BGT के शेड्यूल में हो सकता है बदलाव, धोनी के शहर से छिन सकती है IND vs AUS टेस्ट की मेजबानी
भारतीय क्रिकेट से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। 2027 में होने वाली बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के एक मैच के शेड्यूल में बदलाव हो सकता है। एक मैच के वेन्यू को किसी दूसरी जगह शिफ्ट किया जा सकता है।

भारतीय क्रिकेट से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है, जो अगले साल भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाली बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी से जुड़ी है। 5 मैचों की टेस्ट सीरीज जनवरी से फरवरी 2027 तक होनी है। एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इस सीरीज के एक मैच के शेड्यूल में बदलाव हो सकता है। हालांकि, सिर्फ मैच का वेन्यू बदलने की बात ही सामने आई है, जबकि मैच उसी दिन से शुरू होने की उम्मीद है।
दैनिक जागरण में छपी रिपोर्ट की मानें तो आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के तहत खेली जाने वाली बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी यानी बीजीटी का एक मैच एमएस धोनी के शहर रांची में शेड्यूल है, जो 19 फरवरी से खेला जाने वाला था। हालांकि, इस मैच के वेन्यू को बदले जाने की बात सामने आ रही है। इसके पीछे का तर्क यह है कि जनवरी-फरवरी के दौरान रांची में सूरज के जल्दी ढल जाता है और इस वजह से शाम जल्दी हो जाती है। इससे बचने के लिए मैच को अन्य किसी स्थान पर आयोजित कराने की मांग उठ रही है।
यहां हो सकता है रांची वाला टेस्ट मैच
रांची की बजाय विशाखापत्तनम, हैदराबाद या राजकोट में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का चौथा मैच कराने की मांग है। मौजूदा कार्यक्रम के अनुसार, सीरीज का पहला टेस्ट नागपुर में होना है, जबकि दूसरा मैच चेन्नई में शेड्यूल है और तीसरे मैच की मेजबानी गुवाहटी करने वाला है। वहीं, चौथा मैच अभी के लिए रांची में शेड्यूल है और पांचवें यानी आखिरी मैच की मेजबानी अहमदाबाद को करनी है।
क्या है रांची से मैच शिफ्ट करने की वजह?
रिपोर्ट में बताया गया है कि टीम प्रबंधन ने बीसीसीआई के सामने यह मुद्दा उठाया है कि जनवरी-फरवरी के दौरान रांची में सूरज के जल्दी ढलने के कारण शाम जल्दी हो जाती है। ऐसे में टेस्ट मैच के दौरान रोशनी की कमी के कारण खेल के समय में कटौती हो सकती है और रोज 90 ओवर पूरे होने में दिक्कत आ सकती है। ऐसे में टीम प्रबंधन चाहता है कि मैचों के आयोजन स्थल और समय का चयन इस तरह किया जाए, जिससे पांचों टेस्ट में अधिक से अधिक खेल हो सके।
उधर, गुवाहटी में भी टेस्ट के शुरू होने के समय में मामूली बदलाव संभव है। हालांकि, बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया असम से हैं और गुवाहटी में टेस्ट की मेजबानी पर कोई संदेह नहीं है। वहां दिन की रोशनी का अधिकतम इस्तेमाल करने के लिए मैच सामान्य समय से करीब आधा घंटा पहले शुरू किया जा सकता है। ऐसे में शाम को होने वाले अंधेरे से बचा जा सकता है।


