
डेविड वॉर्नर ने रोहित को पीछे छोड़ा, सर्वाधिक शतक लगाने के मामले में कोहली की बराबरी की
बिग बैश लीग में सिडनी थंडर और होबार्ट हरिकेंस के बीच खेले गए मुकाबले में डेविड वॉर्नर ने दमदार शतक लगाया। इसके साथ ही वह टी20 क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले दुनिया के संयुक्त रूप से दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं।
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर डेविड वॉर्नर ने बिग बैश लीग 2025-26 में सिडनी थंडर की ओर से खेलते हुए शतकीय पारी खेली। डेविड वॉर्नर ने सिडनी थंडर और होबार्ट हरिकेंस के बीच खेले गए मुकाबले के दौरान एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। बीबीएल के 21वें मैच के दौरान डेविड वॉर्नर ने टी20 क्रिकेट में अपना नौवां शतक लगाया। इस शतकीय पारी के दम पर वॉर्नर अब टी20 क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले दुनिया के संयुक्त रूप से दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने भारत के दिग्गज रोहित शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
इस मैच से पहले डेविड वॉर्नर और रोहित शर्मा 8-8 शतकों के साथ बराबरी पर थे। लेकिन सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर शतक लगाने के साथ ही वॉर्नर ने भारतीय बल्लेबाज रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया है। नौवां शतक लगाने के साथ ही वह भारत के महान बल्लेबाज विराट कोहली (9 शतक) के बराबर पहुंच गए हैं। डेविड शानदार लय में नजर आए। 39 साल के वॉर्नर ने 54 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। उनकी इस नाबाद पारी में 8 गगनचुंबी छक्के और 10 चौके शामिल थे। उनकी शानदार बल्लेबाजी की बदौलत सिडनी थंडर ने विशाल लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया। टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम है। गेल ने 22 शतक जड़े हैं।
डेविड वॉर्नर का बिग बैश लीग में ये दूसरा शतक है और दिसंबर 2011 के बाद टूर्नामेंट में उनका पहला शतक था। यह छह साल में उनका पहला T20 शतक भी था और मौजूदा BBL सीजन का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर भी था, जिससे थंडर ने एंजी स्टेडियम में 4 विकेट पर 205 रन का बड़ा स्कोर बनाया। इसके जवाब में हरिकेंस की टीम ने दमदार प्रदर्शन किया और 13 गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। हरिकेंस ने 17.5 ओवर में 4 विकेट खोकर 207 रन बनाए।






