BCCI ने साइन किया 130 करोड़ का सौदा, 2 साल के लिए ChatGPT समेत ये 3 ब्रांड रहेंगे एसोसिएट पार्टनर
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ( बीसीसीआई ) ने कैम्पा, एसबीआई लाइफ और चैटजीपीटी को भारत के घरेलू क्रिकेट सीजन के लिए एसोसिएट पार्टनर घोषित किया है। इन साझेदारियों का कुल मूल्य 130 करोड़ रुपये से अधिक है।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ( बीसीसीआई ) ने कैम्पा, एसबीआई लाइफ और चैटजीपीटी को भारत के घरेलू क्रिकेट सीजन के लिए एसोसिएट पार्टनर घोषित किया है। तीनों ब्रांडों ने मार्च 2028 तक चलने वाले दो सीजन के सौदे पर हस्ताक्षर किए हैं। भारत की आगामी वेस्ट इंडीज के खिलाफ घरेलू शृंखला से शुरू होने वाली इन साझेदारियों का कुल मूल्य 130 करोड़ रुपये से अधिक है।
बीसीसीआई के अनुसार, यह आंकड़ा पिछली साइकल की तुलना में 44 फीसदी की बढ़ोत्तरी को दिखाता है। नए सौदों से बीसीसीआई का वाणिज्यिक पोर्टफोलियो तीन अलग-अलग क्षेत्रों - पेय पदार्थ, बीमा और कृत्रिम बुद्धिमत्ता में बढ़ेगा। इससे ब्रांडों को देश के सबसे बड़े और सबसे उत्साही खेल दर्शकों में से एक के साथ जुड़ने का अवसर मिलेगा।
बीसीसीआई अध्यक्ष ने जाहिर की खुशी
बीसीसीआई ने साझेदारी मूल्य में 44 फीसदी की बढ़ोत्तरी पर खुशी जाहिर की। जारी की गई प्रेस रिलीज में बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने कहा- “भारत का घरेलू सीजन देश में एक लोकप्रिय खेल आयोजन बना हुआ है और कैम्पा, एसबीआई लाइफ और चैटजीपीटी के साथ हुए समझौते भारतीय क्रिकेट इकोसिस्टम की मजबूती का एक ठोस प्रमाण हैं। इन साझेदारियों की साझा मूल्यों में हुई बड़ी वृद्धि उत्साहजनक है। यह इस बात को दर्शाता है बीसीसीआई से जुड़ने के बाद प्रमुख ब्रांड को किस तरह से रीच मिलती है और उन्हें बीसीसीआई की व्यावसायिक क्षमता पर कितना भरोसा है।” मन्हास का मानना है कि ये तीनों ब्रांड भारतीय क्रिकेट में अलग-अलग प्रपोजल लेकर आएंगे।
बीसीसीआई सचिव ने क्या कहा?
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने घरेलू सीजन की साझेदारियों के मूल्य में हुई वृद्धि पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा- “हमारे घरेलू सीजन की साझेदारियों के मूल्य में हुई अहम बढ़ोत्तरी इस बात को दिखाती है कि बीसीसीआई और टीम इंडिया में ब्रांडों का कितना विश्वास है।” उन्होंने आगे कहा "नई पार्टनरशिप के संयुक्त सौदे के मूल्य में 44% की वृद्धि, जिसका मूल्य 130 करोड़ रुपये से अधिक है, एक बड़ी उपलब्धि है। यह दिखता है कि बड़े से बड़ा ब्रांड भारतीय क्रिकेट के साथ जुड़ना चाहता है।" उन्होंने कहा “कैंपा, एसबीआई लाइफ और चैटजीपीटी तीन बेहद अलग और रोमांचक श्रेणियों का प्रतिनिधित्व करते हैं और उनका जुड़ाव हमारे घरेलू सीजन द्वारा पेश किए जाने वाले विविध अवसरों को उजागर करता है। हमें उन्हें सहयोगी साझेदार के रूप में शामिल करते हुए खुशी हो रही है और हम फैंस के साथ जुड़ने और भारतीय क्रिकेट के उनके अनुभव को बेहतर बनाने के नए तरीके विकसित करने के लिए उनके साथ काम करने के लिए उत्सुक हैं।”
बीसीसीआई द्वारा तीनों ब्रांड का दिया गया संक्षिप्त परिचय
बीसीसीआई ने अपनी प्रेस रिलीज में तीनों पार्टनर के बारे में संक्षिप्त जानकारी भी दी है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड द्वारा प्रदान की गई जानकारी के अनुसार, कैम्पा एक प्रतिष्ठित भारतीय पेय ब्रांड है, जिसकी समृद्ध विरासत है और पीढ़ियों से उपभोक्ताओं के साथ इसका गहरा जुड़ाव रहा है। आज कैम्पा एक संपूर्ण पेय ब्रांड के रूप में विकसित हो चुका है, जिसकी कई श्रेणियों में मजबूत उपस्थिति है। यह अपनी विशिष्ट भारतीय विरासत को एक साहसिक, समकालीन भावना के साथ जोड़ती है। आज के उपभोक्ताओं की पसंद और आकांक्षाओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किए गए पोर्टफोलियो के साथ कैम्पा एक गौरवशाली भारतीय ब्रांड के पुनरुत्थान का प्रतीक है, जो व्यापकता, प्रासंगिकता और महत्वाकांक्षा से परिपूर्ण है ।
एसबीआई लाइफ के बारे में जानकारी देते हुए बोर्ड ने बताया कि "एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस भारत की अग्रणी जीवन बीमा कंपनी है, जो भरोसे की एक मजबूत विरासत और व्यक्तियों और परिवारों को आर्थिक रूप से सुरक्षित भविष्य बनाने में मदद करने की प्रतिबद्धता के साथ काम करती है। यह ब्रांड लगातार लोगों को उनकी सबसे महत्वपूर्ण चीजों की रक्षा करने और अधिक आत्मविश्वास के साथ अपनी आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए सशक्त बनाने पर केंद्रित रहा है।
इसी प्रकार चैट जीपीटी के बारे में भी बोर्ड ने बताया। कहा "ChatGPT, OpenAI का कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर आधारित संवाद सहायक है जो लोगों की भाषा को समझता है और उन्हें स्वाभाविक, मानवीय भाषा में जवाब देता है। यह उपयोगकर्ता के निर्देशों के अनुसार पाठ, भाषण और चित्र उत्पन्न कर सकता है।



