
SMAT: बड़ौदा के अमित पासी ने की वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी, टी20 डेब्यू में 55 गेंद में जड़ दिए 114 रन
बड़ौदा के विकेट-कीपर बल्लेबाज अमित पासी ने अपने टी20 डेब्यू में ही दशकभर पुराने वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी की है। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में सर्विसेज के खिलाफ मैच से अपना टी20 डेब्यू किया। डेब्यू मैच में ही उन्होंने शानदार शतक जड़ दिया। उन्होंने 55 गेंदों में 114 रन की पारी खेली।
बड़ौदा के विकेट-कीपर बल्लेबाज अमित पासी ने अपने टी20 डेब्यू में ही दशकभर पुराने वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी की है। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में सर्विसेज के खिलाफ मैच से अपना टी20 डेब्यू किया। डेब्यू मैच में ही उन्होंने शानदार शतक जड़ दिया। उन्होंने 55 गेंदों में 114 रन की पारी खेली। इस तरह उन्होंने टी20 डेब्यू में सबसे ज्यादा रन बनाने के पाकिस्तान के बिलाल आसिफ के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। पाकिस्तानी बल्लेबाज ने 2015 में फॉल्कंस के खिलाफ सियालकोट स्टैलियंस की तरफ से डेब्यू किया था और उसने भी 114 रन बनाए थे।
पासी अपने टी20 डेब्यू मैच में शतक जड़ने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज हैं। 26 साल के अमित पासी को जितेश शर्मा के रीप्लेसमेंट के तौर पर टीम में जगह मिली और उन्होंने अपने डेब्यू मैच में ही यादगार पारी खेली।
टी20 डेब्यू में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज
अमित पासी- बड़ौदा- 114 रन (2025)
बिलाल आसिफ - सियालकोट स्टैलियंस- 114 रन (2015)
मोईन खान- कराची डॉल्फिन- 112 रन (2005)
एम स्पूर्स- कनाडा- 108 रन (2022)
एस भांबरी- चंडीगढ़- 106 रन (2019)
पीए रेड्डी- हैदराबाद (भारत), 105 रन (2010)
एलए डुनबार- सर्बिया- 104 रन (2019)
अब्दुल्लाह शाफिक- सेंट्रल पंजाब (पाकिस्तान), 102 रन (2020)
रविंदर पाल सिंह- कनाडा- 101 रन (2019)
आसिफ अली- फैसलाबाद वॉल्व्स- 100 रन (2011)
अमित पासी ने टी20 डेब्यू में 10 चौके और 9 छक्के जड़े
बड़ौदा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 220 रन का स्कोर खड़ा किया। अमित पासी ने अकेले 114 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 10 चौके और 9 शानदार छक्के जड़े। 28 रन बनाने वाले भानु पूनिया मैच में बड़ौदा के दूसरे टॉप स्कोरर रहे।
बड़ौदा ने सर्विसेज को 13 रन से हराया
जवाब में सर्विसेज की टीम निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 207 रन ही बना सकी। सर्विसेज की तरफ से दोनों ओपनरों कुंवर पाठक और रवि चौहान ने 51-51 रन की शानदार पारियां खेली। कप्तान मोहित अहलावत ने 41 रन बनाए। इन तीनों के अलावा कोई और बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर पाया। 6 बल्लेबाज तो दहाई का आंकड़ा तक नहीं छू पाए। इनमें दो बल्लेबाज खाता खोलने से भी वंचित रहे। इस तरह बड़ौदा ने सर्विसेज को 13 रन से शिकस्त दे दी।






