
मुझे यह तुम्हें देते हुए...मिचेल स्टार्क के वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ने पर वसीम अकरम का आया रिएक्शन
पेसर मिचेल स्टार्क ने दूसरे एशेज टेस्ट में वसीम अकरम का वर्ल्ड कप रिकॉर्ड ध्वस्त किया। वह टेस्ट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले बाएं हाथ के तेज गेंदबाज बन गए हैं।
पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज पेसर वसीम अकरम ने मिचेल स्टार्क के हाथों अपना वर्ल्ड रिकॉर्ड टूटने पर रिएक्ट किया है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ तेज गेंदबाज पर गर्व है। स्टार्क टेस्ट क्रिकेट में वसीम को पछाड़कर सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले बाएं हाथ के तेज गेंदबाज बने हैं। उनके खाते में फिलहाल 102 टेस्ट मैचों में 418 विकेट हैं। वसीम ने अपने करियर में 104 मैचों में 414 शिकार किए। 35 वर्षीय स्टार्क ने गाबा में जारी ऑस्ट्रेलिया वर्सेस इंग्लैंड दूसरे एशेज एशेज टेस्ट में इतिहास रचा। उन्होंने डे-नाइट टेस्ट की पहली पारी में 20 ओवर में 75 रन देकर छह विकेट हासिल किए।
अकरम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, ''सुपर स्टार्क। दोस्त तुम पर गर्व है। तुम्हारी जबर्दस्त मेहनत तुम्हें सबसे अलग बनाती है। यह बस कुछ समय की बात थी कि तुम मेरे रिकॉर्ड को तोड़ दोगे। मुझे यह रिकॉर्ड तुम्हें देते हुए खुशी हो रही है। अच्छा करते रहो और अपने शानदार करियर में नई ऊंचाइयों पर पहुंचो।'' बता दें कि स्टार्क ने गाबा में हैरी ब्रूक (31) को आउट करने के बाद वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया। स्टार्क और अकरम के सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने वाले लेफ्ट आर्म सीमर्स की लिस्ट में चमिंडा वास (335), टिम साउदी (317) और जहीर खान (317) हैं।
इंग्लैंड ने गाबा में पहली पारी में 76.2 ओवर में 334 रन बनाए। दिग्गज बल्लेबाज जो रूट 138 रन बनाकर नाबाद रहे। यह उनका ऑस्ट्रेलिया की सरजमीं पर पहला शतक है। उन्होंने 11वें नंबर के बल्लेबाज जोफ्रा आर्चर के साथ अंतिम विकेट के लिए 70 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। रूट ने 206 गेंदों का सामना किया तथा 15 चौके और एक छक्का लगाया। आर्चर ने 36 गेंदों पर 38 रन बनाए, जो उनके करियर का सर्वोच्च टेस्ट स्कोर है। उनकी पारी में दो छक्के और दो चौके शामिल हैं। रूट के बाद सर्वाधिक रन सलामी बल्लेबाज जैक क्रॉली (93 गेंदों में 76) ने जुटाए। बेन डकेट और ओली पोप का खात नहीं खुला।






