ऑस्ट्रेलिया को T20 WC में दूसरी बार लगा 440 वोल्ट का करंट, एक नजर में देखें 19 सालों का प्रदर्शन
ऑस्ट्रेलिया का टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पत्ता कट गया है। ऑस्ट्रेलिया टूर्नामेंट में ग्रुप बी का हिस्सा है। ऑस्ट्रेलिया को दूसरी बार ग्रुप चरण से बाहर होना पड़ा है।

ऑस्ट्रेलियाई टीम जब किसी आईसीसी टूर्नामेंट उतरती है तो उसे खिताब का प्रबल दावेदार माना जाता है। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया की हालत आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के दसवें संस्करण में खस्ता रही। ऑस्ट्रेलिया को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप स्टेज से ही बाहर होना पड़ गया। जिम्बाब्वे बनाम आयरलैंड मैच बारिश के कारण रद्द होने से ऑस्ट्रेलिया की उम्मीद समाप्त हो गईं। ग्रुप बी का हिस्सा ऑस्ट्रेलिया के तीन मैचों में महज दो अंक हैं। कंगारू टीम को सह-मेजबान श्रीलंका (तीन मैचों में 6 अंक) और जिम्बाब्वे (तीन मैचों में 5 अंक) के हाथों शिकस्त मिली। श्रीलंका ने ऑस्ट्रेलिया को आठ विकेट जबकि जिम्बाब्वे ने 23 रनों से धूल चटाई थी। ऑस्ट्रेलिया को अब तक एकमात्र जीत आयरलैंड के खिलाफ नसीब हुई है।
दूसरी बार लगा 440 वोल्ट का करंट
ऑस्ट्रेलिया का दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप के ग्रुप चरण से पत्ता कटा है। ऑस्ट्रेलिया ने पहली बार ग्रुप स्टेज से बाहर होने का 440 वोल्ट का करंट 2009 में झेला था। तब रिकी पोंटिंग की कप्तानी वाली कंगारू टीम अपने ग्रुप में एक भी मैच नहीं जी सकी थी। ऑस्ट्रेलिया ग्रुप में श्रीलंका और वेस्टइंडीज के बाद तीसरे स्थान पर रहा था। यह अभियान ऑस्ट्रेलिया के व्हाइट बॉल इतिहास के सबसे हैरान करने वाले चैप्टर्स में से एक है। डेविड वॉर्नर, शेन वॉटसन, माइकल क्लार्क और माइक हसी जैसे स्टार खिलाड़ियों के बावजूद टीम की जीत का खाता नहीं खुला था।
सिर्फ एक बार ऑस्ट्रेलिया बना चैंपियन
ऑस्ट्रेलिया ने छह वनडे वर्ल्ड जीते हैं, जो किसी भी टीम द्वारा सर्वाधिक हैं। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया टी20 वर्ल्ड कप में अभी तक सिर्फ एक बार ही चैंपियन बना है। ऑस्ट्रेलिया ने 2021 में आयोजित टी20 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड को फाइनल में आठ विकेट से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया था। सबसे छोटे फॉर्मेट के वर्ल्ड कप में कंगारू टीम ने दो बार सेमीफाइनल तक का सफर तय किया है। बता दें कि चोटों से जूझ रही ऑस्ट्रेलियाई टीम टूर्नामेंट के दसवें संस्करण में बेहद कमजोर नजर आई। अनफिट होने की वजह से पैट कमिंस और जोश हेजलवुड नहीं खेले। क्रिकेट आस्ट्रेलिया ने कहा था कि हेजलवुड टूर्नामेंट के बीच में या आखिर में टीम से जुड़ेंगे लेकिन ऐसा हुआ नहीं।
आखिरी मैच में ओमान से भिड़ेगा AUS
हेजलवुड की जगह बल्लेबाज स्टीव स्मिथ को स्क्वॉड में शामिल किया गया। मिचेल स्टार्क के टी20 इंटरनेशनल से संन्यास लेने से टीम को स्टार गेंदबाज की सेवाएं नहीं मिली, जो हर तरह की परिस्थितियों में खेलने में माहिर हैं। वहीं, ऑस्ट्रेलिया टी20 टीम के नियमित कप्तान और ऑलराउंडर मिचेल मार्श चोटिल होने की वजह से आयरलैंड और जिम्बाब्वे के खिलाफ मैदान पर नहीं उतरे थे। उन्होंने श्रीलंका मैच में (27 गेंदों में 54) तूफानी अर्धशतकीय पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया अपना आखिरी ग्रुप मैच में 20 फरवरी को ओमान के विरुद्ध खेलेगा। यहां एक नजर में ऑस्ट्रेलिया का टी20 वर्ल्ड कप में 19 सालों का प्रदर्शन देखें…
टी20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया
2007 - सेमीफाइनल
2009 - ग्रुप स्टेज
2010 - उपविजेता
2012 - सेमीफाइनल
2014 - सुपर 10
2016 - सुपर 10
2021 - विजेता
2022 - सुपर 12
2024 - सुपर 8
2026 - ग्रुप स्टेज

लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय





