पिछले मैच में शतक जड़ने वाला बैटर हुआ बाहर, भारत के खिलाफ दूसरे ODI से पहले वेस्टइंडीज को बड़ा झटका
बुधवार को गुवाहटी में खेले जाने वाले दूसरे वनडे मैच से पहले वेस्टइंडीज को बड़ा झटका लगा है। पिछले मैच में शतक जड़ने वाले धाकड़ बल्लेबाज जस्टिन ग्रीव्स को बाहर होना पड़ा है। उन्हें काफ इंजरी हुई है।

बुधवार को गुवाहटी में खेले जाने वाले दूसरे वनडे मैच से पहले वेस्टइंडीज को बड़ा झटका लगा है। पिछले मैच में शतक जड़ने वाले धाकड़ बल्लेबाज जस्टिन ग्रीव्स को बाहर होना पड़ा है। उन्हें काफ इंजरी हुई है जिसके कारण वह दूसरे मुकाबले में वेस्टइंडीज की टीम का हिस्सा नहीं रह पाएंगे। 3 अक्टूबर को न्यू चंडीगढ़ में खेले जाने वाले तीसरे और आखिरी वनडे मैच में भी उनके खेलने पर भी संशय बन गया है।
पहले मैच में लगी थी चोट, फील्डिंग करने नहीं आए थे
ग्रीव्स को तिरुवनंतपुरम में खेले गए पहले वनडे के दौरान चोट लगी थी । शुरुआत में ही उन्हें दौड़ने में काफी दिक्कत हो रही थी और वे अक्सर लंगड़ाते हुए दिख रहे थे। फिजियोथेरेपिस्ट को कई बार उनकी देखभाल करनी पड़ी। दर्द के बावजूद उन्होंने संघर्ष करते हुए अपना पहला वनडे शतक बनाया और 108 गेंदों में 101 रनों की पारी खेली। इस शानदार शतक के बाद उन्हें चाइना मैन स्पिनर कुलदीप यादव ने अपना शिकार बनाया और पगबाधा आउट किया। जब वेस्टइंडीज की टीम दूसरी पारी में गेंदबाजी कर रही थी तब ग्रीव्स फील्डिंग करने नहीं उतरे थे। इसी से अंदाजा लग गया था कि उनकी चोट कुछ ज्यादा सीरियस हो गई है और अब आज खबर आई है कि वे दूसरा वनडे नहीं खेल सकेंगे और तीसरे वनडे ना खेलने की भी आशंका है।
वेस्टइंडीज को लगा है बड़ा झटका
ग्रीव्स की चोट वेस्ट इंडीज के लिए एक बड़ा झटका है। कैरिबायई टीम तीन मैचों की सीरीज में पहले ही 1-0 से पीछे है। 2025 की शुरुआत से वनडे में वेस्ट इंडीज के लिए ग्रीव्स तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने इस दौरान 19 पारियों में 528 रन बनाए हैं। ग्रीव्स ने अपनी मध्यम गति की गेंदबाजी से सात विकेट भी लिए हैं।
ज्वेल एंड्रयू को मिल सकता है मौका
उनकी अनुपस्थिति में ज्वेल एंड्रयू को जॉन कैंपबेल के साथ पारी की शुरुआत करने का मौका मिल सकता है। निजी कारणों से पहला मैच न खेल पाने वाले शेरफेन रदरफोर्ड की वापसी होने की संभावना है। वे मिडिल ऑर्डर में खेलेंते हुए नजर आ सकते हैं।
पहले वनडे मैच में मिली थी करारी हार
बता दें कि रविवार को खेले गए पहले वनडे मैच को वेस्टइंडीज ने 8 विकेट से गंवा दिया था। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज की टीम ने निर्धारित 50 ओवरों में 295 रन 7 विकेट के नुकसान पर बनाए थे। इस लक्ष्य को भारतीय टीम ने बेहद आसानी से हासिल कर लिया था। टीम इंडिया ने इसे 50 गेंदे शेष रहते हुए 41.4 ओवर में ही हासिल कर लिया था।
कल खेला जाएगा दूसरा वनडे मैच
बता दें दूसरा वनडे कल बुधवार, 30 सितंबर को खेला जाएगा। यह मैच गुवाहटी के बारसापारा स्टेडियम में भारतीय समयानुसार दोपहर 2 बजे से शुरू होगा। तीसरा वनडे 3 अक्टूबर को खेला जाएगा। इसके बाद दोनों टीमें 6 अक्टूबर से शुरू होने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज खेलेंगी। इसमें ग्रीव्स शामिल नहीं हैं।



