भुवनेश्वर कुमार इस टूर्नामेंट में करेंगे भारत की कप्तानी, क्रुणाल पांड्या भी टीम में शामिल
India's squad for Hong Kong Sixes: भुवनेश्वर कुमार हांगकांग सिक्सेज सीरीज में भारत की कमान संभालांगे। टीम में शामिल दो प्लेयर को छोड़कर सभी इंटरनेशनल क्रिकेट खेल चुके हैं। यह टूर्नामेंट तीन दिनों तक चलेगा।

हांगकांग सिक्सेज सीरीज 2026 का 30 अक्टूबर से एक नवंबर तक आयोजन होगा। इस टूर्नामेंट के लिए भारत के स्कॉड का ऐलान हो गया है। तेज गेंदबाज भुवनेश्वर भारत की कप्तानी करेंगे। आईपीएल सितारों से सजी भारत की सात सदस्यीय टीम में ऑलराउंडर क्रुणाल पांड्या भी शामिल हैं। भुवनेश्वर और क्रुणाल आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की ओर से खेलते हैं। दोनों ने लंबे समय से भारत के लिए कोई इंटरनेशनल मैच नहीं खेला। 36 वर्षीय भुवी ने पिछली बार नवंबर में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। 35 वर्षीय क्रुणाल ने आखिरी इंटरनेशनल मैच जुलाई 2021 में खेला था।
सिर्फ ये प्लेयर नहीं खेले इंटरनेशनल मैच
भुवनेश्वर, क्रणाल के अलावा टीम में राहुल तेवतिया, नितीश राणा, शशांक सिंह, राहुल त्रिपाठी और टी नटराजन हैं। 34 वर्षीय शशांक और 33 वर्षीय तेवतिया को छोड़कर बाकी सभी खिलाड़ी भारत के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट खेल चुके हैं। भुवनेश्वर के पास इंटरनेशनल और आईपीएल का जबर्दस्त एक्सपीरियंस है। वह नई गेंद से प्रभाव डालने की क्षमता रखते हैं। क्रुणाल पंड्या स्पिन ऑलराउंडर हैं। वह जरूरत पड़ने पर बल्ले से भी कमाल दिखा सकते हैं। नितीश और राहुल शीर्ष क्रम के आक्रामक बल्लेबाज हैं। शशांक और तेवतिया अच्छे फिनिशर हैं। नटराजन अपनी तेज गेंदबाजी से विपक्षी टीम को परेशान कर सकते हैं।
मैच में इतने प्लेयर कर सकते हैं गेंदबाजी
हांगकांग सिक्सेज के मैच में छह खिलाड़ी एक टीम की ओर से खेलते हैं। एक पारी में कुल 6 ओवर फेंके जाते हैं। विकेटकीपर को छोड़कर बाकी पांच प्लेयर को बॉलिंग करनी पड़ती है। एक बॉलर अधिकतम दो ओवर डाल सकता है। भारत का इस टूर्नामेंट में पिछले साल प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। भारत ने 2025 में पाकिस्तान को डीलएस से दो रन से मात दी थी लेकिन फिर टीम बाद के मैचों में हार के बाद टूर्नामेंट से बाहर हो गई। वहीं, पाकिस्तान डिफेंडिंग चैंपियन है। पाकिस्तान ने पिछले साल के फाइनल में कुवैत को हराकर रिकॉर्ड छठा हांगकांग सिक्सेज खिताब जीता था।
भारत हांगकांग सिक्सेज में किस ग्रुप में?
हांगकांग सिक्सेज 2026 में कुल 12 टीमें हिस्सा लेंगी। भारत को ग्रुप-सी में पाकिस्तान और यूएई के साथ रखा गया है। क्रिकेट हांगकांग, चीन के मार्केटिंग और कमर्शियल डायरेक्टर अनुराग भटनागर ने कहा, ''हम इंडियन क्रिकेट अथॉरिटीज के बहुत शुक्रगुजार हैं कि उन्होंने हमें सिक्सेज के इतिहास में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली सबसे मजबूत टीमों में से एक बनाने में मदद की। यह निश्चित रूप से व्यूअरशिप और इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के लिए और वैलिडेशन के मामले में एक बड़ी छलांग साबित होगा।''
हांगकांग सिक्सेज 2026 के लिए भारत की टीम: भुवनेश्वर कुमार (कप्तान), क्रुणाल पांड्या, शशांक सिंह, राहुल तेवतिया, नितीश राणा, राहुल त्रिपाठी और टी नटराजन।


