
अगर खाने में समस्या होती...ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को फूड पॉइजनिंग होने पर BCCI ने क्या कहा?
ऑस्ट्रेलिया ए के चार खिलाड़ियों की कानपुर में तबतीय खराब हो गई थी। कहा गया कि खाने में समस्या के कारण खिलाड़ी बीमारे पड़े। जानिए, इस मामले पर भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने क्या कुछ कहा?
हाल ही में खबर आई कि ऑस्ट्रेलिया ए के चार खिलाड़ी कानपुर में अचानक बीमार पड़ गए। कहा गया कि खाने में समस्या के कारण खिलाड़ी बीमारे पड़े। गेंदबाज हेनरी थॉर्नटन की हालत तो इतनी बिगड़ी कि उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। कानपुर में खाने और रहने की व्यवस्था पर सवाल उठने के बाद भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने चुप्पी तोड़ी है। बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा कि खाने में समस्या होती तो दोनों टीम के खिलाड़ियों को दिक्कत होती। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को इधर-उधर से इंफेक्शन हो गया होगा।

राजीव शुक्ला ने मीडिया से बातचीत में कहा, ''अगर होटल के खाने में समस्या होती तो ना सिर्फ ऑस्ट्रेलिया बल्कि भारत के खिलाड़ी भी बीमार पड़ते। हालांकि, ऐसा नहीं है। यहां पर जो सबसे अच्छा होटल है, लैंडमार्क; उसका खाना खिलाड़ियों को खिलाया गया। वहां का खाना अच्छा है और सभी ने वही खाया। कुछ खिलाड़ी बीमार पड़ गए, इधर-उधर से कोई इंफेक्शन आ गया होगा। हम चीजों को देख रहे हैं। यहां उतने होटल नहीं है। कम से कम फाइव स्टार होटल के 300 कमरों की जरूरत होती है, जो यहां नहीं मिल पाते।''
बता दें कि ऑस्ट्रेलिया ए ने 16 सितंबर से 5 अक्टूबर तक भारत में दो अनौपचारिक टेस्ट और तीन अनौपचारिक वनडे मैचों की सीरीज खेली। टेस्ट सीरीज लखनऊ के इकाना स्टेडियम में आयोजित हुई, जिसमें एक मैच ड्रॉ रहा जबकि दूसरा भारत ने जीता। सभी वनडे मैच कानपुर के ग्रीन पार्क में आयोजित हुए। भारत ए ने वनडे सीरीज पर 2-1 से कब्जा जमाया। भारत ए ने तीसरे मैच में सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह की (68 गेंद में 102) आक्रामक शतकीय पारी के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर (62) और रियान पराग (62) के अर्धशतकों के दम पर ऑस्ट्रेलिया ए को दो विकेट से हराया।






