
100वें टेस्ट में मुशफिकुर रहीम का बड़ा कारनामा, रिकी पोंटिंग के बाद ऐसा करने वाले दूसरे बैटर
मुशफिकुर रहीम ऑस्ट्रेलिया के महान कप्तान रिकी पोंटिंग के एक खास क्लब में शामिल हो गए हैं। वह टेस्ट इतिहास में केवल दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने अपने 100वें टेस्ट की दोनों पारियों में 50 या उससे अधिक का स्कोर बनाया है।
बांग्लादेश के अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम ने अपने 100वें टेस्ट मैच में शतक लगाकर इसे यादगार बना दिया। आयरलैंड के खिलाफ ढाका में खेले गए दूसरे टेस्ट में रहीम ने दोनों पारियों में अर्धशतक लगाकर एक खास क्लब में जगह बना ली है। बांग्लादेश के अनुभवी बल्लेबाज ने पहली पारी में 106 और दूसरी पारी में नाबाद 53 रन बनाए। वह रिकी पोंटिंग के बाद 100वें टेस्ट की दोनों पारियों में 50 से अधिक स्कोर बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं।
बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम टेस्ट इतिहास में केवल दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने अपने 100वें टेस्ट की दोनों पारियों में 50 या उससे अधिक का स्कोर बनाया है। 100वें टेस्ट की पहली पारी में रहीम ने शतक लगाया और वह ऐसा कारनामा करने वाले दुनिया के 11वें खिलाड़ी बन गए। ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज रिकी पोंटिंग ने अपने 100वें टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सिडनी में 120 और 143* रनों की ऐतिहासिक पारियां खेली थी और अपना नाम इतिहास के सुनहरे पन्नों में दर्ज करवा लिया था। पोंटिंग ने दोनों पारियों में शतक लगाकर एक और अनूठा रिकॉर्ड बनाया था, जिसे रहीम छूने से चूक गए।
रहीम 100वें टेस्ट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं। रिकी पोंटिंग ने 100वें टेस्ट में 263 रन और जो रूट ने 258 रन बनाए। रहीम ने 159 रन बनाए। मुशफिकुर रहीम ने अपने 100वें टेस्ट में शतक जड़ा, जिससे बांग्लादेश ने आयरलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में 217 रन से जीत हासिल कर सीरीज में 2-0 से क्लीन स्वीप किया। मुशफिकुर ने पहली पारी में 106 रन बनाने के बाद दूसरी पारी में नाबाद 53 रन की पारी खेली जिससे उन्होंने मैच में कुल 159 रन बनाए जबकि लिटन दास ने 128 रन की शतकीय पारी खेली। इससे मेजबान टीम ने पहली पारी में 476 रन बनाए।
आयरलैंड के ऑफ-स्पिनर एंडी मैकब्राइन ने 109 रन पर छह विकेट झटककर बांग्लादेश को 500 रन से पहले ही रोक दिया। लेकिन ताइजुल इस्लाम ने दोनों पारियों में 76 और 94 रन देकर चार चार विकेट झटके। इससे वह 250 टेस्ट विकेट तक पहुंचने वाले पहले बांग्लादेशी गेंदबाज बन गए। आयरलैंड की टीम पहली पारी में 265 रन पर सिमट गई।
लेकिन बांग्लादेश ने फॉलो-ऑन नहीं दिया। दूसरी पारी में शादमान इस्लाम (78) और महमूदुल हसन जॉय (60) ने मिलकर 119 रन की भागीदारी निभाई। इसके बाद मोमिनुल हक ने 87 रन बनाए जिससे बांग्लादेश ने चार विकेट पर 297 रन पर पारी घोषित कर दी। अब आयरलैंड को जीत के लिए 509 रन का मुश्किल लक्ष्य मिला। आयरलैंड की जोड़ी हैरी टेक्टर (50) और कर्टिस कैंपर (नाबाद 71 रन) ने डटे रहकर मैच को पांचवें दिन तक पहुंचाया। लेकिन उसकी दूसरी पारी 291 रन पर खत्म हुई। बांग्लादेश ने पहला मैच पारी और 47 रन से जीता था।






