
क्या बांग्लादेश को T20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान भारत में खेलने की इजाजत मिलेगी? BCCI ने चुप्पी तोड़ी
टी20 वर्ल्ड कप के तय शेड्यूल के अनुसार बांग्लादेश ग्रुप स्टेज के अपने सभी मुकाबले भारत में ही खेलने वाला है। पहले तीन मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर खेले जाएंगे, वहीं नेपाल के खिलाफ बांग्लादेश की टीम मुंबई के वानखेड़े मैदान पर खेलेगी।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 7 फरवरी से होना है। इस आईसीसी इवेंट की मेजबानी भारत और श्रीलंका मिलकर कर रहे हैं। राजनेतिक तनाव के कारण पाकिस्तान अपने सभी मैच श्रीलंका में खेलेगा। मगर अब भारत और बांग्लादेश के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए यह सवाल उठ रहे हैं कि क्या बांग्लादेश को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान भारत में मैच खेलने की इजाजत मिलेगी? टी20 वर्ल्ड कप के तय शेड्यूल के अनुसार बांग्लादेश ग्रुप स्टेज के अपने सभी मुकाबले भारत में ही खेलने वाला है। पहले तीन मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर खेले जाएंगे, वहीं नेपाल के खिलाफ बांग्लादेश की टीम मुंबई के वानखेड़े मैदान पर खेलेगी। अब बीसीसीआई चीफ मिथुन मन्हास ने इस मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ी है।
BCCI ने बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को IPL 2026 से रिलीज करने का फैसला किया है। हालांकि, यह फैसला सिर्फ IPL पर लागू होता है। 2026 T20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश के मैचों के बारे में अभी कोई फैसला नहीं लिया गया है। इस बात की पुष्टि भारतीय क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख मिथुन मन्हास ने की है।
मनहास ने कहा कि फाइनल फैसला लेने से पहले इस मामले पर विस्तार से चर्चा की गई थी। उन्होंने यह भी साफ किया कि वर्ल्ड कप का मामला अभी भी खुला है। मनहास ने शनिवार को IANS को बताया, "BCCI ने यह फैसला पूरी बातचीत के बाद लिया है, और मिस्टर सैकिया ने पहले ही मीडिया को इसकी जानकारी दे दी है। यह फैसला सिर्फ IPL से जुड़ा है; हमने अभी तक वर्ल्ड कप पर चर्चा नहीं की है। जब यह हो जाएगा, तो हम डिटेल्स शेयर करेंगे।"
भारत के बांग्लादेश दौरे पर भी मंडराया खतरा
भारत को इसी साल सितंबर में बांग्लादेश का दौरा करना है, जहां दोनों देशों के बीच तीन मैच की वनडे और इतने ही मैच की टी20 सीरीज खेली जानी है। मगर दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए इस दौरे पर भी खतरे के बादल मंडराने लगे हैं। बता दें, 2025 में भारत को यह बांग्लादेश का दौरा करना था, मगर बढ़ते तनाव के बीच इस दौरे को बीसीसीआई ने स्थगित करने का फैसला सही समझा।
BCCI अधिकारी ने TOI को बताया, “BCCI का रुख वही है। बांग्लादेश के किसी भी टूर पर आगे बढ़ने से पहले बोर्ड को सरकार से मंजूरी लेनी होगी। अभी तक, BCCI ने शेड्यूल कन्फर्म नहीं किया है। यह मुस्तफिजुर को टीम से बाहर किए जाने से अलग है। BCB सभी ऑप्शन पर विचार कर रहा है। उन्हें देखना होगा कि यह तनाव कब तक रह सकता है। वे यह भी देखेंगे कि क्या वे ICC से अपने T20 वर्ल्ड कप मैचों को दूसरी जगह करवाने के लिए अपील कर सकते हैं।”






