BCCI को अब शुभमन गिल की टीम से जीत की उम्मीद, सैकिया ने कहा- मीटिंग में सिर्फ प्रदर्शन और कमियों पर चर्चा
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा है कि आगामी मीटिंग सिर्फ टीम के प्रदर्शन और कमियों को दूर करने के उपायों तक सीमित रहेगी। इसके अलावा किसी अन्य विषय पर चर्चा नहीं होगी। उन्हें वनडे टीम से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई है।

भारतीय क्रिकेट बोर्ड सचिव देवजीत सैकिया के अनुसार 19 जुलाई को वनडे सीरीज समाप्त होने के बाद भारतीय टीम के आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में निराशाजनक प्रदर्शन की समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। सैकिया ने हालांकि यह भी स्पष्ट किया कि बोर्ड जल्दबाजी में किसी भी तरह का फैसला नहीं करेगा। हालांकि पता चला है कि मुख्य कोच गौतम गंभीर के भविष्य पर फिलहाल कोई खतरा नहीं है क्योंकि उनका बीसीसीआई के साथ अनुबंध 2027 वनडे विश्व कप तक है। भारतीय टीम आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज 0-2 से हार चुकी है जबकि इंग्लैंड के खिलाफ भी पांच मैचों की टी20 सीरीज गंवाकर 0-3 से पीछे है। वहीं सचिव ने वनडे टीम से बेहतर प्रदर्शन और जीत की उम्मीद जताई है। भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज 14 जुलाई से शुरू होगी।
वनडे सीरीज में टीम बेहतर प्रदर्शन करेगी
सैकिया ने शुक्रवार को एडिनबर्ग में आईसीसी की वार्षिक बैठक के इतर पीटीआई से कहा, ''बीसीसीआई फिलहाल इंग्लैंड के खिलाफ जारी टी20 सीरीज में भारतीय टीम के प्रदर्शन पर नजर रखे हुए है जो उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। '' उन्होंने कहा कि समीक्षा में पूरे प्रदर्शन का आकलन किया जाएगा, लेकिन बोर्ड किसी भी तरह का जल्दबाजी वाला फैसला नहीं करेगा।
सैकिया ने कहा, ''यह कोई असामान्य स्थिति नहीं है और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ऐसा हो सकता है। हम इसे टीम के खराब दौर के रूप में देखते हैं। 19 जुलाई को वनडे सीरीज समाप्त होने और टीम के भारत लौटने के बाद मुख्य सदस्यों के साथ समीक्षा बैठक होगी जिसमें इंग्लैंड दौरे पर हुई कमियों पर चर्चा की जाएगी। हमें उम्मीद है कि वनडे सीरीज में टीम बेहतर प्रदर्शन करेगी। ''
अन्य विषय पर चर्चा नहीं होगी
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि समीक्षा बैठक ''सिर्फ टीम के प्रदर्शन और कमियों को दूर करने के उपायों तक सीमित रहेगी। इसके अलावा किसी अन्य विषय पर चर्चा नहीं होगी। '' गौतम गंभीर के मुख्य कोच बनने के बाद भारतीय टीम के नाम कई अनचाहे रिकॉर्ड दर्ज हुए हैं। इनमें घरेलू टेस्ट सीरीज में न्यूजीलैंड के खिलाफ 0-3 से क्लीन स्वीप, घरेलू वनडे सीरीज में न्यूजीलैंड से हार और आयरलैंड के खिलाफ पहली बार टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज गंवाना शामिल है। अब इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में संभावित 0-4 की हार टीम के लिए सबसे बड़े झटकों में से एक मानी जा रही है।
जानकारी के मुताबिक समीक्षा बैठक में गंभीर और चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर शामिल होंगे। वहीं, टी20 कप्तान श्रेयस अय्यर के जिम्बाब्वे दौरे पर तीन मैचों की सीरीज के लिए रवाना होने की संभावना है इसलिए उनकी उपलब्धता को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। इससे पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज, ऑस्ट्रेलिया दौरे और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू सीरीज में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद भी बीसीसीआई समीक्षा बैठकें कर चुका है।
गौरतलब है कि केवल चार महीने पहले ही गंभीर के मार्गदर्शन में भारत ने अपना टी20 विश्व कप खिताब सफलतापूर्वक बचाया था। ऐसे में दो आईसीसी ट्रॉफी दिलाने वाले कोच को सिर्फ खराब दौर के कारण हटाए जाने की संभावना नहीं लग रही है। हालांकि अहमदाबाद में टी20 विश्व कप जीत के बाद से टीम में काफी बदलाव हुए हैं और नए कप्तान अय्यर की अगुवाई वाली मौजूदा टीम अपने पुराने स्तर से काफी कमजोर नजर आई है।
लेखक के बारे में
Himanshu Singhहिमांशु सिंह (कंटेंट प्रोड्यूसर)
हिंमांशु सिंह पिछले 6 वर्षों से खेल पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं।
परिचय और अनुभव
हिमांशु सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें हिंदी पत्रकारिता में करीब 6 साल का अनुभव है। इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई आईएमएस (नोएडा) से की है। 2017 में पंचायती टाइम्स वेबसाइट में बतौर ट्रेनी खेल पत्रकारिता का पहला अनुभव हासिल किया। 2018 में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के तौर पर ईटीवी से जुड़े। यहां पर करीब तीन साल काम करने के बाद इनसाइडस्पोर्ट्स से जुड़े। यहां पर एक साल तक रहे। उन्होंने 2022 में लाइव हिन्दुस्तान के साथ अपनी पारी की शुरुआत की थी। खेल की बारीकियों को समझने और उन्हें पाठकों तक रोचक अंदाज में पहुंचाने में उन्हें महारत हासिल है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि : हिमांशु ने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईएमएस (नोएडा) से पूरी की है। खेल के प्रति उनके जुनून ने उन्हें करियर की शुरुआत में ही खेल पत्रकारिता की ओर प्रेरित किया। उन्होंने 2017 में 'पंचायती टाइम्स' वेबसाइट में बतौर ट्रेनी अपने करियर का पहला कदम रखा, जहां उन्होंने खेल रिपोर्टिंग की बुनियादी बारीकियां सीखीं।
खेल विश्लेषण एवं रिपोर्टिंग
लाइव मैच कवरेज और डेटा विश्लेषण
खिलाड़ियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू और प्रोफाइल
डिजिटल स्पोर्ट्स कंटेंट स्ट्रेटजी



