रोहित शर्मा और विराट कोहली को टेस्ट रिटायरमेंट के लिए क्या बोर्ड ने मजबूर किया था? BCCI ने दिया ये जवाब
बीसीसीआई ने इस बात पर चुप्पी तोड़ी है कि क्या विराट कोहली और रोहित शर्मा को टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट लेने के लिए मजबूर किया गया था या नहीं? राजीव शुक्ला ने कहा है कि रिटायरमेंट का फैसला उनका निजी फैसला था।

रोहित शर्मा और विराट कोहली ने इंग्लैंड दौरे से ठीक पहले टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट की घोषणा कर दी थी। दोनों के साथ फॉर्म एक समस्या थी, लेकिन जिस कद के दोनों खिलाड़ी थे, वे कभी भी वापसी करने का दम रखते थे। हालांकि, उन्होंने खेल से दूर जाना उचित समझा, लेकिन भारतीय टीम उनकी कमी को इंग्लैंड में महसूस जरूर कर रही है। ये बात खुद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कही है। उन्होंने विराट और रोहित के रिटायरमेंट पर भी बयान दिया है।
2007 के बाद से भारत इंग्लैंड की सरजमीं पर टेस्ट सीरीज जीतने का सपना संजोए बैठा है, लेकिन ये अब तक संभव नहीं हुआ है। 2021-22 में भारत बहुत करीब आया था, लेकिन रीशेड्यूल टेस्ट मैच में भारत को हार मिली थी और सीरीज बराबरी पर खत्म हुई थी। अब बीसीसीआई ने चुप्पी तोड़ी है कि क्या विराट और रोहित को जबरदस्ती रिटायरमेंट लेने के लिए मजबूर किया गया था या संन्यास का फैसला इन दोनों दिग्गजों का निजी फैसला था? राजीव शुक्ला ने कहा है कि संन्यास लेने का निर्णय खिलाड़ी का अपना होता है और क्रिकेट संस्था में कोई भी उसे यह निर्णय लेने के लिए बाध्य नहीं कर सकता।
रोहित शर्मा ने एक इंस्टा स्टोरी पोस्ट करते हुए रिटायरमेंट लिया था, जबकि विराट कोहली ने इंस्टा पोस्ट के जरिए अपने रिटायरमेंट की जानकारी दी थी। हैरानी की बात ये थी कि दोनों ने आईपीएल से पहले रणजी मैच खेला था। राजीव शुक्ला ने किंग चार्ल्स वाले कार्यक्रम के दौरान एएनआई से बात करते हुए कहा, "मैं एक बार और स्पष्ट कर देना चाहता हूं। हम सभी रोहित शर्मा और विराट कोहली की कमी महसूस कर रहे हैं। रोहित शर्मा और विराट कोहली ने संन्यास लेने का फैसला खुद लिया था। बीसीसीआई की नीति है कि हम किसी भी खिलाड़ी को संन्यास लेने के लिए नहीं कहते। यह उनका अपना फैसला था।"
बीसीसीआई के टॉप ऑफिशियल ने आगे बताया, "उन्होंने (विराट और रोहित) अपनी मर्जी से संन्यास ले लिया है। हम उन्हें हमेशा याद रखेंगे। हम उन्हें हमेशा महान बल्लेबाज मानेंगे। हमारे लिए यह बहुत अच्छी बात है कि वे दोनों वनडे के लिए उपलब्ध हैं।" इंग्लैंड में जारी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज की बात करें तो भारत इस समय 1-2 से पिछड़ गया है, क्योंकि पहला टेस्ट इंग्लैंड ने जीता था, जबकि दूसरा टेस्ट भारत ने जीता था। तीसरा रोमांचक टेस्ट फिर से इंग्लैंड ने जीता है। चौथा टेस्ट अब मैनचेस्टर में एक सप्ताह बाद खेला जाएगा।
लेखक के बारे में
Vikash Gaurविकाश गौड़: डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर कम असिस्टेंट मैनेजर, स्पोर्ट्स
संक्षिप्त विवरण:
विकाश गौड़ पिछले 8 वर्षों से हिंदी डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) के स्पोर्ट्स सेक्शन में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर (असिस्टेंट मैनेजर) के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
विस्तृत बायो:
परिचय और अनुभव: विकाश गौड़ भारतीय डिजिटल स्पोर्ट्स मीडिया का एक उभरता हुआ चेहरा हैं। लगभग 8 वर्षों के अनुभव के साथ, विकाश ने डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को जमीन से समझा है। 2016 में अपने करियर की शुरुआत करने वाले विकाश ने डिजिटल-फर्स्ट अप्रोच के साथ खेल पत्रकारिता में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। जनवरी 2021 से वह 'लाइव हिन्दुस्तान' की स्पोर्ट्स टीम के मुख्य स्तंभ बने हुए हैं, जहां वह कंटेंट प्लानिंग और स्पोर्ट्स कवरेज का नेतृत्व करते हैं।
करियर का सफर:
मंगलायतन विश्वविद्यालय, अलीगढ़ से पत्रकारिता का ककहरा सीखने के बाद विकाश का सफर 'खबर नॉन स्टॉप' से शुरू हुआ था, जो अब देश के प्रतिष्ठित मीडिया घरानों तक फैला हुआ है। उन्होंने पत्रिका समूह की वेबसाइट 'कैच न्यूज' में खेल की खबरों की तकनीकी समझ विकसित की। इसके बाद 'डेली हंट' में वीडियो प्रोड्यूसर के तौर पर काम करते हुए उन्होंने विजुअल स्टोरीटेलिंग के गुर सीखे। 'दैनिक जागरण' की वेबसाइट में करीब ढाई साल तक खेल डेस्क पर अपनी धार तेज करने के बाद, उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान का रुख किया, जहां वे बीते 4 साल से चौके-छक्के लगा रहे हैं। इंटर्न के तौर पर प्रिंट की समझ हासिल कर चुके विकाश गौड़ के पास अब डिजिटल की अच्छी समझ है और वे ट्रेंड को बखूबी फॉलो करते हैं।
खेल जगत की कवरेज और विशेषज्ञता:
अपने अब तक के करियर में विकाश ने दुनिया के कई बड़े खेल आयोजनों को डेस्क और फील्ड पर रहकर कवर किया है। उनकी विशेषज्ञता केवल क्रिकेट तक सीमित नहीं है, बल्कि वह मल्टी-स्पोर्ट्स इवेंट्स की भी गहरी समझ रखते हैं। उन्होंने निम्नलिखित प्रमुख आयोजनों का व्यापक विश्लेषण और रिपोर्टिंग की है:
क्रिकेट:आईसीसी क्रिकेट विश्व कप, आईपीएल और द्विपक्षीय सीरीज।
ग्लोबल इवेंट्स: ओलंपिक गेम्स, राष्ट्रमंडल खेल और एशियाई खेल
पत्रकारिता का दृष्टिकोण:
विकाश का मानना है कि खेल पत्रकारिता केवल स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह खिलाड़ियों के संघर्ष, खेल की रणनीति और डेटा के पीछे छिपी कहानी को पाठकों तक पहुंचाने का माध्यम है। लाइव हिन्दुस्तान में अपनी भूमिका में वह सुनिश्चित करते हैं कि खेल की खबरें सटीक, तेज और निष्पक्ष हों, जिससे पाठकों को एक संपूर्ण अनुभव मिल सके।
विशेषज्ञता:
क्रिकेट विश्लेषण एवं लाइव कवरेज
ओलंपिक एवं ग्लोबल स्पोर्ट्स इवेंट्स
इंटरव्यू एवं मीडिया इंटरैक्शन
स्पोर्ट्स डेटा एंड स्टेटिस्टिक्स
डिजिटल कंटेंट स्ट्रेटेजी एंड टीम मैनेजमेंट



