AUS vs ENG: ऑस्ट्रेलिया ने निकाला ‘बैजबॉल’ का कचूमर, जीत की हैट्रिक लगाकर एशेज को किया रिटेन
ऑस्ट्रेलिया ने एडिलेड टेस्ट में इंग्लैंड को हराकर एशेज 2025 में जीत की हैट्रिक लगाई। इसी के साथ कंगारुओं ने सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली है। ऑस्ट्रेलिया की इस जीत के हीरो ऐलेक्स कैरी और ट्रैविस हेड रहे।

पैट कमिंस की अगुवाई वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम ने एडिलेड टेस्ट में इंग्लैंड को 82 रनों से हराया। इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने सिर्फ हैट्रिक पूरी नहीं की, बल्कि सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बनाई। 2013/14 से सीरीज तो छोड़ो इंग्लैंड ऑस्ट्रेलिया में एक टेस्ट मैच तक नहीं जीत पाया है। बेन स्टोक्स और ब्रैंडन मैक्कुलम के बैजबॉल को देखकर लगा था कि इस बार तो इंग्लैंड ऑस्ट्रेलिया को उनके घर पर टक्कर देगा, मगर इस सीरीज के दौरान अभी तक ऐसा कुछ देखने को नहीं मिला। ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड के सामने जीत के लिए 435 रनों का टारगेट रखा था, जिसके सामने इंग्लैंड की पूरी टीम 352 रनों पर सिमट गई। ऐलेक्स कैरी को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया।
ऑस्ट्रेलिया की घर पर पिछली 4 एशेज सीरीज
2013/14 में 5-0 से जीता
2017/18 में 4-0 से जीता
2021/22 में 4-0 से जीता
2025/26 में दो टेस्ट बाकी रहते 3-0 से आगे
बात तीसरे टेस्ट की करें तो, एडिलेड में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग चुनी थी। ऐलेक्स कैरी के शतक के दम पर मेजबान टीम 371 रन बोर्ड पर लगाने में कामयाब रही थी। इस स्कोर के सामने इंग्लैंड पहली पारी में 286 ही रन बना पाया। बेन स्टोक्स (86) को छोड़कर कोई बल्लेबाज 50 रन का आंकड़ा नहीं छू पाया।
दूसरी पारी में ऐलेक्स कैरी के साथ ट्रैविस हेड कहर बनकर इंग्लैंड पर बरसे, हेड ने 170 रनों की धुआंधार पारी खेल इंग्लैंड को पूरी तरह से बैकफुट पर धकेल दिया। वहीं कैरी ने एक बार फिर 50 रन का आंकड़ा पार किया और 72 रनों की पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया दूसरी पारी में 349 रन बना पाया।
इंग्लैंड के सामने 435 रनों का टारगेट था। खराब शुरुआत के बाद ही इंग्लैंड बैजबॉल अप्रोच छोड़ स्वभाविक टेस्ट क्रिकेट खेलने लगा था। ऑस्ट्रेलिया की यहीं जीत तय हो गई थी। जैक क्रली ने 85 और जेमी स्मिथ ने 60 रनों की पारी जरूर खेली, मगर वह टीम को जीता नहीं पाए। इंग्लैंड दूसरी पारी में 352 रनों पर सिमटा। मिचेल स्टार्क, पैट कमिंस और नाथन लायन ने इस दौरान 3-3 विकेट लिए।

लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ें



