महिला विश्व कप के शेड्यूल में हुआ बड़ा बदलाव, बेंगलुरु से मेजबानी छिनी

महिला विश्व कप के शेड्यूल में हुआ बड़ा बदलाव, बेंगलुरु से मेजबानी छिनी

संक्षेप:

आईसीसी ने भारत और श्रीलंका में होने वाले आगामी आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप के लिए संशोधित कार्यक्रम की घोषणा की है। वनडे विश्व कप के लिए बेंगलुरु से मैचों की मेजबानी छीन ली है। अब मुकाबले मुंबई में खेले जाएंगे।

Aug 22, 2025 02:21 pm ISTHimanshu Singh लाइव हिन्दुस्तान
share

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने आगामी महिला वनडे विश्व कप के लिए बेंगलुरु को आयोजन स्थल से हटाने का फैसला किया है। बीसीसीआई की प्रेस रिलीज के मुताबिक एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में होने वाले मैच मुंबई में स्थानांतरित कर दिए गए हैं। कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) द्वारा मैचों की मेजबानी के लिए पुलिस की मंजूरी प्राप्त करने के लिए बीसीसीआई की बार-बार दी गई समय-सीमा को पूरा ना कर पाने के कारण बेंगलुरु में होने वाले महिला विश्व कप मैचों को मुंबई में स्थानांतरित कर दिया गया है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

आईसीसी के चेयरमैन जय शाह ने कहा, ‘‘हालांकि अप्रत्याशित परिस्थितियों के कारण हमें कार्यक्रम में बदलाव करते एक स्थान बदलना पड़ा, लेकिन अब हमें खुशी है कि हमारे पास पांच विश्वस्तरीय स्थान हैं, जहां महिला क्रिकेट के सर्वश्रेष्ठ मैच देखने को मिलेंगे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मंच तैयार है और मुझे विश्वास है कि यह टूर्नामेंट कल्पनाओं को नए पंख लगाएगा और प्रशंसकों की नई पीढ़ी को प्रेरित करेगा।‘‘ आठ टीमों के इस टूर्नामेंट के अन्य स्थानों में गुवाहाटी, इंदौर, विशाखापत्तनम और कोलंबो शामिल हैं। पाकिस्तान से जुड़े सभी मैचों और पहले सेमीफाइनल की मेजबानी श्रीलंका की राजधानी कोलंबो को मिली है।

जून में आईसीसी ने टूर्नामेंट की तारीखों की घोषणा करते हुए बेंगलुरु को पांच आयोजन स्थलों में से एक के रूप में सूचीबद्ध किया था। मेजबान भारत के साथ टूर्नामेंट के पहले मैच के अलावा बेंगलुरु को 30 अक्टूबर को एक सेमीफाइनल और संभवतः 2 नवंबर को फाइनल की मेजबानी भी करनी थी। (अगर पाकिस्तान फाइनलिस्टों में से एक नहीं होता)।

read moreये भी पढ़ें:
टीम इंडिया के किन 2 सिलेक्टर पर चलेगी तलवार? नए आवेदन की आखिरी तारीख 10 सितंबर

बीसीसीआई को यह फैसला इसी साल 4 जून को घरेलू टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) द्वारा पहली बार आईपीएल जीतने के बाद स्टेडियम के आसपास मची भगदड़ के कारण इस स्टेडियम को बड़े आयोजनों के लिए 'असुरक्षित' करार दिए जाने के बाद लेना पड़ा है।

कर्नाटक सरकार द्वारा नियुक्त एक सदस्यीय समिति ने स्टेडियम को बड़े पैमाने पर होने वाले आयोजनों के लिए "असुरक्षित" माना है। जिसके बाद कर्नाटक पुलिस ने केएससीए को वहां कोई भी मैच आयोजित करने की अनुमति देने से इनकार कर दिया है।

इसके कारण केएससीए को महाराजा टी20 को बेंगलुरु से मैसूर स्थानांतरित करना पड़ा था। बीसीसीआई के इस नए फैसले ने अब आईसीसी को संभावित कार्यक्रम में बदलाव के लिए मजबूर कर दिया है।

Himanshu Singh

लेखक के बारे में

Himanshu Singh
हिमांशु सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें हिंदी पत्रकारिता में करीब 6 साल का अनुभव है। इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई आईएमएस (नोएडा) से की है। 2017 में पंचायती टाइम्स वेबसाइट में बतौर ट्रेनी खेल पत्रकारिता का पहला अनुभव हासिल किया। 2018 में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के तौर पर ईटीवी से जुड़े। यहां पर करीब तीन साल काम करने के बाद इनसाइडस्पोर्ट्स से जुड़े। यहां पर एक साल तक रहे। इसके बाद 2022 में लाइव हिन्दुस्तान के साथ बतौर सीनियर कंटेंट राइटर अपनी पारी शुरू की। अपने करियर के दौरान हिमांशु ने ओलंपिक गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स, आईपीएल, क्रिकेट वर्ल्ड कप जैसे तमाम बड़े इवेंट्स कवर किए हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट क्रिकेट न्यूज, Cricket Live score, Asia Cup Schedule, Asia cup Points Table वाले खिलाड़ियों की जानकारी हिंदी में हिंदुस्तान पर |