T20 World Cup 2026 में स्टीव स्मिथ की वाइल्ड कार्ड एंट्री? ऑस्ट्रेलिया को लग रहे झटके पर झटके
T20 World Cup 2026 के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम में चोटिल खिलाड़ियों की वजह से दिक्कत हो रही है। स्टीव स्मिथ को टीम में शामिल किया जा सकता है। कप्तान मिचेल मार्श चोटिल हैं। उनकी जगह ट्रैविस हेड कप्तानी कर रहे हैं।
चोटिल खिलाड़ियों की समस्या से जूझ रही ऑस्ट्रेलिया की टीम श्रीलंका के खिलाफ सोमवार को पल्लेकेले में होने वाले टी20 विश्व कप ग्रुप बी के महत्वपूर्ण मुकाबले में बिना किसी अगर मगर के सुपर आठ में पहुंचने की अपनी उम्मीद जीवित रखने के लिए अनुभवी स्टीव स्मिथ को टीम में शामिल करने पर विचार कर सकती है। पिछले मैच में जिम्बाब्वे से 23 रन की हार के बाद ऑस्ट्रेलिया पर टूर्नामेंट से जल्दी बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है। अब उन्हें सुपर आठ में पहुंचने के लिए ओमान और श्रीलंका के खिलाफ अपने दोनों ग्रुप मैचों में जीत हासिल करनी होगी, ताकि वे अन्य टीमों परिणामों पर निर्भर न रहें।
ऑस्ट्रेलिया फिलहाल ग्रुप बी में पॉइंट्स टेबल में दो मैचों में दो अंक के साथ तीसरे स्थान पर है। कुछ प्रमुख खिलाड़ियों की अनुपस्थिति में खेल रही 2021 की चैंपियन टीम जिम्बाब्वे के खिलाफ शीर्ष क्रम के नाटकीय पतन के बाद 146 रन पर आउट हो गई थी। कप्तान मिचेल मार्श चोटिल होने के कारण लगातार दूसरे मैच में नहीं खेल पाए। स्मिथ को मार्श के कवर के तौर पर टीम में शामिल किया गया है। इस 36 वर्षीय खिलाड़ी को हालांकि अभी तक आधिकारिक तौर पर 15 सदस्यीय टीम में शामिल नहीं किया गया है।
ये भी पढ़ेंः न्यूजीलैंड को साउथ अफ्रीका के खिलाफ क्यों मिली करारी हार? ऑलराउंडर डैरिल मिचेल ने बताया कारण
ऑस्ट्रेलिया उन्हें बिना किसी खिलाड़ी को बदले टीम में शामिल कर सकता है, क्योंकि तेज गेंदबाज जोश हेज़लवुड के चोट के कारण बाहर होने के बाद उनके पास एक स्थान खाली है। स्पिन के खिलाफ स्मिथ का अच्छा रिकॉर्ड और इस प्रारूप में उनका हाल का शानदार प्रदर्शन टीम में शामिल किए जाने पर ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी को मजबूती प्रदान कर सकता है। ऑस्ट्रेलिया के लिए यह राहत की बात है कि ऑलराउंडर मार्कस स्टोइनिस को पिछले मैच में अपने बाएं हाथ पर लगी चोट के बाद फिट घोषित कर दिया गया है।
ऑस्ट्रेलिया को संन्यास ले चुके मिचेल स्टार्क, चोटिल पैट कमिंस और हेज़लवुड की तेज गेंदबाजी तिकड़ी की कमी भी महसूस हो रही है। नाथन एलिस ने प्रभावित किया है लेकिन बाएं हाथ के तेज गेंदबाज बेन ड्वार्शियस और जेवियर बार्टलेट महंगे साबित हुए हैं, लेकिन अगर कोई टीम हालात को पलट सकती है तो वह ऑस्ट्रेलिया है। ऑस्ट्रेलिया की इस टीम को भारत में हुए 2023 वनडे विश्व कप के दौरान भी ऐसी ही स्थिति का सामना करना पड़ा था। उस समय भी श्रीलंका के खिलाफ मिली जीत ने उनके लिए हालात बदल दिए, जिसके बाद उन्होंने फाइनल समेत नौ मैच जीतकर ट्रॉफी अपने नाम की थी।
ये भी पढ़ेंः T20 वर्ल्ड कप में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले कप्तान, एडेन मार्करम ने सूर्यकुमार यादव को पछाड़ा
जिम्बाब्वे से हार के बाद कार्यवाहक कप्तान ट्रैविस हेड ने कहा था, ''हम पहले भी ऐसी स्थिति का सामना कर चुके हैं। हमने 2023 में कुछ हार और चोटों के कारण पहले भी इस तरह की स्थिति देखी है। हमारे पास यहां कुछ ऐसे खिलाड़ी हैं जो 2023 में भारत में खेल चुके हैं और हम इस स्थिति से निपटने और उस रणनीति का उपयोग करने की कोशिश करेंगे।'' दूसरी ओर सह-मेजबान श्रीलंका ओमान और आयरलैंड के खिलाफ आसान जीत के साथ ग्रुप में शीर्ष पर है।
हालांकि, उसे भी एक झटका लगा है। उसके स्टार स्पिनर वानिंदु हसरंगा हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। उनकी अनुपस्थिति में श्रीलंका घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाने के लिए महेश तीक्षना और बाएं हाथ के स्पिनर दुनीत वेलालेज पर काफी हद तक निर्भर रहेगा।
टीम इस प्रकार हैं:
ऑस्ट्रेलिया: मिचेल मार्श (कप्तान), जेवियर बार्टलेट, कूपर कॉनॉली, टिम डेविड, बेन ड्वार्शियस, कैमरन ग्रीन, नाथन एलिस, जोश हेजलवुड, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, मैथ्यू कुहनेमैन, ग्लेन मैक्सवेल, मैथ्यू रेनशॉ, मार्कस स्टोइनिस, एडम ज़म्पा, स्टीव स्मिथ (मिचेल मार्श के कवर के रूप में)।
श्रीलंका: दासुन शनाका (कप्तान), पथुम निसांका, कामिल मिशारा, कुसल मेंडिस, कामिंडु मेंडिस, कुसल जेनिथ परेरा, चैरिथ असलांका, जेनिथ लियानागे, पवन रथनायके, डुनिथ वेललागे, महेश तीक्षना, दुष्मंथा चमीरा, मथीशा पथिराना, प्रमोद मदुशन, दुशान हेमंथा।
मैच भारतीय समयानुसार शाम सात बजे शुरू होगा।

लेखक के बारे में
Vikash Gaurविकाश गौड़: डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर कम असिस्टेंट मैनेजर, स्पोर्ट्स
संक्षिप्त विवरण:
विकाश गौड़ पिछले 8 वर्षों से हिंदी डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) के स्पोर्ट्स सेक्शन में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर (असिस्टेंट मैनेजर) के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
विस्तृत बायो:
परिचय और अनुभव: विकाश गौड़ भारतीय डिजिटल स्पोर्ट्स मीडिया का एक उभरता हुआ चेहरा हैं। लगभग 8 वर्षों के अनुभव के साथ, विकाश ने डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को जमीन से समझा है। 2016 में अपने करियर की शुरुआत करने वाले विकाश ने डिजिटल-फर्स्ट अप्रोच के साथ खेल पत्रकारिता में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। जनवरी 2021 से वह 'लाइव हिन्दुस्तान' की स्पोर्ट्स टीम के मुख्य स्तंभ बने हुए हैं, जहां वह कंटेंट प्लानिंग और स्पोर्ट्स कवरेज का नेतृत्व करते हैं।
करियर का सफर:
मंगलायतन विश्वविद्यालय, अलीगढ़ से पत्रकारिता का ककहरा सीखने के बाद विकाश का सफर 'खबर नॉन स्टॉप' से शुरू हुआ था, जो अब देश के प्रतिष्ठित मीडिया घरानों तक फैला हुआ है। उन्होंने पत्रिका समूह की वेबसाइट 'कैच न्यूज' में खेल की खबरों की तकनीकी समझ विकसित की। इसके बाद 'डेली हंट' में वीडियो प्रोड्यूसर के तौर पर काम करते हुए उन्होंने विजुअल स्टोरीटेलिंग के गुर सीखे। 'दैनिक जागरण' की वेबसाइट में करीब ढाई साल तक खेल डेस्क पर अपनी धार तेज करने के बाद, उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान का रुख किया, जहां वे बीते 4 साल से चौके-छक्के लगा रहे हैं। इंटर्न के तौर पर प्रिंट की समझ हासिल कर चुके विकाश गौड़ के पास अब डिजिटल की अच्छी समझ है और वे ट्रेंड को बखूबी फॉलो करते हैं।
खेल जगत की कवरेज और विशेषज्ञता:
अपने अब तक के करियर में विकाश ने दुनिया के कई बड़े खेल आयोजनों को डेस्क और फील्ड पर रहकर कवर किया है। उनकी विशेषज्ञता केवल क्रिकेट तक सीमित नहीं है, बल्कि वह मल्टी-स्पोर्ट्स इवेंट्स की भी गहरी समझ रखते हैं। उन्होंने निम्नलिखित प्रमुख आयोजनों का व्यापक विश्लेषण और रिपोर्टिंग की है:
क्रिकेट:आईसीसी क्रिकेट विश्व कप, आईपीएल और द्विपक्षीय सीरीज।
ग्लोबल इवेंट्स: ओलंपिक गेम्स, राष्ट्रमंडल खेल और एशियाई खेल
पत्रकारिता का दृष्टिकोण:
विकाश का मानना है कि खेल पत्रकारिता केवल स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह खिलाड़ियों के संघर्ष, खेल की रणनीति और डेटा के पीछे छिपी कहानी को पाठकों तक पहुंचाने का माध्यम है। लाइव हिन्दुस्तान में अपनी भूमिका में वह सुनिश्चित करते हैं कि खेल की खबरें सटीक, तेज और निष्पक्ष हों, जिससे पाठकों को एक संपूर्ण अनुभव मिल सके।
विशेषज्ञता:
क्रिकेट विश्लेषण एवं लाइव कवरेज
ओलंपिक एवं ग्लोबल स्पोर्ट्स इवेंट्स
इंटरव्यू एवं मीडिया इंटरैक्शन
स्पोर्ट्स डेटा एंड स्टेटिस्टिक्स
डिजिटल कंटेंट स्ट्रेटेजी एंड टीम मैनेजमेंट
ट्विटर प्रोफाइल
लिंक्डइन और पढ़ें





