सचिन तेंदुलकर का वर्ल्ड रिकॉर्ड हुआ ध्वस्त, ब्रेंडन टेलर का वनडे करियर सबसे लंबा; टॉप 5 में पाकिस्तानी भी
जिम्बाब्वे के ब्रेंडन टेलर ने सचिन तेंदुलकर से सबसे लंबे वनडे करियर का वर्ल्ड रिकॉर्ड छीन लिया है। टेलर साल 2004 से वनडे क्रिकेट में एक्टिव हैं। सचिन ने आखिरी वनडे 2012 में खेला था।

जिम्बाब्वे के क्रिकेटर ब्रेंडन टेलर ने मंगलवार को हरारे में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे में नया इतिहास रच डाला। वह पुरुष वनडे इतिहास में सबसे लंबे समय तक खेलने वाले प्लेयर बन गए हैं। उन्होंने महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का वर्ल्ड रिकॉर्ड ध्वस्त किया है। विकेटकीपर-बल्लेबाज ब्रेंडन का करियर 22 साल और 148 दिन लंबा हो गया है। उन्होंने अप्रैल 2004 में श्रीलंका के खिलाफ वनडे डेब्यू किया था। यह उनका पहले इंटरनेशनल मैच था। 40 वर्षीय ब्रेंडन ने अब तक 208 वनडे मैचों में जिम्बाब्वे का प्रतिनिधित्व किया है, जिसमें 6700 से अधिक रन जुटाए और विकेट के पीछे 160 प्लस शिकार किए। वह जिम्बाब्वे की कप्तानी भी कर चुके हैं।
सचिन इतने समय तक वनडे में खेले
सचिन का वनडे करियर 22 साल और 91 दिन लंबा रहा। उन्होंने दिसंबर 1989 में अपना पहला वनडे मैच पाकिस्तान के विरुद्ध खेला था। उन्होंने करियर का आखिरी वनडे 18 मार्च 2012 को पाकिस्तान के सामने खेला। सचिन ने अपने करियर में रिकॉर्ड्स की झड़ी लगाई। उन्होंने 463 वनडे में 18426 रन बनाए। उनके नाम आज भी वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा मैच खेलने और सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड दर्ज है। सचिन ने 50 ओवर फॉर्मेट में 49 शतक लगाए, जो लंबा समय तक सर्वाधिक थे। हालांकि, अब विराट कोहली के खाते में सबसे ज्यादा वनडे शतक (54) लगाने का कीर्तिमान है। कोहली ने सचिन का रिकॉर्ड 2023 में ध्वस्त किया।
पाकिस्तानी दिग्गज लिस्ट में शामिल
श्रीलंका के पूर्व धाकड़ सलामी बल्लेबाज सनथ जयसूर्या तीसरे नंबर पर हैं। उनका वनडे करियर 21 साल और 184 दिन का था। जयसूर्या ने पहला मैच दिसंबर 1989 और अंतिम वनडे जून 2011 में खेला था। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज जावेद मियांदाद 20 साल और 272 दिन वनडे में एक्टिव रहे। वह जून 1975 से मार्च 1996 तक खेले। पुरुष वनडे इतिहास में सबसे लंबे करियर वाले टॉप 5 खिलाड़ियों की लिस्ट में दो जिम्बाब्वे के हैं। सीन विलियम्स का करियर 20 साल और 187 दिन का रहा। उन्होंने फरवरी 2005 में वनडे डेब्यू किया था। वह आखिरी बार अगस्त 2025 में जिम्बाब्वे की ओर से वनडे खेलने उतरे थे।
वनडे इतिहास में सबसे लंबे करियर वाले टॉप 5 प्लेयर
22 साल 148 दिन - ब्रेंडन टेलर (जिम्बाब्वे)
22 साल 91 दिन - सचिन तेंदुलकर (भारत)
21 साल 184 दिन - सनथ जयसूर्या (श्रीलंका)
20 साल 272 दिन - जावेद मियांदाद (पाकिस्तान)
20 साल 187 दिन - सीन विलियम्स (जिम्बाब्वे)



