सिर पर वर्ल्ड कप, फिर भी जसप्रीत बुमराह को कुछ वनडे सीरीज में दिया जाएगा रेस्ट! BCCI का प्लान समझिए

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

BCCI ने अब वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप और 2027 के वनडे वर्ल्ड कप के लिए 32 साल के सुपर स्टार पेसर जसप्रीत बुमराह को लेकर प्लान बनाना शुरू कर दिया है। अगले साल विश्व कप होना है लेकिन उससे पहले जसप्रीत बुमराह को कुछ वनडे सीरीज से आराम भी दिया जा सकता है क्योंकि टेस्ट पर फोकस ज्यादा रहेगा।

सिर पर वर्ल्ड कप, फिर भी जसप्रीत बुमराह को कुछ वनडे सीरीज में दिया जाएगा रेस्ट! BCCI का प्लान समझिए

सुपर स्टार पेसर जसप्रीत बुमराह अपनी खतरनाक और किफायती गेंदबाजी के लिए तो जाने ही जाते हैं, वर्कलोड मैनेजमेंट की वजह से भी चर्चाओं में रहते हैं। वॉइट बॉल क्रिकेट में वह अक्सर नियमित तौर पर दिखते हैं लेकिन टेस्ट मैचों में बीसीसीआई इस बात का खास खयाल रखता है कि उन पर वर्कलोड ज्यादा न हो। उनके अनोखे बोलिंग ऐक्शन की वजह से उनके शरीर पर ज्यादा दबाव पड़ता है। हालांकि अब बोर्ड ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप और 2027 के वनडे वर्ल्ड कप के लिए 32 साल के इस तेज गेंदबाज को लेकर प्लान बनाना शुरू कर दिया है। टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक BCCI चाहता है कि जसप्रीत बुमराह मौजूदा WTC साइकल के सभी टेस्ट मैच खेलें। इस दौरान भारत को कुल 9 टेस्ट मैच खेलने हैं।

क्रिकेट की दुनिया के सुपरपावर भारत की झोली में सिर्फ एक WTC को छोड़कर आईसीसी की हर ट्रॉफी है। जाहिर है टीम और बोर्ड को इसकी कसक रहती होगी। अब इसे फतेह करने के लिए टीम इंडिया के ब्रह्मास्त्र जसप्रीत बुमराह को हर टेस्ट में खिलाने का प्लान बन रहा है। इसके लिए उन्हें कुछ वनडे सीरीज में आराम भी दिया जा सकता है।

आईपीएल 2026 के बाद भारतीय टीम 6 जून से चंडीगढ़ में अफगानिस्तान के खिलाफ एक टेस्ट मैच खेलेगी लेकिन वह WTC के साइकल में नहीं है। उसके बाद भारत को इस साल श्रीलंका और न्यूजीलैंड के साथ भी 2-2 टेस्ट मैच खेलने हैं। अगले साल जनवरी में ऑस्ट्रेलिया की टीम भारत दौरे पर आएगी और दोनों टीमों के बीच 5 टेस्ट मैच की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी खेली जाएगी।

टाइम्स ऑफ इंडिया ने सूत्रों के हवाले से अपनी रिपोर्ट में बताया है कि इस साल भले ही 2027 के वनडे वर्ल्ड कप को लेकर शोर रहेगा लेकिन भारत की प्राथमिकता मौजूदा WTC साइकल में टीम की उम्मीदों को जिंदा करने पर रहेगा। फिलहाल टीम इंडिया वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की रैकिंग में काफी नीचे 6 नंबर पर मौजूद है।

रिपोर्ट में बीसीसीआई सूत्रों को कोट करते हुए लिखा गया है, ‘कोशिश बुमराह को सभी टेस्ट मैच खेलने के लिहाज से फिट रखने की हो रही है। उम्मीद है कि वह श्रीलंका और न्यूजीलैंड में 4 टेस्ट खेलेंगे। उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5 टेस्ट के लिए तरोताजा रखना चुनौती होगी। चयनकर्ता उन्हें कुछ वनडे सीरीज में आराम देने से नहीं हिचकेंगे। उन्होंने 2 साल के अंतराल के बाद पिछले साल सितंबर में एशिया कप में टी20 क्रिकेट खेला था फिर भी अच्छा प्रदर्शन किया था।’

जसप्रीत बुमराह ने वर्कलोड मैनेजमेंट के चलते पिछले साल इंग्लैंड दौरे पर 5 टेस्ट की सीरीज के सिर्फ 3 मैच ही खेले थे। इसका ऐलान दौरे से पहले ही हो चुका था कि वह सिर्फ 3 ही टेस्ट में उतरेंगे, लेकिन ये तय नहीं था कि वे तीन टेस्ट कौन-कौन से होंगे।

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।

और पढ़ें
Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट Cricket Live Score, Cricket Schedule, और Cricket News in Hindi के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। सभी बड़े मुकाबलों के पल-पल के अपडेट्स और देश-दुनिया की हर क्रिकेट खबर सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।