
BBL में बाबर आजम की भारी बेइज्जती; डेविड वॉर्नर और गिलक्रिस्ट ने उड़ाया मजाक
कमेंट्री करते हुए डेविड वॉर्नर ने गिलक्रिस्ट से पूछा, गिली, आपको क्या लगता है बाबर को बीबीएल में क्यों चुना गया? इस पर गिलक्रिस्ट ने जवाब दिया, क्योंकि ऑस्ट्रेलियाई लोगों को टेस्ट क्रिकेट देखना पसंद है और बाबर आजम एकमात्र ऐसे खिलाड़ी हैं जो तीनों फॉर्मेट को टेस्ट क्रिकेट की तरह खेलते हैं।
पाकिस्तानी स्टार बल्लेबाज बाबर आजम के लिए बिग बैश लीग (BBL) 2025-26 का सीजन अब तक काफी चुनौतीपूर्ण और निराशाजनक रहा है। मैदान पर उनके बल्ले की खामोशी और धीमी बल्लेबाजी की शैली अब दिग्गज ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटरों के बीच तीखी चर्चा और कटाक्ष का विषय बन गई है। हाल ही में कमेंट्री के दौरान डेविड वॉर्नर और एडम गिलक्रिस्ट ने बाबर के प्रदर्शन पर जो टिप्पणी की, उसने सोशल मीडिया पर एक नई बहस छेड़ दी है।
वॉर्नर और गिलक्रिस्ट का तीखा कटाक्ष
मैच के दौरान कमेंट्री करते हुए डेविड वॉर्नर ने एडम गिलक्रिस्ट से एक चुभता हुआ सवाल पूछा। वॉर्नर ने कहा, "गिली, आपको क्या लगता है बाबर को बीबीएल में क्यों चुना गया?" इस पर गिलक्रिस्ट ने कटाक्ष करते हुए जवाब दिया, "क्योंकि ऑस्ट्रेलियाई लोगों को टेस्ट क्रिकेट देखना पसंद है और बाबर आजम एकमात्र ऐसे खिलाड़ी हैं जो तीनों फॉर्मेट को टेस्ट क्रिकेट की तरह खेलते हैं।" गिलक्रिस्ट की यह टिप्पणी बाबर के टी-20 क्रिकेट में लगातार धीमी गति से बल्लेबाजी करने पर आई।
लगातार फेल हो रहे हैं बाबर आजम
बीबीएल में इस सीजन बाबर आजम का बल्ला पूरी तरह शांत रहा है। उन्होंने अब तक 8 मैचों में शिरकत की है, जिसमें वह केवल 154 रन ही बना सके हैं। उन्होंने 2(5), 9(10), 58(42), 2(7), 58*(46), 2(7), 14(17), और 9*(14) रनों की पारियां खेली हैं। हालांकि दाएं हाथ के बल्लेबाज ने दो अर्धशतक भी लगाए हैं, लेकिन बाकी पारियों में वह दहाई का आंकड़ा छूने के लिए भी संघर्ष करते दिखे हैं।
सबसे कम स्ट्राइक रेट का शर्मनाक रिकॉर्ड
बाबर आजम की सबसे बड़ी समस्या टी-20 क्रिकेट में उनकी धीमी स्ट्राइक रेट है। बीबीएल 2025-26 में उनका स्ट्राइक रेट महज 104 का है। यह इस सीजन में किसी भी बल्लेबाज द्वारा दर्ज किया गया सबसे कम स्ट्राइक रेट है। टी20 जैसे प्रारूप में जहां बल्लेबाज हर गेंद पर प्रहार करने की कोशिश करते हैं, बाबर का यह धीमा स्ट्राइक रेट उनकी टीम की रन गति को काफी प्रभावित करता है और टीम को कई बार हार का भी मुंह देखना पड़ता है। साथ ही साथ पूरी दुनिया में अब उनका मजाक भी बन रहा है। सोशल मीडिया पर क्रिकेट प्रशंसक तरह-तरह की प्रतिक्रिया भी दे रहे हैं।






