कोलंबो में बल्लेबाजी आसान नहीं थी, इसलिए ये ईशान किशन की बेहतरीन पारी: अक्षर पटेल
भारतीय टीम के उपकप्तान और ऑलराउंडर अक्षर पटेल ने टी20 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ खेली गई ईशान किशन की 77 रन की पारी को उनकी बेहतरीन पारियों में से एक बताया है। पटेल ने कहा कि जिस पिच पर बल्लेबाजी करना आसान नहीं था, वहां ईशान ने ऐसी पारी खेली जो उनके आत्मविश्वास का स्तर बताता है।

भारतीय टीम के उपकप्तान और ऑलराउंडर अक्षर पटेल ने टी20 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ खेली गई ईशान किशन की 77 रन की पारी को उनकी बेहतरीन पारियों में से एक बताया है। पटेल ने कहा कि जिस पिच पर बल्लेबाजी करना आसान नहीं था, वहां ईशान ने ऐसी पारी खेली जो उनके आत्मविश्वास का स्तर बताता है।
अक्षर पटेल ने स्वीकार किया है कि भारत और उसके चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच के दौरान अतिरिक्त दबाव होता है। हालांकि उन्होंने कहा कि खिलाड़ी दशकों पुरानी प्रतिद्वंद्विता को लेकर बाहर हो रही चर्चाओं पर गौर न करके शांतचित होकर अपने काम पर ध्यान केंद्रित करने की कोशिश करते हैं।
इन दोनों देशों के बीच रविवार को कोलंबो में खेले गए मैच में भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से करारी शिकस्त देकर टी20 विश्व कप के सुपर आठ चरण में प्रवेश कर लिया।
अक्षर ने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘हां, दबाव तो होता है। आपके आस-पास के लोग, आपका परिवार या दोस्त इसके बारे में आपसे बात करते हैं। इसलिए हां, एक आम मैच की तुलना में थोड़ा अधिक दबाव होता है।’
उन्होंने आगे कहा, ‘पेशेवर क्रिकेटर होने के कारण हम केवल अपनी भावनाओं को नियंत्रित करने पर ध्यान केंद्रित करते हैं। हम प्रतिद्वंद्विता के बारे में ज्यादा नहीं सोचते और न ही इसकी वजह से खुद पर अतिरिक्त दबाव डालते हैं।’
अक्षर ने कहा, ‘हम उसे एक अन्य टीम के रूप में ही देखते हैं। हम आपस की प्रतिद्वंद्विताओं आदि के बारे में नहीं सोचते। हम सिर्फ क्रिकेट पर ध्यान केंद्रित करते हैं। इसलिए, जब भी मैं (पाकिस्तान के खिलाफ) खेलता हूं तो मैं इसे एक अन्य प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ एक मैच के रूप में लेता हूं।’
ईशान किशन ने 40 गेंदों में 77 रन बनाकर भारत को सात विकेट पर 175 रन के प्रतिस्पर्धी स्कोर तक पहुंचाया और अक्षर ने इस सलामी बल्लेबाज की जमकर सराहना की।
उन्होंने कहा, ‘जिस तरह से उसने बल्लेबाजी की उसे देखते हुए मुझे लगता है कि यह बेहतरीन पारियों में से एक थी, क्योंकि यहां की परिस्थितियों में बल्लेबाजी करना इतना आसान नहीं था। गेंद स्पिन हो रही थी, कुछ गेंदें सीधी जा रही थीं, इसलिए यह आसान नहीं था। बात सिर्फ इतनी है कि घरेलू क्रिकेट में उसका जो फॉर्म रहा है, उसने उसे न्यूजीलैंड के खिलाफ श्रृंखला में भी बरकरार रखा और फिर आखिरी मैच में भी अर्धशतक बनाया।’
अक्षर ने कहा, ‘जब आपका आत्मविश्वास ऊंचा होता है तो आप अपने बारे में या विकेट के बारे में ज्यादा नहीं सोचते। आत्मविश्वास के साथ-साथ कौशल भी जरूरी है। उसने अपने सारे शॉट एक ही जगह पर नहीं मारे, बल्कि कवर और स्लिप के ऊपर से भी शॉट खेले।’
अक्षर ने कहा कि भारतीय टीम बाहर की बातों की बजाय अपने मजबूत पक्षों पर ध्यान केंद्रित कर रही है।
उन्होंने कहा, ‘हम अपनी क्षमता अपने मजबूत पक्षों पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं और यह बाहरी चर्चा है (भारत की बल्लेबाजी बनाम पाकिस्तान की स्पिन गेंदबाजी)। हम इसके बारे में नहीं सोच रहे हैं। चाहे बल्लेबाजी हो या गेंदबाजी हम सिर्फ अपनी रणनीति पर अमल करने की कोशिश कर रहे हैं। हम सिर्फ इस पर ध्यान दे रहे हैं कि अगर हमें पहले गेंदबाजी करनी है या फिर बाद में गेंदबाजी करनी है तो हमें क्या करना है और विकेट कैसा है। हम केवल इन्हीं बातों पर ध्यान दे रहे हैं।’
लेखक के बारे में
Chandra Prakash Pandeyचन्द्र प्रकाश पाण्डेय, असिस्टेंट एडिटर
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।
और पढ़ें



