
हमारा ग्रुप बदलो…टी20 वर्ल्ड कप को लेकर बांग्लादेश का नया पैंतरा, क्या ICC लेगा ये हैरतअंगेज फैसला?
टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर बांग्लादेश ने नया पैंतरा चला है। बांग्लादेश ने टूर्नामेंट श्रीलंका में खेलने के लिए आईसीसी से ग्रुप बदलने की डिमांड की है। भारत और श्रीलंका संयुक्त मेजबान हैं।
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने शनिवार को आईसीसी से कहा कि भारत की बजाय श्रीलंका में खेलने के लिए टी20 वर्ल्ड कप 2026 में उसे ग्रुप बी में आयरलैंड की जगह शामिल कर दिया जाए। बांग्लादेश ग्रुप सी में वेस्टइंडीज, इटली, इंग्लैंड और नेपाल के साथ है और उसे लीग मैच कोलकाता तथा मुंबई में खेलने हैं। आयरलैंड ग्रुप बी में श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया, ओमान और जिम्बाब्वे के साथ है, जिसे अपने मैच कोलंबो और पल्लेकेले में खेलने हैं।
आईसीसी की दो सदस्यीय टीम भारत में सुरक्षा इंतजामात को लेकर बीसीबी को आश्वस्त करने के लिए ढाका में थी। टीम में इवेंट और कारपोरेट कम्युनिकेशंस महाप्रबंधक गौरव सक्सेना और इंटीग्रिटी ईकाई के महाप्रबंधक एंड्रयू एफग्रेव शामिल हैं। बीसीबी ने आईसीसी प्रतिनिधियों से मिलने के बाद एक बयान में कहा, ‘‘बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप में बांग्लादेश की भागीदारी को लेकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के प्रतिनिधियों से मुलाकात की।’’
एफग्रेव बैठक में मौजूद थे जबकि सक्सेना बांग्लादेश का वीजा समय पर नहीं मिल पाने के कारण आनलाइन बैठक में शामिल हुए। बीसीबी ने कहा, ‘‘बातचीत के दौरान बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने आईसीसी से उसके मैच श्रीलंका में कराने का अनुरोध दोहराया। बोर्ड ने बांग्लादेश सरकार की राय और बांग्लादेशी टीम, मीडिया, प्रशंसकों और अन्य हितधारकों की सुरक्षा को लेकर चिंता से भी अवगत कराया।’’
बीसीबी की ओर से अध्यक्ष मोहम्मद अमीनुल इस्लाम, उपाध्यक्ष मोहम्मद शकावत हुसैन और फारूक अहमद, क्रिकेट संचालन समिति के अध्यक्ष और निदेशक नजमुल अबेदीन और मुख्य कार्यकारी अधिकारी निजामुद्दीन चौधरी मौजूद थे। समझा जाता है कि आईसीसी बांग्लादेश की मांग को स्वीकार नहीं करेगी क्योंकि इसमें कई व्यवहारिक दिक्कतें हैं और पूरे टूर्नामेंट के कार्यक्रम में भारी बदलाव करना होगा।






