
टेंबा बावुमा को बौना कहने पर जसप्रीत बुमराह पर लग सकता है जुर्माना! VIDEO में देखिए कैसे हुई उनसे ये गलती
जसप्रीत बुमराह के मुंह से कोलकाता टेस्ट मैच में ऐसा कुछ निकल गया, जिसके कारण उनको आईसीसी से फाइन झेलना पड़ सकता है। बुमराह ने अनजाने में टेंबा बावुमा को बौना कह दिया था, क्योंकि गेंद उनके पैड पर लगी थी।
टीम इंडिया के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह से जाने-अनजाने में एक ऐसी गलती हो गई, जिसके लिए उनको आईसीसी से फटकार लग सकती है या फिर जुर्माना भी उनको भरना पड़ सकता है। कोलकाता के ईडन गार्डेंस में खेले जा रहे इंडिया वर्सेस साउथ अफ्रीका पहले टेस्ट मैच के पहले दिन जसप्रीत बुमराह ने साउथ अफ्रीका की टीम के कप्तान टेंबा बावुमा को ऐसा कुछ बोल दिया, जिसकी वजह से उनकी मुश्किलें बढ़ सकती हैं। जसप्रीत बुमराह ने जाने-अनजाने टेंबा बावुमा को बौना बोल दिया, जो बॉडी शेमिंग के अंतर्गत आता है।

दरअसल, जसप्रीत बुमराह भारत के लिए पहले दिन पहले सेशन में 13वां ओवर कर रहे थे। इस ओवर की आखिरी गेंद पर बुमराह ने बावुमा को गेंद डाली और वे हक्के-बक्के रह गए। गेंद बावुमा के पैड पर लगी थी, लेकिन ऊपर की साइड लगी थी। बुमराह ने lbw के लिए अपील की। विकेटकीपर ऋषभ पंत और करीब खड़े खिलाड़ियों ने भी अपील में साथ दिया, लेकिन अंपायर ने इस अपील को नकार दिया। जल्द ही एक मिनी कॉन्फ्रेंस डीआरएस के लिए भारतीय खिलाड़ियों के बीच हुई। इस दौरान बुमराह से गलती हो गई।
विकेट के पीछे से ऋषभ पंत आए और उन्होंने कहा कि गेंद में हाइट है। इस पर जसप्रीत बुमराह ने कहा कि ये बौना भी तो है। इसके बाद पंत ने कहा कि वो ठीक है, लेकिन गेंद पैड के ऊपर लगी है। इस तरह रिव्यू नहीं लिया गया और बाद में बॉल ट्रैकिंग देखी गई तो यही हुआ। गेंद लेग स्टंप के ऊपर से निकल रही थी। हालांकि, इस दौरान जो बात बुमराह ने बावुमा के लिए कही, उसके लिए वह आईसीसी के एलीट पैनल के मैच रेफरी की नजरों में आ सकते हैं। आप वीडियो देख सकते हैं।
हालांकि, अंपायर, मैच रेफरी और साउथ अफ्रीकी खिलाड़ियों को इतनी ज्यादा हिंदी नहीं आती कि इस शब्द के मतलब पकड़ लें। ऐसे में बुमराह बच भी सकते हैं, क्योंकि उन्होंने जानबूझकर या टेंबा बावुमा के लिए इस शब्द का इस्तेमाल नहीं किया। वह अपनी भाषा में अपने साथी खिलाड़ियों से बात कर रहे थे और बताने की कोशिश कर रहे थे कि उनकी हाइट कम है और गेंद पता नहीं चलेगा कि ऊपर से जाएगी या नहीं।




