चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर के भविष्य पर फैसला लेंगे BCCI पदाधिकारी, कुर्सी जाने के हैं पूरे आसार
BCCI की AGM में शनिवार को मेंबर यूनिट्स ने चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर के कार्यकाल को विस्तार देने या उनके स्थान पर नया अध्यक्ष नियुक्त करने का फैसला बोर्ड के पदाधिकारियों पर छोड़ दिया।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में शनिवार को सदस्य इकाइयों ने चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर के कार्यकाल को विस्तार देने या उनके स्थान पर नया अध्यक्ष नियुक्त करने का फैसला बोर्ड के पदाधिकारियों पर छोड़ दिया। अगरकर का कार्यकाल अगले महीने की शुरुआत में समाप्त होने वाला है और ऐसे में उनके भविष्य को लेकर अटकलें तेज हैं। बीसीसीआई उनके स्थान पर चयन समिति के नये अध्यक्ष की तलाश कर सकता है।
एजीएम के बाद बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "चयन समितियों से जुड़े मामलों पर फैसला लेने के लिए पदाधिकारियों को अधिकृत किया गया है।" हालांकि, उन्होंने अगरकर के कार्यकाल को लेकर स्पष्ट स्थिति नहीं बताई। बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने भी कुछ इसी तरह का बयान मीटिंग के बाद दिया। ऐसे में लगभग साफ है कि अजीत अगरकर का कार्यकाल समाप्त होने वाला है। उनको एक्सटेंशन मिलने की संभावना नहीं है। इसकी सुगबुगाहट उसी समय शुरू हो गई थी, जब वे बीसीसीआई की अहम मीटिंग का हिस्सा नहीं बने थे, जिसमें वे ऑनलाइन भी शामिल नहीं हुए थे।
एजीएम में ये भी हुए शामिल
बीसीसीआई की 95वीं एजीएम में बोर्ड से संबद्ध राज्य क्रिकेट संघों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक में बंगाल क्रिकेट संघ (सीएबी) के प्रतिनिधि और भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली तथा कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ के प्रतिनिधि और पूर्व तेज गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद भी मौजूद रहे। दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ यानी डीडीसीए के चेयरमैन रोहन जेटली भी दिल्ली से मुंबई इस एजीएम के लिए पहुंचे थे। कई अहम फैसले इस मीटिंग में लिए गए हैं, जिनके बारे में जानकारी खुद बीसीसीआई सचिव दे सकते हैं या फिर मीडिया रिलीज के माध्यम से और जानकारी सामने आ सकती है।
सीनियर चयन समिति के अध्यक्ष के भविष्य पर फैसला करने के साथ-साथ बीसीसीआई जूनियर चयन समिति के सभी पांच पदों को भी भरने की प्रक्रिया पर विचार कर रहा है। इस बीच, मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) ने भारतीय क्रिकेट बोर्ड से अनुरोध किया कि मैचों के आवंटन के दौरान उसे कुछ और प्रमुख मुकाबले दिए जाने पर विचार किया जाए। मुंबई को अगले साल आईपीएल से पहले तक सिर्फ एक ही मुकाबला अलॉट हुआ है, जो जनवरी में इंडिया और जिम्बाब्वे के बीच खेला जाने वाला तीसरा वनडे मैच है। हालांकि, मुंबई के सीसीआई को आईसीसी वुमेंस चैंपियंस ट्रॉफी 2027 की मेजबानी मिली है। इसके अलावा आईपीएल के तो बहुत सारे मैच वहां खेले ही जाने हैं।


