BCCI ने U19 वर्ल्ड कप विजेता टीम के लिए खोली अपनी तिजोरी, किया प्राइज मनी का ऐलान
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई ने अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने वाली टीम इंडिया के लिए प्राइज मनी का ऐलान कर दिया है। भारत ने इंग्लैंड को फाइनल में 100 रन से हराकर ट्रॉफी जीती।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई ने अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने वाली आयुष म्हात्रे की टीम इंडिया के लिए प्राइज मनी का ऐलान कर दिया है। आयुष म्हात्रे की अगुवाई में टीम इंडिया ने शुक्रवार, 6 फरवरी को इंग्लैंड को 100 रनों से हराकर रिकॉर्ड 6ठी बार खिताब पर कब्जा जमाया। भारत की इस जीत के हीरो सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी रहे, जिन्होंने फाइनल में 175 रनों की धुआंधार पारी खेली। वैभव को इस पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया। वहीं टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर रहे वैभव सूर्यवंशी प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी बने।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने शुक्रवार को फाइनल में इंग्लैंड को हराकर 2026 अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम के लिए 7.5 करोड़ रुपये के इनाम की घोषणा की।
BCCI ने अपने पोस्ट में लिखा, “BCCI के ऑनरेरी सेक्रेटरी, श्री देवजीत सैकिया ने विजयी इंडिया U19 टीम, कोचिंग और सपोर्ट स्टाफ और जूनियर क्रिकेट कमेटी के लिए ₹7.5 करोड़ के कैश अवॉर्ड की घोषणा की है। यह घोषणा जिम्बाब्वे में भारत की छठी ICC U19 वर्ल्ड कप जीत के बाद की गई है, जिसमें टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कोई मैच नहीं हारा।”
BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने 2026 अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने, पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहने और फाइनल में इंग्लैंड को हराने पर भारतीय अंडर-19 टीम पर गर्व जताया। उन्होंने घोषणा की कि BCCI टीम को 7.5 करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार देगा।
BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने ANI से बात करते हुए कहा, "पूरा देश और BCCI हमारी अंडर-19 टीम पर उनके अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 की जीत पर गर्व महसूस कर रहे हैं। जिस तरह से हमारी टीम ने फाइनल में इंग्लैंड को हराया, और जिस तरह से वे टूर्नामेंट में अजेय रहे, हम सभी को गर्व है। BCCI टीम को 7.5 करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार देगा।"
बात मैच की करें तो वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक पारी के दम पर भारत ने पहलै बैटिंग करते हुए 411 रन बोर्ड पर लगाए थे। वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 80 गेंदों में शानदार 175 रन बनाए, जिसमें 15 चौके और 15 छक्के शामिल थे। कप्तान आयुष म्हात्रे ने 51 गेंदों में 53 रन जोड़े, जबकि अभिज्ञान कुंडू ने 31 गेंदों में तेज़ 40 रन बनाए। इंग्लैंड के कैलेब फाल्कनर ने 115 रन बनाकर बहादुरी से लड़ाई लड़ी, लेकिन इंग्लैंड 100 रनों से यह मैच हार गई।
लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ें



