BCCI ने किया सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट का ऐलान, कोहली-रोहित का डिमोशन; गिल समेत इन्हें फायदा
बीसीसीआई ने 2025-26 सत्र के लिए टीम इंडिया के सीनियर पुरुष और महिला खिलाड़ियों के वार्षिक अनुबंधों की घोषणा कर दी है। विराट कोहली और रोहित शर्मा को ताजा सालाना केंद्रीय अनुबंध में बी श्रेणी में रखा गया है।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने 2025-26 सीजन (1 अक्टूबर 2025 से 30 सितंबर 2026) के लिए सीनियर पुरुष और महिला खिलाड़ियों के वार्षिक अनुबंधों की घोषणा कर दी है। टेस्ट और वनडे के कप्तान शुभमन गिल, जसप्रीत बुमराह और रविंद्र जडेजा को केंद्रीय अनुबंध के ए ग्रेड में रखा गया है, जबकि विराट कोहली और रोहित शर्मा को ग्रेड ए प्लस से हटाकर ग्रेड बी में रखा गया है। इसका मुख्य कारण उनका केवल एक फॉर्मेट (वनडे) में खेलना बताया जा रहा है। बीसीसीआई ने ए प्लस ग्रेड हटाने के बाद तीस पुरुष खिलाड़ियों को केंद्रीय अनुबंध दिया। कप्तान हरमनप्रीत कौर, जेमिमा रोड्रिग्स, स्मृति मंधाना और दीप्ति शर्मा को महिला केंद्रीय अनुबंध में ए ग्रेड मिला है।
बीसीसीआई ने सोमवार को 30 पुरुष और 21 महिला क्रिकेटरों को ए, बी और सी श्रेणी के सालाना अनुबंध देने की घोषणा की। बीसीसीआई ने तीनों श्रेणियों की रिटेनरशिप फीस की घोषणा नहीं की है। इससे पहले ए श्रेणी में पांच करोड़ रुपये, बी में तीन करोड़ और सी में एक करोड़ रुपये दिये जाते थे। कोहली और रोहित टेस्ट और टी20 से विदा लेने के बाद एक ही प्रारुप में खेलते हैं और इसलिये शीर्ष श्रेणी में नहीं रह सकते।
समझा जाता है कि पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के सुझाव पर प्रशासकों की समिति ने ए प्लस ग्रेड की शुरुआत की थी। यह तीनों प्रारुपों में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले क्रिकेटरों के लिये था और इतने वर्ष में सिर्फ कोहली, रोहित , जडेजा और बुमराह ही इस श्रेणी में रहे हैं। अब इनमें से तीन एक या दो प्रारुपों से विदा ले चुके हैं लिहाजा बोर्ड सिर्फ बुमराह को ए प्लस श्रेणी में नहीं रखना चाहता । गिल का सभी प्रारुपों में खेलना तय नहीं है और टी20 विश्व कप की टीम में उन्हें जगह नहीं मिली है।
शमी-किशन को नहीं मिली जगह
अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और विकेटकीपर ईशान किशन को इस बार कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट से बाहर कर दिया गया है। इनके अलावा सरफराज खान और रजत पाटीदार को भी जगह नहीं मिली है। युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन को पहली बार बीसीसीआई के केंद्रीय अनुबंध (Grade C) में शामिल किया गया है।
महिला सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट
कप्तान हरमनप्रीत कौर, स्मृति मंधाना और दीप्ति शर्मा के साथ अब जेमिमा रोड्रिग्स भी टॉप ग्रेड का हिस्सा बन गई हैं। वर्ल्ड कप में उनके शानदार प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें प्रमोट किया गया है। ग्रुप बी में रेणुका ठाकुर, शेफाली वर्मा, ऋचा घोष और स्नेह राणा को रखा गया है। राधा यादव, यास्तिका भाटिया और उमा छेत्री सहित 13 खिलाड़ियों को ग्रेड सी में जगह मिली है।
बीसीसीआई सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट 2025-26
ग्रेड A: शुभमन गिल, जसप्रीत बुमराह, रवींद्र जडेजा
ग्रेड B: रोहित शर्मा, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, वॉशिंगटन सुंदर, केएल राहुल, हार्दिक पांड्या, मोहम्मद सिराज, ऋषभ पंत, कुलदीप यादव, यशस्वी जायसवाल, श्रेयस अय्यर
ग्रेड C: अक्षर पटेल, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, संजू सैमसन, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, ध्रुव जुरेल, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, नितीश कुमार रेड्डी, अभिषेक शर्मा, साई सुदर्शन, रवि बिश्नोई, ऋतुराज गायकवाड़
सालाना केंद्रीय अनुबंध (सीनियर महिला )
ग्रेड ए : हरमनप्रीत कौर, स्मृति मंधाना, जेमिमा रौड्रिग्स और दीप्ति शर्मा
ग्रेड बी : रेणुका ठाकुर, शेफाली वर्मा, रिचा घोष, स्नेह राणा
ग्रेड सी : राधा यादव, अमनजोत कौर, प्रतिका रावल, क्रांति गौड़, उमा छेत्री, अरूंधति रेड्डी, श्रीचरणी, यास्तिका भाटिया, हरलीन देयोल, काशवी गौतम, जी कमलिनी ।
लेखक के बारे में
Himanshu Singhहिमांशु सिंह (कंटेंट प्रोड्यूसर)
हिंमांशु सिंह पिछले 6 वर्षों से खेल पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं।
परिचय और अनुभव
हिमांशु सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें हिंदी पत्रकारिता में करीब 6 साल का अनुभव है। इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई आईएमएस (नोएडा) से की है। 2017 में पंचायती टाइम्स वेबसाइट में बतौर ट्रेनी खेल पत्रकारिता का पहला अनुभव हासिल किया। 2018 में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के तौर पर ईटीवी से जुड़े। यहां पर करीब तीन साल काम करने के बाद इनसाइडस्पोर्ट्स से जुड़े। यहां पर एक साल तक रहे। उन्होंने 2022 में लाइव हिन्दुस्तान के साथ अपनी पारी की शुरुआत की थी। खेल की बारीकियों को समझने और उन्हें पाठकों तक रोचक अंदाज में पहुंचाने में उन्हें महारत हासिल है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि : हिमांशु ने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईएमएस (नोएडा) से पूरी की है। खेल के प्रति उनके जुनून ने उन्हें करियर की शुरुआत में ही खेल पत्रकारिता की ओर प्रेरित किया। उन्होंने 2017 में 'पंचायती टाइम्स' वेबसाइट में बतौर ट्रेनी अपने करियर का पहला कदम रखा, जहां उन्होंने खेल रिपोर्टिंग की बुनियादी बारीकियां सीखीं।
खेल विश्लेषण एवं रिपोर्टिंग
लाइव मैच कवरेज और डेटा विश्लेषण
खिलाड़ियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू और प्रोफाइल
डिजिटल स्पोर्ट्स कंटेंट स्ट्रेटजी




