BAN vs PAK मैच के दौरान हुआ ड्रामा! बांग्लादेश की इस हरकत से नाराज पाकिस्तान, दर्ज की अधिकारिक शिकायत
पाकिस्तान मैनेजमेंट ने इस आधार पर शिकायत दर्ज कराई है कि उनका मानना है कि बांग्लादेश ने रिव्यू तब लिया, जब बड़ी स्क्रीन पर उस गेंद का रीप्ले दिखाया जा चुका था।

पाकिस्तान के बांग्लादेश दौरे का अंत एक ड्रामे के साथ हुआ। तीसरा वनडे जीतकर बांग्लादेश ने 2-1 से सीरीज पर कब्जा जमाया, मगर बांग्लादेश ने सीरीज के आखिरी ओवर में कुछ ऐसा किया जो पाकिस्तान को बिल्कुल पसंद नहीं आया और उन्होंने इसको लेकर अधिकारिक शिकायत भी दर्ज कराई है। पाकिस्तान को तीसरा वनडे जीतने के लिए 291 रनों का टारगेट मिला था, इस स्कोर का पीछा करते हुए मेहमान टीम 279 रनों पर ही सिमट गई। पाकिस्तान ने यह मैच 11 रनों से हारने के साथ-साथ 11 साल बाद बांग्लादेश के हाथों सीरीज भी गंवाई।
यह ड्रामा पाकिस्तान के पारी के आखिरी ओवर में हुआ जब मेहमान टीम को 2 गेंदों पर जीत के लिए 12 रनों की दरकार थी। रिशाद हुसैन ने पांचवीं गेंद शाहीन अफरीदी के लेग साइड में डाली जो घूमते हुए बाहर चली गई। अंपायर ने इसे तुरंत दिया, हालांकि थोड़ी देर बाद बांग्लादेश ने LBW के लिए रिव्यू लेने का फैसला किया।
सामान्य नियमों के अनुसार, रिव्यू के बारे में फैसला तब लिया जाना चाहिए जब खिलाड़ियों को कोई भी रीप्ले दिखाई न दे, ताकि वे रिव्यू के फैसले को प्रभावित न कर सकें। हालांकि, यह मानते हुए कि रिव्यू की कोई गुंजाइश नहीं थी क्योंकि उस गेंद को शुरू में 'वाइड' करार दिया गया था, पाकिस्तान ने तर्क दिया है कि इन सामान्य नियमों का पालन नहीं किया गया; स्टेडियम की बड़ी स्क्रीन पर गेंद को बल्ले के पास से गुजरते हुए दिखाया गया था, जिससे संभवतः बांग्लादेश को यह संकेत मिल गया कि गेंद बल्ले से टकराई हो सकती है।
पाकिस्तान इस बात से भी नाराज है कि बांग्लादेश को शायद 15 सेकंड की तय समय-सीमा के बाद रिव्यू करने की अनुमति दी गई, जबकि इस तरह का फैसला इसी समय-सीमा के भीतर लिया जाना अनिवार्य होता है। प्रसारण के दौरान स्क्रीन पर कोई टाइमर दिखाई नहीं दिया, इसलिए इस बात की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी कि बांग्लादेश ने तय समय के भीतर ही रिव्यू किया था या नहीं।
रिव्यू में पाया गया कि गेंद अफरीदी के बैट पर लगी है, जिस वजह से अंपायर को अपना फैसला बदलना पड़ा और पाकिस्तान के हाथ से मैच पूरी तरह फिस गया। जहां इस वाइड के बाद पाकिस्तान को 2 गेंदों पर 11 रनों का दरकार होती, वहीं फैसला पलटने के बाद उन्हें 1 गेंद पर 12 रन चाहिए थे।
ईएसपीएनक्रिकइन्फो के अनुसार पाकिस्तान ने मैच रेफरी नियामुर राशिद से शिकायत की है कि ऑन-फील्ड अंपायर कुमार धर्मसेना ने बांग्लादेश को LBW रिव्यू लेने की इजाजत क्यों दी। पाकिस्तान मैनेजमेंट ने इस आधार पर शिकायत दर्ज कराई है कि उनका मानना है कि बांग्लादेश ने रिव्यू तब लिया, जब बड़ी स्क्रीन पर उस गेंद का रीप्ले दिखाया जा चुका था।
लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ें


