बुमराह को लेकर BCCI नहीं लेगा कोई रिस्क, अगरकर बोले- इस खिलाड़ी को टी20 टीम में कभी भी वापस ला सकते

Md.Akram
Follow us on Google News
share

जसप्रीत बुमराह को लेकर भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) कोई रिस्क नहीं लेगा। चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर ने कहा कि बुमराह और हार्दिक पांड्या को लंबे प्रारूप के लिए बचाकर रखा जाएगा।

बुमराह को लेकर BCCI नहीं लेगा कोई रिस्क, अगरकर बोले- इस खिलाड़ी को टी20 टीम में कभी भी वापस ला सकते

राष्ट्रीय चयन पैनल ने शनिवार को आयरलैंड और इंग्लैंड के दौरे के लिए मुख्य तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को टीम में शामिल नहीं किया जिससे साफ संकेत मिलता है कि चयनकर्ता उनकी सेवाओं को आने वाले सत्र में टेस्ट और वनडे मैचों के लिए बचाकर रखना चाहते हैं। बुमराह और पांड्या हाल में हुए आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस के लिए अपनी पुरानी लय में नहीं दिखे। वे पिछले साल के आखिर से ही लगातार टी20 मैच खेल रहे थे जिसमें विश्व कप जीत भी शामिल रही इसलिए इन दोनों खिलाड़ियों का सावधानी से इस्तेमाल करने की जरूरत है।

'अगर नौ टेस्ट मैच में अच्छा खेले तो...'

बुमराह 17 सितंबर से तीन अक्टूबर तक होने वाले एशियाई खेलों में वापसी करेंगे, लेकिन मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने साफ कर दिया कि इस तेज गेंदबाज का इस्तेमाल ज्यादातर लंबे प्रारूप में किया जाएगा। जब उनसे पूछा गया कि क्या बुमराह को टेस्ट मैचों के लिए बचाकर रखा जा रहा है तो अगरकर ने जवाब दिया, ''हां और वनडे विश्व कप के लिए भी जैसा पिछले विश्व कप में टी20 प्रारूप था। हम जानते हैं कि वह कितने अहम हैं। ‘’उन्होंने आगे कहा, ''विश्व टेस्ट चैंपियनशिप चक्र में अगर हम अगले नौ टेस्ट मैच में अच्छा खेलते हैं तो हमारे पास फाइनल के लिए क्वालीफाई करने का मौका है। अगर जसप्रीत ज्यादातर मैच खेल सकें और फिर भी फिट और स्वस्थ रहें, तो यह हमेशा एक अच्छी बात होगी।''

'मुख्य मकसद बुमराह को फिट रखना है'

भारत को ऑस्ट्रेलिया के साथ घरेलू मैदान पर पांच मैचों की सीरीज खेलने से पहले श्रीलंका और न्यूजीलैंड के दौरे पर दो-दो टेस्ट मैच खेलने हैं। इसी सीरीज से 2025-2027 विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) चक्र के फाइनल में उनके क्वालीफाई करने का फैसला होगा। शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम अंक तालिका में बांग्लादेश से पीछे छठे स्थान पर है और अपने अभियान को पटरी पर लाने के लिए उन्हें बुमराह के जबर्दस्त प्रदर्शन की जरूरत होगी। अगरकर ने कहा, ''बहुत सारा टी20 क्रिकेट है, आप उन्हें कभी भी वापस ला सकते हैं। एशियाई खेलों में वह मौजूद रहेंगे। मुख्य मकसद उन्हें टेस्ट और वनडे मैचों के लिए फिट रखना है।'' भारत के पूर्व तेज गेंदबाज ने कहा कि डब्ल्यूटीसी तालिका में भारत की मौजूदा स्थिति के लिए 'चिंता' सही शब्द नहीं है, लेकिन उन्होंने कहा कि वह टीम को और बेहतर करते देखना चाहेंगे।

'हम उनसे अच्छा प्रदर्शन करवा सकें...'

उन्होंने कहा, ''मुझे नहीं पता कि चिंता सही शब्द है या नहीं। मुझे लगता है कि इंग्लैंड (दौरा) अच्छा रहा और दक्षिण अफ्रीका सीरीज शायद योजना के मुताबिक नहीं रही। लेकिन, अगर हम अच्छा खेलते हैं तो हमारे पास फाइनल में पहुंचने का मौका है और हम जानते हैं कि हमारे पास अच्छे खिलाड़ी हैं, लेकिन हमें और बेहतर खेलना होगा।'' बुमराह के उलट टी20 टीम में पांड्या की वापसी की संभावना कम लग रही है क्योंकि अगरकर ने साफ कर दिया है कि उनका इस्तेमाल ज्यादातर 50 ओवर प्रारूप में किया जाएगा। अगरकर ने कहा, ''वह अभी अफगानिस्तान सीरीज के लिए वनडे टीम का हिस्सा हैं। बुमराह की तरह, अगर हम उनसे अच्छा प्रदर्शन करवा सकें और उन्हें वनडे क्रिकेट के लिए फिट रख सकें। इस समय यही मुख्य मकसद है।''

'पांड्या को कभी भी वापस ला सकते हैं'

उन्होंने कहा, ''हम उन्हें कभी भी वापस ला सकते हैं। इससे हमें नितीश रेड्डी जैसे खिलाड़ी को टी20 क्रिकेट में कुछ मौके देने का भी मौका मिलता है। इसलिए पंड्या के मामले में टी20 के लिए थोड़ा आराम और रोटेशन होगा।'' अगरकर ने कहा कि पिछली बार पिछले साल चैंपियंस ट्रॉफी में वनडे मैच खेलने वाले पंड्या वनडे प्रारूप में एक अहम खिलाड़ी बने हुए हैं। अगरकर ने कहा, ''लेकिन, मुख्य मकसद यह देखना है कि क्या वह अच्छा खेलना शुरू कर सकते हैं और डेढ़ साल बाद होने वाले विश्व कप को ध्यान में रखते हुए 50 ओवर क्रिकेट में स्वस्थ रह सकते हैं। इससे हमें काफी संतुलन मिलता है।'' उन्होंने कहा, ''विश्व कप दक्षिण अफ्रीका में है, अगर वह अच्छी गेंदबाजी करते हैं। हम देखेंगे कि अगले कुछ महीनों में क्या होता है।''

Md.Akram

लेखक के बारे में

Md.Akram

मोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार

परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।


अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।


विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय

और पढ़ें
Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट, IPL 2026 , Orange Cap in IPL 2026 और Purple Cap की रेस, IPL 2026 Points Table , IPL 2026 Schedule आज के बड़े मुकाबले PBKS vs MI Live Score और पल-पल के Live Cricket Score अपडेट्स के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। सभी क्रिकेट अपडेट सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।