स्टीव स्मिथ की कप्तानी में पहली बार हुई ये 'अनहोनी', एशेज टेस्ट हारी ऑस्ट्रेलियाई टीम
स्टीव स्मिथ की कप्तानी में पहली बार एक 'अनहोनी' हुई है। एशेज टेस्ट ऑस्ट्रेलियाई टीम पहली बार स्टीव स्मिथ की कप्तानी में हारी है। जीत या कम से कम ड्रॉ का सिलसिला बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच में आकर थम गया।
क्रिकेट की सबसे प्रतिष्ठित जंग यानी एशेज को एक बार फिर से ऑस्ट्रेलिया ने जीता है, लेकिन सीरीज के चौथे मैच में शनिवार 27 दिसंबर को इंग्लैंड ने जीत दर्ज की। 3-1 से अभी भी ऑस्ट्रेलिया सीरीज में अजेय बढ़त बनाए हुए हैं। हालांकि, मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड यानी MCG पर खेले गए चौथे टेस्ट मैच में इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को 4 विकेट से हरा दिया। यह हार न केवल ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए निराशाजनक रही, बल्कि कार्यवाहक कप्तान स्टीव स्मिथ के लिए भी मनहूस साबित हुई। स्टीव स्मिथ के एक शानदार रिकॉर्ड पर भी विराम लग गया, जो उन्होंने पिछले 8 सालों में कायम कर रखा था।
दरअसल, स्टीव स्मिथ की कप्तानी में पहली बार ऑस्ट्रेलिया की टीम को एशेज सीरीज के मैच में हार मिली है। पैट कमिंस की अनुपस्थिति में टीम की कमान संभालने वाले स्टीव स्मिथ ने ऑस्ट्रेलिया को दो टेस्ट जिता दिए थे। तीसरे मैच में पैट कमिंस ने कप्तानी की, लेकिन चोट से बचने के लिए वे चौथे और पांचवें टेस्ट से बाहर हैं। ऐसे में कप्तानी फिर से स्टीव स्मिथ को करनी पड़ी, लेकिन पहली बार एशेज टेस्ट में बतौर कप्तान स्टीव स्मिथ को हार मिली है। उनका अजेय टूट गया है, जो साल 2017 से अब तक चला आ रहा था।
स्मिथ ने जब भी किसी एशेज टेस्ट मैच में कप्तानी की तो उन मैचों में या तो ऑस्ट्रेलिया को जीत मिली या फिर मुकाबला ड्रॉ पर खत्म हुआ था। हालांकि, मेलबर्न की चुनौतीपूर्ण पिच पर इंग्लैंड के गेंदबाजों ने स्मिथ की इस 'अजेय' बादशाहत को खत्म कर दिया। इस मैच में दोनों टीमों के गेंदबाजों का दबदबा रहा। दो दिन में 36 विकेट गिर गए, लेकिन बाजी ऑस्ट्रेलिया के हाथ से फिसल गई। एशेज में स्टीव स्मिथ के कैप्टेंसी रिकॉर्ड की बात करें तो उन्होंने अब तक 9 एशेज टेस्ट मैचों में ऑस्ट्रेलिया की टीम की कप्तानी की है, जिनमें से 7 मैचों में टीम को जीत मिली है और एक मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ था। एक मुकाबले में हार मिली है, जो एमएसजी में खेला गया बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच था।

एशेज में स्टीव स्मिथ का रिकॉर्ड बतौर कप्तान
2017: ब्रिस्बेन में जीत
2017: पर्थ (WACA) में जीत
2017: सिडनी में जीत
2017: मेलबर्न(MCG) में ड्रॉ
2021: एडिलेड में जीत
2025: पर्थ में जीत
2025: ब्रिस्बेन (गाबा) में जीत
2025: मेलबर्न में पहली हार






