रियान पराग ने सैमसन के रिप्लेसमेंट पर कहा- रोहित शर्मा और विराट कोहली की तरह संजू की जगह कोई नहीं ले सकता
रियान पराग ने संजू सैमसन की तुलना विराट कोहली और रोहित शर्मा से करते हुए कहा है कि इन खिलाड़ियों का कोई विकल्प नहीं है। पराग का मानना है कि राजस्थान की टीम इस बार चैंपियन बनेगी।

राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने गुरुवार को कहा कि जिस तरह से रोहित शर्मा या विराट कोहली की जगह नहीं भरी जा सकती है उसी तरह से उनकी टीम में संजू सैमसन की कमी को पूरा नहीं किया जा सकता है। सैमसन ने 2021 से 2025 तक रॉयल्स की कप्तानी की। रॉयल्स ने सत्र से पहले उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स के साथ 'ट्रेड' कर दिया था और उनकी जगह रविंद्र जडेजा को अपनी टीम में शामिल किया। संजू राजस्थान रॉयल्स की तरफ से सर्वाधिक मैच खेलने और सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने हाल में टी20 विश्व कप में अच्छा प्रदर्शन करके टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार हासिल किया था।
रियान पराग ने पूर्व संवाददाता सम्मेलन में कहा, ''अगर आप संजू भैया की बात कर रहे हैं तो उनके जैसे खिलाड़ी के स्थान पर किसी अन्य खिलाड़ी को रखने के बारे में सोचा भी नहीं जा सकता। हम उनके जैसे कौशल वाले किसी खिलाड़ी की तलाश कर सकते हैं या उनकी जगह किसी अन्य को बल्लेबाजी करने के लिए कह सकते हैं।'' उन्होंने कहा, ''जिस तरह से विराट कोहली या रोहित शर्मा का कोई विकल्प नहीं है। ठीक उसी तरह से संजू भैया का भी कोई विकल्प नहीं हो सकता है क्योंकि वह बहुत अच्छे खिलाड़ी हैं।''
पराग ने कहा कि पिछले सत्र के आखिर में उनकी टीम का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था लेकिन इस बार वह ऐसी कोई गलती नहीं करेंगे। उन्होंने कहा, ''पिछली बार हमने आखिरी पांच मैच में काफी गलतियां की लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा। हम पूरी तैयारी के साथ मैदान पर उतरेंगे। यकीन मानिए इस बार राजस्थान रॉयल्स कप जरूर जीतेगी।''
पराग ने कहा, ''किसी एक खिलाड़ी के दम पर हम मैच नहीं जीत सकते। यशस्वी जयसवाल और वैभव सूर्यवंशी ही टीम को जीत दिलवा दें तो यह कहना गलत होगा। पूरी टीम को अच्छा प्रदर्शन करना होगा और टीम इसके लिए तैयार है।'' रॉयल्स के कप्तान ने कहा कि उन्होंने युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी को मीडिया से दूर रहने की सलाह दी है।
उन्होंने कहा, ''मैंने वैभव को अपना नैसर्गिक खेल खेलने को कहा है। मैंने उससे कहा है कि वह केवल गेंद को हिट करने पर ध्यान दें और अगर किसी तरह का दबाव होता है तो उसे यशस्वी संभाल लेंगे।'' पराग ने कहा, ''राजस्थान रॉयल्स मेरे लिए आईपीएल में पहले दिन से घर जैसा रहा है। अब इस टीम का नेतृत्व करना मेरे लिए बेहद खास है और यह जिम्मेदारी मैं पूरी तरह से स्वीकार करता हूं। मैं हमारे कोच और नेतृत्व समूह के साथ मिलकर समझदारी भरा क्रिकेट खेलने के लिए उत्साहित हूं।''
रॉयल्स के मुख्य कोच कुमार संगकारा को पूरा भरोसा है की टीम रियान पराग की कप्तानी में अच्छा प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा, ''रियान ने दबाव में संयम दिखाया है। क्रिकेट की अपनी अच्छी समझ का शानदार नमूना पेश किया है। पहले से ही नेतृत्व समूह का हिस्सा होने के नाते, उन्हें ड्रेसिंग रूम का सम्मान प्राप्त है। हमें विश्वास है कि वह कप्तान की भूमिका में शानदार प्रदर्शन करेंगे।''
लेखक के बारे में
Himanshu Singhहिमांशु सिंह (कंटेंट प्रोड्यूसर)
हिंमांशु सिंह पिछले 6 वर्षों से खेल पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं।
परिचय और अनुभव
हिमांशु सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें हिंदी पत्रकारिता में करीब 6 साल का अनुभव है। इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई आईएमएस (नोएडा) से की है। 2017 में पंचायती टाइम्स वेबसाइट में बतौर ट्रेनी खेल पत्रकारिता का पहला अनुभव हासिल किया। 2018 में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के तौर पर ईटीवी से जुड़े। यहां पर करीब तीन साल काम करने के बाद इनसाइडस्पोर्ट्स से जुड़े। यहां पर एक साल तक रहे। उन्होंने 2022 में लाइव हिन्दुस्तान के साथ अपनी पारी की शुरुआत की थी। खेल की बारीकियों को समझने और उन्हें पाठकों तक रोचक अंदाज में पहुंचाने में उन्हें महारत हासिल है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि : हिमांशु ने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईएमएस (नोएडा) से पूरी की है। खेल के प्रति उनके जुनून ने उन्हें करियर की शुरुआत में ही खेल पत्रकारिता की ओर प्रेरित किया। उन्होंने 2017 में 'पंचायती टाइम्स' वेबसाइट में बतौर ट्रेनी अपने करियर का पहला कदम रखा, जहां उन्होंने खेल रिपोर्टिंग की बुनियादी बारीकियां सीखीं।
खेल विश्लेषण एवं रिपोर्टिंग
लाइव मैच कवरेज और डेटा विश्लेषण
खिलाड़ियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू और प्रोफाइल
डिजिटल स्पोर्ट्स कंटेंट स्ट्रेटजी



