बांग्लादेश टेस्ट में सबसे तेज एशियन टीम, ऑस्ट्रेलिया को रौंदकर भारत और पाकिस्तान का रिकॉर्ड तोड़ा
AUS vs BAN Darwin Test: बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया को पहले टेस्ट में करारी शिकस्त दी। मेजबान ऑस्ट्रेलिया ने छोटा लक्ष्य रखा था। बांग्लादेश ने डार्विन में ऑस्ट्रेलिया को रौंदते ही इतिहास रच डाला।

बांग्लादेश ने रविवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट में 9 विकेट से जीत हासिल की और इतिहास रचा। यह बांग्लादेश की ऑस्ट्रेलिया की धरती पर पहली टेस्ट जीत है। बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया को दूसरी बार टेस्ट में शिकस्त दी। बांग्लादेश ने 2017 में मीरपुर में कंगारू टीम को 20 रनों से मात थी। ऑस्ट्रेलिया ने डार्विन के मारारा क्रिकेट ग्राउंड में महज 57 रनों का टारगेट दिया, जिसे बांग्लादेश ने 14.2 ओवर में चेज कर लिया। मैच के चौथे दिन ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी 284 रनों पर सिमटी। कैमरन ग्रीन (104) ने शतक लगाया। मेहदी हसन मिराज ने 66 रन देकर विकेट चटकाए। ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 198 बनाए थे, जिसमें हसन महमूद ने छह लिकेट लिए। जवाब में बांग्लादेश ने 426 रन बटोरे थे। बांग्लादेश ने पहली पारी के आधार पर 228 रनों की बढ़त हासिल की, जिससे ऑस्ट्रेलिया पर काफी दबाव पड़ा।
बांग्लादेश टेस्ट में सबसे तेज एशियन टीम
बांग्लादेश, ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर सबसे तेज टेस्ट मैच जीतने वाली एशियन टीम बन गई है। बांग्लादेश ने सिर्फ तीन टेस्ट मैचों में ऐसा कर दिखाया। भारत ने यहां 12 टेस्ट मैचों में जाकर जीत का स्वाद चखा था। पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया में 7 टेस्ट में जीत का खाता खोला। श्रीलंकाई टीम, ऑस्ट्रेलिया में 15 टेस्ट खेलने के बावजूद अब तक जीत हासिल नहीं कर सकी है। बता दें कि ऑस्ट्रेलिया ने 31 सालों में पहली बार भारत के अलावा किसी एशियन टीम के हाथों घर पर टेस्ट गंवाया है। बांग्लादेश ने SENA देशों में दूसरी जीत दर्ज की है। बांग्लादेश ने इससे पहले 2022 में माउंट माउंगानुई में न्यूजीलैंड को हराया था। क्रिकेट में साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया को SENA देश कहा जाता है।
भारत-पाकिस्तान का ये रिकॉर्ड भी तोड़ा
बांग्लादेश, ऑस्ट्रेलिया में विकेटों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत दर्ज करने वाली एशियन टीम बन चुकी है। बांग्लादेश ने भारत और पाकिसतान का रिकॉर्ड तोड़ा। भारत ने 2020 में मेलबर्न में ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से रौंदा था। पाकिस्तान ने 1977 में सिडनी में ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से धूल चटाई। यह बांग्लादेश की विकेटों के लिहाज से दूसरी सबसे बड़ी टेस्ट जीत है। बांग्लादेश ने 2024 में रावलपिंडी में पाकिस्तान के खिलाफ 10 विकेट से जीत हासिल की थी। बांग्लादेश बनाम ऑस्ट्रेसिया टेस्ट सीरीज का दूसरा और आखिरी मैच 22 अगस्त से मैकाय में शुरू होगा। अपमानजनक पराजय के बाद अब चयनकर्ताओं पर दूसरे टेस्ट से पहले ऑस्ट्रेलिया टीम में बदलाव करने का दबाव होगा। यह सीरीज आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) 2025-2027 का हिस्सा है।



