IPL लॉटरी लगने के बाद कैमरन ग्रीन का शर्मनाक प्रदर्शन, KKR के फैंस होंगे निराश
आईपीएल के इतिहास के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी का टैग अपने नाम करने के बाद कैमरन ग्रीन का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है। इंग्लैंड के खिलाफ एडिलेड में जारी तीसरे टेस्ट की दूसरी पारी में भी वह सस्ते में आउट हो गए।

ऑस्ट्रेलिया के हरफनमौला कैमरन ग्रीन की लॉटरी उस समय लगी जब IPL ऑक्शन 2026 में उन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने रिकॉर्ड तोड़ बोली लगाकर अपने स्क्वॉड में शामिल किया। नीलामी में केकेआर और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच कैमरन ग्रीन को लेकर जंग चली जिसे अंत में कोलकाता ने 25.20 करोड़ की बोली लगाकर अपने नाम किया। ग्रीन इसी के साथ आईपीएल के इतिहास के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बने। आईपीएल ऑक्शन वाले ही दिन ग्रीन इंग्लैंड के खिलाफ एडिलेड में जारी तीसरे टेस्ट की पहली पारी में बिना खाता खोले आउट हो गए। केकेआर के फैंस को उम्मीद थी कि दूसरी पारी में वह दमदार प्रदर्शन करेंगे, मगर इस बार भी उन्होंने निराश किया।
कैमरन ग्रीन इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट की दूसरी पारी में 7 रन बनाकर आउट हुए। वह दो पारियों में मिलाकर इस मैच में दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाए। गेंदबाजी में भी उनका प्रदर्शन फीका रहा, 11 ओवर में 33 रन खर्च कर उन्होंने 1 विकेट चटकाया।
कैमरन ग्रीन के अगर एशेज 2025 के प्रदर्शन की बात करें तो अभी तक 3 मैचों में 19 की औसत के साथ उनके बल्ले से मात्र 76 ही रन निकले हैं। वहीं गेंदबाजी में उन्होंने 57 की औसत के साथ अब तक सीरीज में 2 ही विकेट चटकाए हैं।
IPL के इतिहास के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी-
कैमरन ग्रीन- 25.20 करोड़
मिचेल स्टार्क- 24.75 करोड़
पैट कमिंस- 20.50 करोड़
सैम करन- 18.50 करोड़
कैमरन ग्रीन- 17.50 करोड़
बात एशेज 2025 की करें तो 5 मैच की इस सीरीज के पहले 2 मैच जीतकर ऑस्ट्रेलियाई टीम अपना दबदबा बनाए हुई है। तीसरे मुकाबले में भी वह मजबूत स्थिति में नजर आ रही है। पहले बैटिंग करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने ऐलेक्स कैरी के शतक के दम पर 371 रन बोर्ड पर लगाए, जिसके जवाब में इंग्लैंड 286 पर ढेर हो गया। पहली पारी में 85 रनों की बढ़त के साथ ऑस्ट्रेलिया दूसरी पारी में 4 विकेट के नुकसान पर 181 रन बना चुका है और उनकी कुल लीड 266 रनों की हो गई है।
लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ें



