाहिए।

भारतीय ड्रेसिंग रूम तक पहुंच गई थी आंच

वनडे वर्ल्ड कप की सफलता के बीच भारत लगातार दो टी20 वर्ल्ड कप में जल्दी बाहर हो गया था जिससे सबसे छोटे प्रारूप में टीम के नेतृत्व पर सवाल उठने लगे थे। लेकिन चयनकर्ताओं ने तब बदलाव नहीं किया। हालांकि बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया की अध्यक्षता में गुवाहाटी में हुई समीक्षा बैठक में हरमनप्रीत को यह स्पष्ट कर दिया गया कि नेतृत्व में बदलाव अब अपरिहार्य है। इसके बाद उन्होंने खुद ही कप्तानी छोड़ने का फैसला किया। हरमनप्रीत और स्मृति के बीच कप्तानी को लेकर मतभेद भी एक पेचीदा मुद्दा बन गया था जबकि दोनों पहले काफी अच्छी तरह घुलती-मिलती थीं। टीम के एक सूत्र ने पीटीआई से कहा, ''वे कुछ समय से कई मुद्दों पर एकमत नहीं थीं और इससे ड्रेसिंग रूम में असहजता साफ दिखाई देने लगी थी।''

'दो-तीन साल पहले कप्तानी देनी चाहिए थी'

इस साल की शुरुआत में ब्रिटेन में हुए टी20 वर्ल्ड कप से भारत के बाहर होने के बाद दिग्गज खिलाड़ी मिताली राज ने पीटीआई से कहा था कि चयनकर्ताओं को दो-तीन साल पहले ही स्मृति को कप्तानी सौंप देनी चाहिए थी। उन्होंने हरमनप्रीत की फॉर्म और फिटनेस पर भी सवाल उठाए थे। मिताली ने कहा था, ''मुझे लगा था कि दो-तीन साल पहले ही उन्हें वनडे की कप्तानी दे दी जाएगी। वह अब भी वनडे और टेस्ट की कप्तानी कर सकती हैं और टी20 की कप्तानी शेफाली (वर्मा) जैसी किसी युवा खिलाड़ी को दी जा सकती है।'' महिला क्रिकेट को पुरुष टीम जितनी कड़ी समीक्षा का सामना नहीं करना पड़ता लेकिन नेतृत्व परिवर्तन को लेकर चयनकर्ताओं की ओर से यह पहली चूक नहीं है।

वर्ल्ड कप 2022 के बाद टीम में गुटबाजी हुई थी

वर्ल्ड कप 2022 के बाद जब हरमनप्रीत ने मिताली से वनडे कप्तानी संभाली थी तब दोनों दिग्गज खिलाड़ियों के बीच संबंध बेहद खराब दौर से गुजर रहे थे। इससे टीम में गुटबाजी पैदा हुई थी। अब हरमनप्रीत अगले दो-तीन साल खिलाड़ी के रूप में खेलना जारी रखना चाहती हैं और ऐसे में यह देखना होगा कि क्या वह और स्मृति टीम के हित में पुराने मतभेदों को पीछे छोड़ पाती हैं। हालांकि, भारत ने हाल में एशिया कप और एशियाई खेलों में दबदबा बनाया लेकिन हरमनप्रीत अपने सर्वश्रेष्ठ स्तर पर नहीं थीं। टीम में अब एक विशेषज्ञ बल्लेबाज के रूप में उनसे उम्मीदें बढ़ना तय है और भारतीय टीम में अपनी जगह बनाए रखने के लिए उन्हें अपने खेल के स्तर में काफी सुधार करना होगा।

Md.Akram

लेखक के बारे में

Md.Akram

मोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार

परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।


अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।


विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय

और पढ़ें
Cricket News , Cricket Schedule , Live Cricket Score से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। क्रिकेट की सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप डाउनलोड करें।
Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़कप्तानी ने डाली मंधाना और हरमन में दरार? ड्रेसिंग रूम तक पहुंच गई थी आंच