कोहली-पोंटिंग जैसे दिग्गज कप्तानों के साथ जुड़ा बाबर आजम का नाम, इंटरनेशनल क्रिकेट में किया बड़ा कारनामा
बाबर आजम इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट की दूसरी पारी में शतक तो नहीं बना पाए, मगर उन्होंने 76 रनों की पारी खेल टीम की लाज जरूर बचाई। इसी के साथ उन्होंने बड़े-बड़े कप्तानों की लिस्ट में अपनी जगह बनाई।

पाकिस्तान टेस्ट टीम के कप्तान बाबर आजम इंग्लैंड दौरे पर अपनी टीम की लाज बचाने में कामयाब रहे। तीन टेस्ट मैच की सीरीज के पहले दो मैच हारकर सीरीज गंवाने वाली पाकिस्तान क्रिकेट टीम की हालत एजबेस्टन में खेले जा रहे तीसरे और आखिरी टेस्ट मैच में भी काफी पतली थी। पहली पारी में मात्र 133 के स्कोर पर ढेर होने के बाद इंग्लैंड ने 453 रन बोर्ड पर लगा दिए थे। 320 रनों से पिछड़ रही पाकिस्तान की बैटिंग को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा था कि तीसरे ही दिन यह मैच खत्म हो जाएगा। मगर पाकिस्तान के बल्लेबाजों ने दमखम दिखाते हुए अपनी दूसरी पारी में 449 रन बोर्ड पर लगाकर, इंग्लैंड के सामने जीत के लिए 130 रनों का टारगेट रखा। इस दौरान बाबर आजम समेत 4 बल्लेबाजों ने फिफ्टी लगाई।
बाबर आजम फिर शतक से चूके
चोटिल होने की वजह से सीरीज का पहला मैच ना खेलने वाले बाबर आजम ने पिछली तीन पारियों में दहाई का आंकड़ा तक नहीं छुआ था, मगर जब टीम पूरी तरह से नीचे लगी हुई थी, तब उन्होंने 76 रनों की पारी खेल टीम की लाज बचाने में अहम रोल अदा किया। अपनी इस पारी में उन्होंने 11 चौके और 1 गगनचुंबी छक्के भी लगाया। हालांकि वह इस बार भी शतक से चूक गए। बाबर आजम को टेस्ट क्रिकेट में शतक लगाए 40 पारियां हो गईं हैं। उन्होंने आखिरी टेस्ट शतक दिसंबर 2022 में लगाया था।
विराट कोहली-रिकी पोंटिंग के साथ जुड़ा बाबर आजम का नाम
हालांकि, बाबर आजम ने अपनी इस 76 रनों की पारी के दम पर एक बड़ा कारनामा किया। उन्होंने बतौर कप्तान इंटरनेशनल क्रिकेट में 7000 रन पूरे किए और विराट कोहली और रिकी पोंटिंग जैसे दिग्गजों की लिस्ट में शुमार हो गए। बाबर इंटरनेशनल क्रिकेट में बतौर कप्तान 7000 रन का आंकड़ा पार करने वाले 16वें और पाकिस्तान के दूसरे कप्तान हैं। आइए देखते हैं पूरी लिस्ट-
बतौर कप्तान इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन (औसत)
बतौर कप्तान इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज रिकी पोंटिंग के नाम है। उन्होंने अपनी टीम की कप्तानी करते हुए 15 हजार से अधिक रन बनाए हैं। वह 15 हजार रन का आंकड़ा पार करने वाले इकलौते कप्तान हैं। वहीं विराट कोहली, ग्रीम स्मिथ, स्टीफन फ्लेमिंग और एमएस धोनी जैसे दिग्गज टॉप-5 में मौजूदा हैं।
15440 - रिकी पोंटिंग (45.54)
14878 - ग्रीम स्मिथ (43.12)
12883 - विराट कोहली (59.92)
11561 - स्टीफन फ्लेमिंग (35.68)
11207 - एमएस धोनी (46.89)
11062 - एलन बॉर्डर (41.27)
9541 - केन विलियमसन (47.46)
8726 - अर्जुन रणतुंगा (37.13)
8410 - ब्रायन लारा (45.45)
7673 - महेला जयवर्धने (41.70)
7665 - सौरव गांगुली (38.32)
7392 - मिस्बाह-उल-हक (48.31)
7372 - एलेस्टेयर कुक (43.36)
7149 - क्लाइव लॉयड (47.66)
7060 - माइकल क्लार्क (47.38)
7000 - बाबर आजम (47.30)*



