
मिचेल स्टार्क की आग उगलती गेंदबाजी, तोड़ जेम्स एंडरसन का रिकॉर्ड; एशेज में पूरे किए 100 विकेट
मिचेल स्टार्क ने एशेज 2025 की शानदार शुरुआत की। पहले 10 ओवर में इंग्लैंड को जैक क्रॉली, बेन डकेट और जो रूट के रूप में उन्होंने इंग्लैंड को तीन बड़े झटके दिए। इस आग उगलती गेंदबाजी के दम पर उन्होंने कई रिकॉर्ड्स तोड़े।
मिचेल स्टार्क की आग उगलती गेंदबाजी ने एशेज 2025 का शानदार आगाज किया है। ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच 5 मैच की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला पर्थ में खेला जा रहा है। इस मैच में इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला किया है, हालांकि उनका यह फैसला टीम के हित में नहीं रहा। मिचेल स्टार्क की कहर बरपाती गेंदबाजी ने इस फैसले को पहले 10 ओवरों में तो गलत साबित किया है। स्टार्क ने पहले ही ओवर में जैक क्रॉली का विकेट चटकाया, इसके बाद उन्होंने बेन डकेट और जो रूट के रूप में दो और बड़े झटके दिए। पहले 10 ओवर में इंग्लैंड 43 के स्कोर पर तीन विकेट खो चुके हैं।

पारी का पहला ओवर लेकर आए मिचेल स्टार्क पर हर किसी की नजरें थी। स्टार्क ने किसी को निराश नहीं किया। वह इस बार पहली गेंद पर तो नहीं, मगर पहले ओवर में विकेट चटकाने में कामयाब रहे। ओवर की आखिरी गेंद पर उन्होंने स्लिप में जैक क्रॉली को आउट कर ऑस्ट्रेलिया को पहली सफलता दिलाई।
स्टार्क ने पहले ओवर में विकेट के साथ जेम्स एंडरसन का भी रिकॉर्ड तोड़ा, वह अपने डेब्यू के बाद पहली पारी के पहले ओवर में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले गेंदबाज बन गए हैं।
टेस्ट मैच की पहली इनिंग के पहले ओवर में सबसे ज्यादा विकेट (मिशेल स्टार्क के डेब्यू के बाद से)
7 - मिचेल स्टार्क (40 ओवर)
6 - जेम्स एंडरसन (61)
5 - स्टुअर्ट ब्रॉड (13)
4 - केमार रोच (36)
इसके बाद 7वें ओवर में उन्होंने बेन डकेट को अपना शिकार बनाया। स्टार्क की रफ्तार को डकेट समझ नहीं पाए और गेंद सीधा आकर उनके पैर पर लगी। स्टार्क की जोरदार अपील के बाद अंपायर ने डकेट को आउट करार दिया और इंग्लैंड को दूसरा झटका लगा।
मिचेल स्टार्क यहीं नहीं रुके। 9वें ओवर की पांचवीं गेंद पर उन्होंने जो रूट को आउट कर ऑस्ट्रेलिया को सबसे बड़ी सफलता दिलाई। गेंद रूट के बल्ले का किनारा लेती हुई सीधी स्लिप में मार्नस लाबुशेन के हाथों में गई। जो रूट भी खाता नहीं खोल पाए। स्टार्क ने टेस्ट क्रिकेट में 9वीं बार जो रूट को आउट किया।
मिचेल स्टार्क ने अपने पहले 6 ओवर में 17 रन खर्च कर यह 3 विकेट चटकाए, इस दौरान उन्होंने 3 मेडन ओवर भी डाले। स्टार्क ने जो रूट के विकेट के साथ एशेज में 100 विकेट भी पूरे किए। मिचेल स्टार्क एशेज के इतिहास में 100 विकेट लेने वाले 21वें और पहले बाएं हाथ के तेज गेंदबाज बने हैं।






