
मिचेल स्टार्क ने वसीम अकरम का वर्ल्ड रिकॉर्ड किया चकनाचूर, टेस्ट में ऐसा करने वाले पहले बॉलर
ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने क्रिकेट इतिहास में एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। उन्होंने पाकिस्तान के दिग्गज वसीम अकरम का टेस्ट क्रिकेट में बतौर बाएं हाथ तेज गेंदबाज सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड तोड़ा है।
ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने गुरुवार को इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के दौरान एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। तेज गेंदबाज स्टार्क जारी एशेज सीरीज में शानदार फॉर्म में हैं। पर्थ में हुए पहले टेस्ट में 10 विकेट हासिल करने वाले स्टार्क ने दूसरे मैच में भी धमाकेदार शुरुआत की है। मिचेल स्टार्क ने पिंक बॉल टेस्ट के पहले दिन डिनर ब्रेक तक तीन विकेट झटक लिए हैं और इसी के साथ मिचेल स्टार्क टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में बतौर बाएं हाथ के गेंदबाज सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने पाकिस्तान के दिग्गज वसीम अकरम को पीछे छोड़ा।
स्टार तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने गुरुवार को इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में बेन डकेट, ओली पोप और हैरी ब्रूक को पवेलियन का रास्ता दिखाया है। स्टार्क ने हैरी ब्रूक को आउट करते हुए एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। वह बतौर बाएं हाथ के गेंदबाज टेस्ट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले खिलाड़ी बन गए। स्टार्क ने टेस्ट में 415 विकेट चटकाए हैं। उन्होंने पाकिस्तान के दिग्गज वसीम अकरम का रिकॉर्ड तोड़ा, जिनके नाम 414 विकेट हैं। इस लिस्ट में चमिंडा वास 355 विकेट के साथ तीसरे नंबर पर हैं। न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट के नाम 317 विकेट हैं। भारत के दिग्गज तेज गेंदबाज जहीर खान ने टेस्ट में 311 विकेट चटकाए हैं।
मिचेल स्टार्क जारी एशेज सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने तीन पारियों में अब तक 13 विकेट चटका लिए हैं। दूसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया के ही तेज गेंदबाज ब्रेंडन डागेट हैं, जिन्होंने तीन पारियों में 5 विकेट लिए हैं। इंग्लैंड के लिए कप्तान बेन स्टोक्स ने सबसे ज्यादा विकेट लिए हैं। उन्होंने दो पारियों में 5 विकेट लिए हैं। ऑस्ट्रेलिया ने पहला टेस्ट सिर्फ दो दिन में जीता था। इंग्लैंड की टीम को पहले मैच में 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था।
टेस्ट में बाएं हाथ के तेज गेंदबाज द्वारा सबसे ज्यादा विकेट
415 मिचेल स्टार्क
414 वसीम अकरम
355 चमिंडा वास
317 ट्रेंट बोल्ट
311 जहीर खान






