
AUS को कौन सा भारतीय प्लेयर देगा दमदार चुनौती? कप्तान मार्श ने बताया नाम, नहीं बदलेगा ये रवैया
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बुधवार से पांच टी20 मैचों की सीरीज खेली जानी है। कप्तान मिचेल मार्श ने उस भारतीय प्लेयर का नाम बताया है, जो ऑस्ट्रेलिया को दमदार चुनौती देगा। वहीं, ऑस्ट्रेलिया अपना आक्रामक रवैया जारी रखेगा।
ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मिचेल मार्श जानते हैं कि अति आक्रामक बल्लेबाजी करने की रणनीति हमेशा कारगर साबित नहीं होती लेकिन उन्होंने कहा कि उनकी टीम अगले साल होने वाले टी20 वर्ल्ड कप की तैयारियों के तहत आक्रामक रवैया अपनाना जारी रखेगी। ऑस्ट्रेलिया अगले साल फरवरी-मार्च में भारत और श्रीलंका की मेजबानी में होने वाले विश्व कप की तैयारी के तहत बुधवार से कैनबरा में भारत के खिलाफ पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज खेलेगा। ऑस्ट्रेलिया ने आखिरी बार 2021 में टी20 वर्ल्ड कप जीता था जबकि भारत 2024 में चैंपियन बना था।
'भले ही सफलता हासिल ना हो...'
मार्श ने मंगलवार को सीरीज से पूर्व प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘‘पिछले दो विश्व कप में हम अपेक्षित सफलता हासिल नहीं कर पाए और मुझे लगता है कि हमने एक टीम के रूप में खुद को चुनौती देने की बात की थी, ताकि हम विश्व कप जीत सकें।’’ उन्होंने कहा, ‘‘बल्लेबाजी इकाई के रूप में हमने काफी आक्रामक खेल दिखाया है। मुझे लगता है कि पिछले कुछ वर्षों में कई टीमों ने टी20 क्रिकेट में इसी तरह का रवैया अख्तियार किया है। अगर हम भारत में होने वाले विश्व कप की बात करें तो हम निश्चित तौर पर इसी तरह से खेलेंगे भले ही कुछ अवसरों पर हमें सफलता हासिल ना हो।’’
'यह सीरीज काफी रोमांचक होगी'
मार्श ने इसके साथ ही कहा कि भारत के खिलाफ होने वाली सीरीज काफी रोमांचक होगी। उन्होंने कहा, ‘‘ भारत की टीम बहुत अच्छी है और हम उसका बहुत सम्मान करते हैं। मुझे लगता है कि यह सीरीज काफी रोमांचक होगी। यह दो अच्छी टीमों के बीच मुकाबला है और इसलिए मैं इस चुनौती का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं।’’
'अभिषेक अच्छी चुनौती पेश करेंगे'
भारत के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने भारत की एशिया कप जीत के दौरान 44.85 की औसत और 200 की स्ट्राइक रेट से 314 रन बनाए। मार्श ने अभिषेक के बारे में कहा, ‘‘जाहिर है कि वह उनके लिए लय तय करते हैं। पिछले कुछ समय से वह आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ से शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। वह हमारे सामने अच्छी चुनौती पेश करेंगे।’’






