अजीत अगरकर के भविष्य पर बोले देवजीत सैकिया, कहा- क्रिकेट की दुनिया में 15 दिन काफी लंबा समय
भारतीय क्रिकेट बोर्ड के सचिव देवजीत सैकिया ने शुक्रवार को चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर के भविष्य को लेकर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। हालांकि उन्होंने ये जरूर कहा कि क्रिकेट की दुनिया में 15 दिन काफी लंबा समय होता है।

मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर के भविष्य को लेकर काफी चर्चा हो रही है। अगरकर ने बुधवार को नई दिल्ली में मौजूदा कार्यकाल की आखिरी चयन बैठक में हिस्सा लिया था। उनका कार्यकाल चार अक्टूबर को समाप्त हो रहा है। ऐसे में बीसीसीआई उनके स्थान पर नए अध्यक्ष की तलाश कर सकता है। इस बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड सचिव देवजीत सैकिया ने चयन समिति के अध्यक्ष के रूप में अजीत अगरकर के भविष्य को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। कई रिपोर्ट में सामने आया है कि बोर्ड मुख्य चयनकर्ता के लिए नए चेहरे की तलाश कर रहा है। हालांकि सैकिया ने कहा है कि बोर्ड के पास अब भी अगरकर के भविष्य पर निर्णय लेने के लिए 15 दिन बचे हैं।
बीसीसीआई सचिव ने दिया बयान
सैकिया ने बीसीसीआई की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) के बाद बोर्ड मुख्यालय में संवाददाताओं से कहा, "हमारे पास अभी 15 दिन बाकी हैं। क्रिकेट की दुनिया में 15 दिन काफी लंबा समय होता है। हम उचित समय पर फैसला करेंगे और आपको इसकी जानकारी देंगे। आज किसी व्यक्ति विशेष को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई।'' अगरकर को 2023 में भारत का नया मुख्य चयनकर्ता बनाया गया था। जिसके बाद से वह तीन साल से ज्यादा समय तक इस पद पर हैं।
वनडे विश्व कप (2027) को ध्यान में रखते हुए फिटनेस और कार्यक्रम से जुड़े मुद्दों पर अगरकर और बीसीसीआई के बीच मतभेद की खबरें सामने आती रही हैं। इंग्लैंड दौरे की समीक्षा बैठक में अगरकर की गैरमौजूदगी के बाद इन अटकलों को और बल मिला था।
चयनकर्ताओं के बारे में बाद में फैसला करेंगे
बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा कि सीनियर या जूनियर पुरुष चयन समितियों पर तत्काल कोई निर्णय नहीं लिया गया है। शुक्ला ने एजीएम के बाद संवाददाताओं से कहा, "आज की बैठक अच्छी रही, सब कुछ ठीक रहा। आईपीएल गवर्निंग काउंसिल में उन्हीं लोगों को दोहराया गया है, अरुण धूमल और मैमन।"
शुक्ला ने कहा, “चयनकर्ताओं (सीनियर और जूनियर दोनों पुरुष समितियों में) के संबंध में, एक प्राधिकरण ले लिया गया है और हम चयनकर्ताओं के बारे में बाद में फैसला करेंगे।”
यदि अगरकर को बरकरार नहीं रखा जाता है, तो बीसीसीआई उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट करने और साक्षात्कार लेने से पहले सार्वजनिक विज्ञापन के माध्यम से आवेदन आमंत्रित करने की स्थापित प्रक्रिया का पालन करेगा। कई स्रोतों के अनुसार, भारत के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज पार्थिव पटेल संभावित दावेदार के रूप में उभरे हैं। पटेल वर्तमान में आईपीएल में गुजरात टाइटंस के सहायक कोच हैं और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद उन्होंने कमेंटेटर के रूप में भी काम किया है।


