ट्रेविस हेड ने गेंदबाजों की बजाई बैंड, जिम्बाब्वे के खिलाफ सबसे तेज शतक लगाने वाले ऑस्ट्रेलियाई बने
ट्रेविस हेड ने शुक्रवार को जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे वनडे में अपना 8वां वनडे शतक लगाया। वह जिम्बाब्वे के खिलाफ सबसे तेज शतक लगाने वाले ऑस्ट्रेलिया बल्लेबाज भी बने।

ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज ट्रेविस हेड ने शुक्रवार को जिम्बाब्वे के खिलाफ मुकाबले में शतक लगाया। उन्होंने 84 गेंद में 112 रन की पारी खेली। हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले जा रहे मुकाबले में ट्रेविस हेड ने अपने वनडे करियर का 8वां शतक लगाया। इसके साथ ही हेड ने एक बड़ी उपलब्धि भी हासिल की। उन्होंने कप्तान मिचेल मार्श के साथ मिलकर टीम को धमाकेदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 130 रन जोड़े। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 59 रनों से जीता था और सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई।
ट्रेविस हेड ने लगाया शतक
सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड जिम्बाब्वे के खिलाफ सबसे तेज शतक लगाने वाले ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने टीम के साथी मैथ्यू रेनशॉ का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने पहले मुकाबले में 86 गेंदों में शतक लगाया था। ट्रेविस हेड ने शुक्रवार को दूसरे मुकाबले में 75 गेंदों में शतक पूरा किया। हेड का ये 20वां इंटरनेशनल शतक है। वहीं उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए जब-जब भी शतक लगाया है, टीम ने कभी भी मुकाबला नहीं गंवाया है। उन्होंने अब तक 18 शतक उन मैचों में लगाए हैं, जिनमें ऑस्ट्रेलिया को जीत मिली है, जबकि एक मैच ड्रॉ रहा था। जिम्बाब्वे के खिलाफ मुकाबला खबर लिखे जाने तक जारी है।
ट्रेविस हेड और कप्तान मिचेल मार्श ने दूसरे वनडे में ऑस्ट्रेलिया को बेहतरीन शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 114 गेंद में 130 रन की साझेदारी हुई। मार्श 63 गेंद में 53 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद ट्रेविस हेड 84 गेंद में 15 चौके और तीन छक्कों की मदद से 112 रन बनाकर आउट हुए।
पहला मैच ऑस्ट्रेलिया ने जीता
मैट रेनशॉ के करियर के पहले वनडे शतक और नाथन एलिस के पांच विकेट की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने पहले वनडे मैच में जिम्बाब्वे को 59 रन से हराकर तीन मैच की सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई। रेनशॉ ने 94 गेंद में 109 रन की शानदार पारी खेली जबकि कूपर कोनोली ने 51 रन बनाए। दोनों की शानदार पारियों से ऑस्ट्रेलिया ने 12 साल बाद जिम्बाब्वे में अपना पहला एकदिवसीय मुकाबला खेलते हुए आठ विकेट पर 294 रन बनाए। इसके जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 45.1 ओवर में 235 रन पर ऑल आउट हो गई।
एलिस ने 31 रन देकर पांच विकेट लिए।उन्होंने अपने पहले ही ओवर में दो विकेट चटकाए और फिर दोबारा गेंदबाजी में वापसी करते हुए जिम्बाब्वे के शीर्ष स्कोरर क्रेग इर्विन (59) को आउट कर ऑस्ट्रेलिया की जीत की राह आसान की। कप्तान सिकंदर रजा ने 76 गेंद में 57 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली लेकिन 36वें ओवर में स्पेंसर जॉनसन की सटीक यॉर्कर पर बोल्ड होने के बाद जिम्बाब्वे की जीत की उम्मीदें समाप्त हो गईं।


