बांग्लादेश के खिलाड़ियों ने बहिष्कार खत्म किया, बीपीएल फिर शुरू

Jan 16, 2026 04:13 pm ISTChandra Prakash Pandey ढाका, भाषा
share

बांग्लादेश के नाराज क्रिकेटरों ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) और खिलाड़ियों के कल्याण संघ के बीच सहमति बनने के बाद खेल के व्यापक हित को ध्यान में रखते हुए बहिष्कार खत्म कर दिया। अब शुक्रवार से बीपीएल टी20 के मैच फिर से शुरू हो गए हैं।

बांग्लादेश के खिलाड़ियों ने बहिष्कार खत्म किया, बीपीएल फिर शुरू

बांग्लादेश के नाराज क्रिकेटरों ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) और खिलाड़ियों के कल्याण संघ के बीच सहमति बनने के बाद खेल के व्यापक हित को ध्यान में रखते हुए बहिष्कार खत्म कर दिया। अब शुक्रवार से बीपीएल टी20 के मैच फिर से शुरू हो गए हैं।

बृहस्पतिवार को सीनियर खिलाड़ियों ने बीसीबी निदेशक नजमुल इस्लाम की उनके खिलाफ की गई अपमानजनक टिप्पणियों के विरोध में बगावत कर दी थी जिससे बोर्ड की शीर्ष टी20 लीग के ठप होने का खतरा पैदा हो गया था।

बीसीबी ने स्थिति संभालने के लिए नजमुल को अपनी वित्त समिति के प्रमुख पद से हटा दिया जिससे हालात कुछ हद तक नियंत्रण में आए।

‘क्रिकेटर्स वेलफेयर एसोसिएशन ऑफ बांग्लादेश’ (सीडब्ल्यूएबी) के अध्यक्ष मोहम्मद मिथुन ने कहा कि खिलाड़ियों के हित के लिए उन्हें कुछ बातों पर समझौता करना पड़ा।

इससे पहले मिथुन बृहस्पतिवार देर रात बोर्ड परिसर में हुई प्रेस कांफ्रेंस में बीसीबी निदेशक इफ्तेखार रहमान के साथ मौजूद थे। उन्होंने कहा, ‘क्रिकेट के व्यापक हित को ध्यान में रखते हुए हम कल (शुक्रवार) से फिर खेलेंगे। उन्होंने (बीसीबी) हमें भरोसा दिलाया है कि वे उनसे (बीसीबी निदेशक एम नजमुल इस्लाम) बात करेंगे और हमारी मांगों को जल्द से जल्द पूरा करेंगे।’

बृहस्पतिवार को बीपीएल के दो मैच स्थगित हो गए थे लेकिन ये अब शुक्रवार को खेले जा रहे हैं। चटग्राम रॉयल्स और नोआखली एक्सप्रेस के बीच मैच जारी है।

बृहस्पतिवार को नजमुल को बीसीबी पद से हटाए जाने के बावजूद दिन में निर्धारित बीपीएल के दो मैच स्थगित कर दिए गए थे।

यह हंगामा तब शुरू हुआ जब नजमुल ने ‘सुरक्षा चिंताओं’ के कारण अगले महीने होने वाले टी20 विश्व कप के लिए भारत जाने से बांग्लादेश के इनकार को दोहराते हुए देश के टूर्नामेंट से हटने पर खिलाड़ियों की पारिश्रमिक से जुड़ी चिंताओं को खारिज कर दिया।

उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को मुआवजा नहीं दिया जाएगा क्योंकि उन्होंने अब तक मिले समर्थन को सही साबित नहीं किया है और एक भी आईसीसी (अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद) प्रतियोगिता नहीं जीत पाए हैं। इस बयान से काफी हंगामा हुआ और सीडब्ल्यूएबी ने उन्हें तुरंत हटाने की मांग की।

बांग्लादेश के पूर्व कप्तान तमीम इकबाल ने जब बोर्ड को सलाह दी कि विश्व कप को लेकर भावनाओं में बहकर कोई फैसला न लिया जाए क्योंकि उसका असर अगले 10 साल तक होगा तब नजमुल ने उन्हें भी भला-बुरा कहा था। नजमुल ने तमीम इकबाल को 'भारत का एजेंट' करार दिया था। उनकी ये टिप्पणी भी सीनियर क्रिकेटरों को काफी नागवार गुजरी थी।

बांग्लादेश भारत जाने से इनकार कर रहा है और सुरक्षा चिंताओं का हवाला दे रहा है क्योंकि भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के निर्देश पर तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल से बाहर कर दिया गया था। मुस्तफिजुर को बाहर करने के लिए ‘चारों ओर की घटनाओं’ का हवाला दिया गया।

बीसीबी अब भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के साथ बातचीत कर रहा है जिससे कि कोई रास्ता निकाला जा सके क्योंकि वैश्विक संचालन संस्था ने भारत में बांग्लादेश के चार मैच को श्रीलंका में स्थानांतरित करने में अनिच्छा जताई है।

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय, असिस्टेंट एडिटर

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।

और पढ़ें
लेटेस्ट क्रिकेट न्यूज, लाइव स्कोर, क्रिकेट शेड्यूल, T20 वर्ल्ड कप 2026, T20 वर्ल्ड कप 2026 शेड्यूल और T20 वर्ल्ड कप 2026 प्वाइंट टेबल की पूरी जानकारी और खिलाड़ियों के आंकड़े हिंदी में पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें।