इंग्लैंड में धमाल मचा रहे कुलदीप यादव, कप्तान बेन स्टोक्स को भी अपनी जाल में फंसाया
भारतीय टीम के स्पिनर कुलदीप यादव इस समय इंग्लैंड में हैं, जहां वह यॉर्कशायर के लिए बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे। उन्होंने शुक्रवार को डरहम के कप्तान बेन स्टोक्स को भी अपना शिकार बनाया।

भारतीय टीम के स्टार क्रिकेटर कुलदीप यादव इंग्लैंड के घरेलू वन-डे कप में यॉर्कशायर के लिए शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। यॉर्क के क्लिफटन पार्क ग्राउंड में डरहम के खिलाफ वन-डे कप ग्रुप बी मुकाबले के दौरान इंग्लैंड के पूर्व टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स को आउट किया। उन्होंने 10 ओवर में 33 रन देकर दो विकेट लिए। उनके इस शानदार प्रदर्शन के बदौलत डरहम की टीम 48.1 ओवरों में मात्र 165 रनों पर सिमट गई। कुलदीप यादव हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ टी20 और वनडे सीरीज में स्क्वॉड का हिस्सा थे लेकिन उन्हें प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया गया।
कुलदीप ने बेन स्टोक्स को किया आउट
डरहम टीम के कप्तान बेन स्टोक्स कुलदीप यादव की फिरकी के खिलाफ काफी संघर्ष करते हुए दिखे। वह काफी धीमी गति से बैटिंग कर रहे थे और इस वजह से तेजी से रन बटोरने के चक्कर में उन्होंने रिवर्स स्वीप खेलने का प्रयास किया लेकिन बैकवर्ड पॉइंट पर खड़े जॉर्ज हिल ने एक आसान कैच लपक लिया। आउट होने के बाद बेन स्टोक्स काफी निराश दिखे। वहीं कुलदीप विकेट लेने के बाद अपने साथियों के साथ जश्न मनाते हुए दिखे। कुलदीप ने इस मैच में कॉलिन एकरमैन को भी आउट किया। जोकि 26 रन बनाकर खेल रहे थे। 31 वर्षीय यह खिलाड़ी वर्तमान में वन-डे कप में पांच मैचों के अनुबंध पर यॉर्कशायर का प्रतिनिधित्व कर रहा है।
अब तक कुलदीप तीन बार इंग्लैंड का दौरा कर चुके हैं, लेकिन वहां उन्होंने केवल एक ही टेस्ट मैच खेला है। 2018 में उन्हें लॉर्ड्स टेस्ट में खेलने का मौक़ा मिला था, जहां उन्होंने सिर्फ़ नौ ओवर की गेंदबाजी की थी। इस सीजन काउंटी चैंपियनशिप में खेलने वाले कुलदीप दूसरे सक्रिय भारतीय स्पिनर होंगे। बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार फिलहाल वॉरिकशायर की ओर से खेल रहे हैं।
कुलदीप यादव भारत और श्रीलंका के बीच होने वाले दो मैचों की टेस्ट सीरीज में खेलते हुए नजर आएंगे। इस सीरीज का पहला टेस्ट 15 अगस्त से गॉल में खेला जाएगा, जबकि दूसरा टेस्ट 23 अगस्त से कोलंबो के एसएससी मैदान पर खेला जाएगा। सीरीज़ से पहले भारतीय टीम सात अगस्त से कोलंबो में चार दिन का अभ्यास मैच भी खेलेगी।
श्रीलंका दौरा दक्षिण अफ़्रीका से नवंबर में घरेलू मैदान पर 2-0 से मिली हार के बाद मौजूदा विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) चक्र में भारत की पहली टेस्ट सीरीज़ होगी। उससे पहले भारत ने इंग्लैंड में पांच टेस्ट मैचों की सीरीज़ 2-2 से ड्रॉ कराई थी और घरेलू मैदान पर वेस्टइंडीज़ को 2-0 से हराया था। फ़िलहाल डब्ल्यूटीसी अंक तालिका में भारत पांचवें, जबकि श्रीलंका छठे स्थान पर है।
श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, के एल राहुल (उप कप्तान), साई सुदर्शन*, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), देवदत्त पड़िक्कल, रवींद्र जडेजा, सारांश जैन, कुलदीप यादव, मानव सुथार, जसप्रीत बुमराह*, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़



