बाबर आजम ने खोल दी पाकिस्तान की पोल, 7 प्लेयर्स और हेड कोच को उनसे बिना पूछे हटाया गया
इंग्लैंड के खिलाफ बर्मिंघम में खेले जाने वाले तीसरे टेस्ट मैच से पहले पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने अपने क्रिकेट बोर्ड की कलई खोल दी है। 7 खिलाड़ियों, हेड कोच, बॉलिंग कोच को हटाने के फैसले में पीसीबी ने कप्तान से सलाह तक लेना उचित नहीं समझा।

पाकिस्तान क्रिकेट मौजूदा समय में उथल-पुथल नहीं बल्कि भूचाल के दौर से गुजर रहा है। इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में मिली 194 रनों की हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने बड़ा फैसला लेते हुए 7 खिलाड़ियों को घर वापस बुला लिया। मुख्य कोच और गेंदबाजी कोच को भी हटा दिया गया। इतना ही नहीं, अब पीसीबी ने अनुशासनात्मक जांच भी संबंधित खिलाड़ियों और स्टाफ पर बिठा दी है। इन तमाम बाहरी परिस्थितियों के साथ ही पाकिस्तान की टीम को बुधवार, 9 सितंबर से मैदान पर तीसरा टेस्ट मैच खेलने उतरना है। ऐसे में उस कप्तान पर क्या दबाव होना स्वाभाविक है, जिसने सीरीज में अब तक अच्छा प्रदर्शन बल्ले और कप्तानी दोनों से नहीं किया है। पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने बर्मिंघम में खेले जाने वाले तीसरे टेस्ट मैच की पूर्व संध्या पर पत्रकारों से बात करते हुए उनके तमाम तीखे सवालों के जवाब दिए और कई तरह की चुप्पियों पर प्रतिक्रिया दी।
मीडिया से बात करते हुए बाबर बोले, मुझसे सलाह नहीं ली गई
एडजबेस्टन टेस्ट से पहले मीडिया का सामना करते हुए बाबर से न केवल पाकिस्तान की मैदान से बाहर की उथल-पुथल के बारे में पूछा गया, बल्कि उनके अपने प्रदर्शन के बारे में भी सवाल किए गए। उनके जवाबों से एक बात स्पष्ट हो गई कि लॉर्ड्स में हार के बाद पीसीबी द्वारा टीम में किए गए बदलावों में उनकी लगभग कोई भूमिका नहीं थी। जब बाबर से पूछा गया कि क्या उन्हें दूसरे टेस्ट के बाद होने वाले बड़े बदलावों की जानकारी थी और क्या वे इन बदलावों को करने में शामिल थे, तो उन्होंने कहा- “मुझसे सलाह नहीं ली गई थी। यह मेरे लिए भी नई बात थी। मुझे इन सब बातों के बारे में बाद में ही पता चला। पीसीबी ने ये फैसले लिए हैं, इसलिए वे आपको बेहतर तरीके से समझा सकते हैं।”
फैसला सुनने के बाद हैरान हुए कप्तान
इसके बाद पाकिस्तानी कप्तान से पूछा गया कि सात खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ के सदस्यों को घर भेजे जाने वाले हफ्ते से निपटना कितना मुश्किल रहा। बाबर ने जवाब दिया, "मुश्किल नहीं, लेकिन हैरानी की बात थी।" जब उनसे दोबारा सीधे यही सवाल पूछा गया कि क्या खिलाड़ियों को पाकिस्तान वापस भेजने के फैसले समेत किसी भी निर्णय में उनकी कोई भूमिका थी, तो उनका जवाब और भी संक्षिप्त था। "नहीं।"
अपने प्रदर्शन पर दिया करारा जवाब
बाबर के कप्तान और बल्लेबाज के रूप में योगदान पर सवाल उठने पर बहस और तीखी हो गई। अपने प्रदर्शन के बारे में पूछे गए एक सवाल का जवाब देते हुए बाबर ने वेस्टइंडीज में पाकिस्तान के पिछले टेस्ट दौरे का जिक्र किया। बाबर ने कहा, "अगर आप मेरे प्रदर्शन की बात करें, तो मुझे लगता है कि वेस्टइंडीज के खिलाफ कप्तान के तौर पर मैं 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' था।" बाबर वेस्ट इंडीज के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे। उन्होंने चार पारियों में 96.50 के औसत से 193 रन बनाए। पाकिस्तान पहला टेस्ट हार गया, लेकिन दूसरे टेस्ट में आठ विकेट से जीत हासिल करके सीरीज 1-1 से बराबर कर ली। इस सीरीज में बाबर को प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार मिला। हालांकि, यह सत्य है कि इंग्लैंड में अब तक बाबर की वो फॉर्म बरकरार नहीं रही है। हालांकि हेडिंग्ली टेस्ट में में चोट के कारण वे बाहर हो गए थे। उन्होंने सीरीज में सिर्फ एक ही टेस्ट खेला है। लॉर्ड्स में उनके आठ और छह रन ने आखिरी टेस्ट से पहले उन पर दबाव बढ़ा दिया है। बाबर से पीसीबी द्वारा हाल ही में घोषित अनुशासनात्मक जांच के बारे में भी सवाल किए गए, लेकिन उन्होंने एक बार फिर कहा कि उन्हें बोर्ड की जांच के बारे में कुछ भी पता नहीं है। उन्होंने कहा, "नहीं, मुझे कोई जानकारी नहीं है।"
पाकिस्तान सीरीज में 0-2 से है पीछे
बता दें कि तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में पाकिस्तान इंग्लैंड से 0-2 से बुरी तरह पिछड़ रहा है और सीरीज के क्लीन स्वीप होने पर भी खतरा है। इंग्लैंड ने हेडिंग्ली में पहला टेस्ट एक पारी और 103 रनों से जीता और फिर लॉर्ड्स में पाकिस्तान को 194 रनों से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली।



