भारत में टी20 वर्ल्ड कप नहीं खेलेगा बांग्लादेश, क्या पाकिस्तान भी करेगा बायकॉट?

Jan 22, 2026 06:53 pm ISTChandra Prakash Pandey लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने अगले महीने से शुरू हो रहे टी20 विश्व कप के भारत में मैच नहीं खेलने का फैसला किया है। इसका सीधा मतलब है कि बांग्लादेश का विश्व कप से पत्ता कट गया है और उसकी जगह नई टीम को एंट्री मिलेगी जो स्कॉटलैंड हो सकती है।

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने अगले महीने से शुरू हो रहे टी20 विश्व कप के भारत में मैच नहीं खेलने का फैसला किया है। इसका सीधा मतलब है कि बांग्लादेश का विश्व कप से पत्ता कट गया है और उसकी जगह नई टीम को एंट्री मिलेगी जो स्कॉटलैंड हो सकती है। आईसीसी की तरफ से इसका ऐलान अब सिर्फ औपचारिकता भर है। वैसे बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को अब भी आईसीसी से रियायत की उम्मीद है। इस बीच पाकिस्तानी मीडिया की रिपोर्ट्स के मुताबिक पाकिस्तान भी टी20 विश्व कप का बहिष्कार कर सकता है।

बीसीबी प्रमुख ने ढाका में किया ऐलान

ढाका में पत्रकारों से बातचीत करते हुए बीसीबी अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल ने इस बात की पुष्टि की कि बांग्लादेश टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारत नहीं जाएगा। साथ में उन्होंने यह भी कहा कि बोर्ड एक बार फिर आखिरी प्रयास के तौर पर आईसीसी से फिर बातचीत करेगा।

इस्लाम ने कहा कि बोर्ड आईसीसी से अपने मैचों को श्रीलंका में शिफ्ट कराने के लिए एक बार आखिरी प्रयास करेगा। दूसरी तरफ आईसीसी ने बुधवार को ही साफ कर दिया था कि मैच शिफ्ट नहीं होंगे। अगर बांग्लादेश भारत में वर्ल्ड कप के मैच खेलने के लिए नहीं आता है तो उसकी जगह दूसरी टीम को टूर्नामेंट में जगह दी जाएगी।

हम विश्व कप खेलना तो चाहते हैं लेकिन भारत में नहीं: BCB

इस्लाम ने गुरुवार को ढाका में पत्रकारों से बातचीत में कहा, ‘हम सभी वर्ल्ड कप खेलना चाहते हैं। हमारे खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के लिए भारत में सुरक्षा का मुद्दा बना हुआ है। यह उनके खिलाड़ियों के बीच से एक खिलाड़ी को बाहर किए जाने से शुरू हुआ। आईसीसी कह सकता है कि सुरक्षा को लेकर कोई चिंता नहीं है लेकिन हमारे खिलाड़ी को उनके टूर्नामेंट से बाहर किया गया। वह देश विश्व कप की मेजबानी कर रहा है। तब से क्या बदल गया है? अगर मुस्तफिजुर को सुरक्षा नहीं प्रदान की जा सकती तो हम कैसे भरोसा कर लें कि आईसीसी हमें सुरक्षा देगी? हम विश्व कप खेलना चाहते हैं लेकिन भारत में नहीं।’

पाकिस्तान भी कर सकता है बहिष्कार

टी20 विश्व कप का बांग्लादेश की तरफ से बहिष्कार की खबर आने से पहले पाकिस्तान के जिओ न्यूज ने अपनी रिपोर्ट में बड़ा दावा किया था। जिओ न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक अगर बांग्लादेश की मांग नहीं मानी जाती है तो पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप का बहिष्कार कर सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक पीसीबी के अधिकारी अभी इसका इंतजार कर रहे हैं कि बांग्लादेश क्या फैसला लेता है। अब बांग्लादेश ने तो वर्ल्ड कप के बहिष्कार का फैसला ले लिया है, ऐसे में अब देखना होगा कि क्या पाकिस्तान भी उसके समर्थन में ऐसा ही कदम उठाता है?

आईसीसी ने बीसीबी को दी थी 24 घंटे की मोहलत

इससे पहले आईसीसी ने बुधवार को अपनी बोर्ड मीटिंग में बांग्लादेश की मांगों को ठुकरा दिया था। आईसीसी ने कहा कि बांग्लादेश को टी20 विश्व कप के अपने मैच पहले से तय कार्यक्रम के मुताबिक भारत में ही खेलने होंगे। आईसीसी ने स्पष्ट किया कि मैच निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही होंगे क्योंकि भारत में टूर्नामेंट के किसी भी स्थल पर बांग्लादेश के खिलाड़ियों, अधिकारियों या प्रशंसकों की सुरक्षा को कोई विश्वसनीय खतरा नहीं है।

यह फैसला आईसीसी बोर्ड की वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए आयोजित की गई बैठक में लिया गया, जो बीसीबी द्वारा भारत में खेलने को लेकर चिंता जताने और आयोजन स्थलों में बदलाव की मांग के बाद स्थिति पर चर्चा करने के लिए बुलाई गई थी।

आईसीसी सूत्रों ने पीटीआई को बताया कि 16 सदस्यों में से 14 ने बीसीबी के मैच स्थानांतरित करने के अनुरोध के खिलाफ मतदान किया। आईसीसी ने बीसीबी को विचार करने और अंतिम निर्णय लेने के लिए एक और दिन का समय दिया है।

आईसीसी के एक सूत्र ने बताया, ‘सभी सदस्यों में से केवल बांग्लादेश बोर्ड (बीसीसी) और पाकिस्तान ने मैच स्थानांतरित करने के अनुरोध के पक्ष में मतदान किया, जबकि अन्य सभी सदस्यों ने इसके विरोध में मतदान किया। बांग्लादेश को विश्व कप में अपनी भागीदारी की पुष्टि करने के लिए 21 जनवरी तक का समय दिया गया था, लेकिन आईसीसी बोर्ड ने उन्हें अपना पक्ष रखने के लिए एक और दिन का समय दिया है।’

मुस्तफिजुर रहमान को IPL से रिलीज किए जाने से शुरू हुआ मुद्दा

यह संकट बीसीसीआई के निर्देश पर बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को इस वर्ष के इंडियन प्रीमियर लीग के लिए कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम से हटाए जाने के बाद पैदा हुआ। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने इसके बाद घोषणा की थी कि उनकी टीम विश्व कप के ग्रुप चरण के कोलकाता और मुंबई में होने वाले मैचों के लिए भारत का दौरा नहीं करेगी।

बांग्लादेश अपने मैच श्रीलंका में स्थानांतरित करना चाहता था। उसे विश्व कप में वेस्टइंडीज, इटली, इंग्लैंड और नेपाल के साथ ग्रुप सी में रखा गया है।

ढाका में आईसीसी अधिकारियों के साथ अपनी पिछली बैठक में बीसीबी ने उसकी टीम को आयरलैंड के स्थान पर ग्रुप बी में रखने का प्रस्ताव रखा था, जिसमें टूर्नामेंट के सह-मेजबान श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया, ओमान और जिम्बाब्वे शामिल हैं। उसकी सारी मांग खारिज हो चुकी हैं।

बांग्लादेश के पूर्व कप्तान तमीम इकबाल और मौजूदा टेस्ट कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने इस विवादास्पद विषय पर कठोर रुख अपनाने के खिलाफ चेतावनी दी है। तमीम इकबाल ने कहा कि आज लिए गए फैसलों के गंभीर परिणाम अगले 10 साल में देखने को मिलेंगे।

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय, असिस्टेंट एडिटर

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।

और पढ़ें
Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट, IPL 2026 , Orange Cap और Purple Cap की रेस, IPL 2026 Points Table , IPL 2026 Schedule और Live Cricket Score देखें और Live Hindustan App डाउनलोड करके सभी अपडेट सबसे पहले पाएं।