
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने टी20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलने के रुख को सही ठहराया है। उन्होंने कहा है कि बांग्लादेश के समर्थन में भारत से मैच के बहिष्कार का फैसला बहुत सोच-विचार कर लिया गया है। इस पर बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा कि आईसीसी जो भी फैसला लेगी, बोर्ड उसके हिसाब से करेगा।
राजीव शुक्ला ने न्यूज एजेंसी एएनआई से कहा, 'इस (शहबाज शरीफ के बयान) पर बीसीसीआई को कुछ नहीं कहना है। इस पर आईसीसी को फैसला लेना है और आईसीसी जो भी कहेगा हम उसके फैसले के हिसाब से बढ़ेंगे...।'
इससे पहले शहबाज शरीफ ने बुधवार को जोर देकर कहा था कि भारत के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाले विश्व कप के मैच के बहिष्कार का फैसला सही है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने इस पर एक 'स्पष्ट रुख' अपनाया है।
शहबाज शरीफ ने बहिष्कार के फैसले का बचाव करते हुए कहा, 'टी20 विश्व कप को लेकर हमने क्लियर स्टैंड लिया है कि हम भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेंगे। हमने ये स्टैंड सावधानी से सोच-विचार के बाद लिया है।'
इससे पहले रविवार को पाकिस्तान ने टी20 वर्ल्ड कप को लेकर अपने फैसले का एक्स पर ऐलान करते हुए कहा कि टीम टूर्नामेंट में तो खेलेगी लेकिन भारत के खिलाफ मैच में मैदान में नहीं उतरेगी।
पाकिस्तान सरकार के फैसले के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने एक बयान जारी करके कहा कि 'सिलेक्टिव पार्टिसिपेशन' एक वैश्विक खेल प्रतियोगिता के लिहाज से ठीक नहीं है। उसने पीसीबी से सभी हितधारकों के हितों की रक्षा के लिए आपसी सहमति से किसी हल पर पहुंचने की अपील की।
आईसीसी ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को चेताया है कि यह 'हाई प्रोफाइल' मैच नहीं खेलने पर उसे गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। यह मैच स्पॉन्सर्स और ब्रॉडकास्टर्स के लिए कमाई का बहुत बड़ा जरिया है।
पाकिस्तान ने टी20 वर्ल्ड कप के लिए पिछले महीने अपने स्क्वाड का ऐलान किया था। वर्ल्ड कप की संयुक्त मेजबानी भारत और श्रीलंका कर रहे हैं। पाकिस्तान के सभी मैच श्रीलंका में हैं। उसे ए ग्रुप में रखा गया है जिसमें उसके और भारत के अलावा नामीबिया, नीदरलैंड और अमेरिका हैं। वर्ल्ड कप का आगाज 7 फरवरी से हो रहा है जो 8 मार्च तक चलेगा।
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय, असिस्टेंट एडिटर
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।
और पढ़ें