'मैंने ऋषभ पंत का कॉल नहीं उठाया, मन में दबाकर रखी एक बात', DC कप्तान अक्षर पटेल का खुलासा
ऋषभ पंत की दिल्ली कैपिटल्स (DC) में वापसी हो गई है। पंत की वापसी के बाद डीसी ने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें कप्तान अक्षर पटेल ने दिलचस्प खुलासा किया।

विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत आईपीएल 2027 में दिल्ली कैपिटल्स (DC) की ओर से खेलते हुए नजर आएंगे। लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की दो सीजन कप्तानी करने के बाद पंत ने डीसी में घर वापसी की है। उन्होंने 2016 में दिल्ली की ओर आईपीएल डेब्यू किया लेकिन 2025 में लखनऊ में चले गए। एलएसजी ने पंत को 27 करोड़ रुपये में खरीदा था। इतने रुपये आईपीएल ऑक्शन में किसी अन्य प्लेयर को नहीं मिला। हालांकि, पंत 15 करोड़ रुपये में अपनी पुरानी फ्रेंजाइजी में वापस आ गए हैं। डीसी ने एलएसजी के साथ हाई-प्रोफाइल ट्रेड (बड़े खिलाड़ियों की अदला-बदली) किया। दिल्ली ने स्पिनर कुलदीप यादव को एलएसजी को दिया है। पंत ने डील पूरी होने के बाद सबसे पहले दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल को कॉल किया। अक्षर ने कॉल को लेकर दिलचस्प खुलासा किया। उन्होंने मन में एक बात दबाकर रखी लेकिन पंत को नहीं बोली।
'मेरे मन में था कि ऋषभ पंत को बोलूं…'
अक्षर पटेल ने वीडियो में कहा, ''पहले उसका कॉल आया। अभी बच्चे के साथ थोड़ा टाइम ज्यादा बिता रहा हूं। ऐसे में मुझे अपना फोन साइड में रखना पड़ता है। उसका पहली बार कॉल आया। उसने दोबारा कॉल किया, मैंने वो भी नहीं उठाया। मैंने फिर उसे रात में रिटर्न कॉल किया, जब बच्चा सो गया। मैं बोला, 'भाई क्या हुआ? कुछ अर्जेंट था।' उसने कहा, 'भाई कंफर्म हो गया। मैं वापस आ रहा हूं।' यह हमारी पहली बातचीत थी। फिर उसके बाद नॉर्मिली बात हुई। चलो फाइनली घर वापस आ रहा है। मेरे मन में था लेकिन उसको बोला नहीं। मैं बोलना चाहता था कि सुबह का भूला शाम को घर आ जाए तो उसे भूला नहीं कहते। मेरा प्यार ही इतना है, उसके लिए, जो उसे दिल्ली में वापस खींच लाया।''
पंत ने दिल्ली की ओर से 111 मैच खेले
लगातार दो कमजोर सीजन के बाद लखनऊ टीम ने जस्टिन लैंगर और टॉम मूडी की मौजूदगी वाली ऑस्ट्रेलियाई कोचिंग टीम की सलाह पर पंत को रिलीज करने का फैसला किया। उम्मीद के मुताबिक हुए इस ट्रेड में बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव 13.50 करोड़ रुपये की मौजूदा फीस पर दिल्ली से लखनऊ में चले गए। पंत के लिए यह ट्रेड घर वापसी जैसी है। उन्होंने 2016 से 2024 के बीच दिल्ली कैपिटल्स के लिए 111 मैच खेले थे। वह 2021 से 2024 तक डीसी के कप्तान भी रहे और इस दौरान 43 मैचों में दिल्ली का नेतृत्व किया। लखनऊ के साथ उनका प्रदर्शन कप्तानी और बल्लेबाजी दोनों मोर्चों पर उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा। आईपीएल 2025 में टीम छह जीत और आठ हार के साथ अंक तालिका में सातवें स्थान पर रही।
आईपीएल 2026 में और भी खराब रहा
वहीं, आईपीएल 2026 का प्रदर्शन और भी खराब रहा। पंत की कप्तानी में लखनऊ की टीम 10 टीमों की लीग में सबसे निचले स्थान पर रही। टीम को 14 मैचों में सिर्फ चार जीत मिलीं और वह आठ अंकों के साथ तालिका में आखिरी स्थान पर रही। बल्लेबाजी में भी पंत संघर्ष करते नजर आए। 2025 सत्र में उन्होंने 14 मैचों में केवल 269 रन बनाए, जबकि 2026 में 312 रन जुटाए जिसमें सिर्फ एक अर्धशतक शामिल था। दूसरी ओर, कुलदीप यादव ने आईपीएल 2022 में कोलकाता नाइट राइडर्स से दिल्ली कैपिटल्स में आने के बाद 65 मैचों में 72 विकेट लिए थे। लेकिन आईपीएल 2026 उनके लिए भी साधारण रहा। कुलदीन ने इस सीजन में 14 मैचों में केवल 10 विकेट ही लिए और उनका इकॉनमी रेट 10.30 रन प्रति ओवर रहा।
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



